मनकापुर (गोंडा)। एक व्यक्ति के घर बकाया मजदूरी मांगने गए मजदूर को लोहे के बेलचा से मार कर लहूलुहान कर दिया गया। बेहोशी की हालत में घायल को परिजन सीएचसी ला कर भर्ती कराए। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांदपुर लखपत राय निवासी राम बहादुर पुत्र ईश्वर दीन ने कोतवाली में लिखाई रिपोर्ट में कहा है कि उसका बेटा गोविंद(30) रविवार को दोपहर बाद बल्लीपुर गांव निवासी तिलक राम यादव के घर कैटरिंग कार्य की मजदूरी मांगने गया था। तिलक राम नाराज हो उठा और मजदूरी देने से मना कर दिया। लोहे के बेलचा से उसके सर पर मारकर लहूलुहान कर दिया।
सूचना पर परिजन 108 एंबुलेंस से सीएचसी लेकर आये। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी तिलकराम यादव पुत्र रक्षा राम यादव निवासी ग्राम बल्लीपुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाल श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि एक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया गया है। संवाद