लखनऊ। अली कॉलोनी मंजू टंडन ढाल के पास एक गाय सोमवार को रहस्यमयी तरीके से एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर चढ़ गई। इस दृश्य को देखकर स्थानीय निवासी डर गए। नगर निगम की टीम ने गाय को 20 मिनट में सकुशल नीचे उतारकर उसकी जान बचाई।
स्थानीय पार्षद गुलशन अब्बास रिजवी ने बताया कि क्षेत्रवासियों ने उन्हें एक गाय के इमारत की चौथी मंजिल पर चढ़ने की जानकारी दी। कहा कि गाय को देखकर वे लोग भयभीत हो गए थे और अपने घरों से बाहर निकलने में असहज महसूस कर रहे थे। लोगों को आशंका थी कि कहीं गाय फिसलकर नीचे न गिर जाए, जिससे उसके साथ ही नीचे मौजूद लोगों की जान को भी खतरा हो सकता था। पार्षद ने इसकी सूचना नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा को दी।
इसके बाद पशु कल्याण अधिकारी ने विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कैटल कैचिंग दस्ते को भेजा, जिसने बेहद सतर्कता और सावधानी के साथ गाय को रेस्क्यू किया। इस दौरान न केवल गाय को सुरक्षित नीचे उतारा गया, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया गया कि क्षेत्र में किसी प्रकार की अफरातफरी या हादसा न हो। पशु कल्याण अधिकारी ने बताया कि रेस्क्यू के बाद गाय को नगर निगम की गोशाला में भेजा गया, जहां उसकी देखरेख और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।
चौथी मंजिल पर चढ़ी गाय।