बैंक लूट कांड-पैकेज स्टोरी
...आगे से हट जाओ वरना गोली मार दूंगा
भागते समय बदमाशों के हाथ से गिर गया था कैस बॉक्स
पकड़ने का प्रयास करने वाले युवकों को बदमाशों ने दी थी चेतावनी
उमानाथ तिवारी
गोंडा। मंगलवार की शाम करीब सवा पांच बजे रानी बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक के गार्ड सादिक की हत्या कर 50 लाख रुपये लूटने के बाद बाइक से भाग रहे बदमाशों के हाथ से कैश बॉक्स गिर गया था। कैश बॉक्स गिरने पर पास के ही कुछ युवकाें ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने चेतावनी दी कि रास्ते से हट जाओ वरना गोली मार दूंगा। आसपास के दुकानदारों के मुताबिक बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था जबकि पीछे बैठे युवक के हाथ में कैश बॉक्स था।
मंगलवार की देर शाम करीब सवा पांच बजे बाइक सवार दो लुटेराें ने बैंक के गार्ड सादिक अली को गोली मार दी थी और 50 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए थे। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे जिले में दहशत फैल गई। शहरे के सबसे व्यस्ततम बाजार में हुई इस घटना ने पुलिस के सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। इस इलाके में पुलिसकर्मियों की तैनाती पर गौर किया जाए तो बैंक से चंद कदम की दूरी पर जयनरायन चौराहे पर पुलिस की पिकेट तैनात रहती है। इसके अलावा अपाची टीम व डायल 100 की वैन भी आसपास ही मौजूद रहती है लेकिन घटना के वक्त यह सारे पुलिस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। बैंक के शाखा प्रबंधक की माने तो वारदात होने के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक लुटेरे पुलिस पकड़ से काफी दूर जा चुके थे। बैंक के आसपास के दुकानदारों का कहना है कि जब लुटेरे कैश बॉक्स लेकर भाग रहे थे तो हड़बड़ी में बॉक्स नीचे गिर गया था। जब पास में मौजूद कुछ युवक बदमाशों की तरफ लपके तो हवाई फायरिंग करते हुए बदमाशों ने गोली मार देने की चेतावनी दी। कुछ लोगों ने बदमाशों पर पथराव भी किया लेकिन हवा में दो गोलियां दाग वह भागने में कामयाब रहे। व्यापारियों का कहना है कि अगर पुलिस समय से मौके पर पहुंच जाती तो बदमाशों को पकड़ा जा सकता था।
भाषा के आधार पर बदमाशों की सिनाख्त में जुटी पुलिस
भागते समय बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रहे लोगों को बदमाशों ने जिस लहजें में हट जाने की चेतावनी दी पुलिस अब उसी को आधार बनाकर उनकी सिनाख्त करने में जुटी है। भाषा के आधार पर पुलिस ने दो जाति विशेष समुदायों पर अपनी नजर टिका दी है।
बर्तन की दुकान पर फेंकी गार्ड की बंदूक
बैंक के गार्ड को गोली मारने के बाद कैस बॉक्स लेकर भाग रहे दोनो बदमाशों ने गार्ड की बंदूक भी अपनी बाइक पर रख लिया था लेकिन बाइक चलाते समय बंदूक पकड़ने में उन्हें परेशानी हो रही थी। जब लोगों ने बदमाशों पर पथराव किया तो हड़बड़ी में उन्होंने बंदूक को पास की एक दुकान में फेंक दिया जिसे बाद में पुलिस को सौंप दिया गया।
बदमाशों का सुराग देने वाले को 50 हजार का ईनाम
गोंडा। देवी पाटन मंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक अनिल कुमार राय ने मंगलवार को रानी बाजार स्थित इलाहाबाद बैंक में गार्ड सादिक अली की हत्या कर 50 लाख रुपये की लूट करने वाले बदमाशों के खिलाफ सुराग देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। पुलिस भी इस घटना को बेहद गंभीरता से लेकर चल रही है। डीआईजी ने इस लूट व हत्या के मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया है।