लखनऊ। ट्रांसपोर्टनगर में मंगलवार को एक और इमारत में दरार आ गई। ऐसे में जान-माल के नुकसान के खतरे को देखते हुए एलडीए इसे भी सील करेगा। इसका विरोध जताते पर मालिक को 24 घंटे की मोहलत दी गई है। कहा गया है कि या तो स्ट्रक्चर इंजीनियर से मजबूती की रिपोर्ट लाओ, वरना बिल्डिंग छोड़ दो।
ट्रांसपोर्टनगर में शनिवार को इमारत के अचानक ढहने के बाद एलडीए ने रविवार को इसके पास की बिल्डिंग को सुरक्षा के लिहाज से सील किया था। फिर सोमवार को इसके ठीक पीछे की इमारत को भी सील कर दिया।
मंगलवार को पीछे की बिल्डिंग (शिफा ट्रेडिंग) में दरार आने की जानकारी पर टीम ने सुबह जांच की और बिल्डिंग खाली करने के लिए कहा। उधर, रविवार को संगीता भाटिया की जो इमारत सील हुई थी, उसका एक किरायेदार मंगलवार को एलडीए उपसचिव अतुल कृष्ण सिंह के पास पहुंचा। उसने बिल्डिंग से उसका दो करोड़ रुपये का सामान निकलवाने की मांग की। उसने बताया कि इमारत सील होने से काम ठप हो गया है। बताया कि बिल्डिंग के भूतल और पहली मंजिल को किराये पर लिया था, जिसमें वाटर पंप का स्टोर है। उपसचिव ने कहा, बिल्डिंग को खतरा है। ऐसे में वह एलडीए उपाध्यक्ष से मिलें और बिल्डिंग मालिक को लेकर जाएं। जैसा आदेश होगा, उस पर कार्रवाई होगी।