उर्रा/मोतीपुर। उर्रा गांव निवासी एक युवक अपने पिता से दुकान खुलवाने की जिद कर रहा था। पिता बरसात बाद रुपये इकट्ठा कर दुकान खोलवाने की बात कहता था। इससे नाराज युवक घर से चला गया। तीन दिन तमोलिनपुरवा में रिश्तेदार के यहां रुका। इसके बाद पिता से फोन से बात की। पिता ने पुन: पैसे होने पर दुकान खोलवाने की बात कही। इससे नाराज युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोतीपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत उर्रा के मजरा बगिया निवासी रमेश मौर्य (20) पुत्र शंकर बेरोजगार था। उसने गांव में ही दुकान खोलवाने के लिए पिता शंकर मौर्य से गुजारिश की। शंकर ने बरसात का मौसम समाप्त होने पर रुपये इकट्ठा कर दुकान खुलवाने की बात कही। इससे क्षुब्ध होकर वह तमोलिनपुरवा गांव में स्थित रिश्तेदार के यहां चला गया। यहां पर वह तीन दिन रहा। इसके बाद बुधवार शाम को उसने पुन: पिता शंकर को फोन कर दुकान की स्थिति के बारे में जानकारी ली। पिता ने अभी रुपये न होने का हवाला दिया। इससे नाराज युवक गुरुवार सुबह बहराइच-मैलानी रेल प्रखंड पर चला गया। इसके बाद वह मिहींपुरवा रेलवे स्टेशन की पटरी पर ही लेट गया। सुबह आठ बजे के आसपास मैलानी से ट्रेन आ गई। जिससे कटकर उसकी मौत हो गई। सुबह खेत निकले लोगों ने सूचना पुलिस को दी। युवक के मोबाइल से उसकी पहचान की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक रमेश अपने पिता का इकलौता पुत्र था। परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।