निर्धन किसानों को गोवंश दिया गया।
लखनऊ। गौ सेवा अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि गाय अब केवल पूज्य नहीं, बल्कि वैज्ञानिक शक्ति का स्रोत भी है। हर किसान को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक गाय जरूर पालना चाहिए। अध्यक्ष ने शुक्रवार को काकोरी विकासखंड क्षेत्र के तेजकिशनखेड़ा गांव में गोशाला में आयोजित समारोह और आयोग के सेमिनार को संबोधित करते हुए कहीं। अध्यक्ष ने समारोह में 31 गोवंश कुपोषण से प्रभावित निर्धन किसानों एवं परिवारों को सुपुर्द किया। उन्होंने यह भी कहा कि तेजकिशनखेड़ा गांव में गौ उत्पाद से बनने वाली वस्तुओं की ट्रेनिंग के लिए सेंटर भी खुलेगा। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुरेश कुमार ने किसानों को जहर मुक्त खेती करने की योजना के बारे में जानकारी दी। दिल्ली रामजस विश्वविद्यालय की सहायक अध्यापिका डॉ. सुचि वर्मा, प्रबुद्ध फाउंडेशन के निदेशक ओझा ने भी विचार रखे। इधर, इंदिरा भवन स्थित गोसेवा आयोग के कार्यालय में आयोजित सेमिनार में उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने कहा कि लखनऊ कान्हा उपवन गौशाला से बेरोजगारों को रोजगार मिल रहा है। सेमिनार को आयोग अध्यक्ष , डॉ. सुचि वर्मा के अलावा गौ रक्षक प्रकोष्ठ अनिकेत गिरी, संघ परिवार से वीरेंद्र ने संबोधित किया।