रायबरेली। सुल्तानपुर जिले में सराफ डकैती कांड में शामिल एक अपराधी के सोमवार को कोर्ट में सरेंडर करने की सूचना मिलने पर दीवानी कचहरी छावनी में तब्दील रही। सात घंटे तक सुल्तानपुर और रायबरेली पुलिस उस अपराधी का इंतजार करती रही, लेकिन वह नहीं आया। ऐसे में सुल्तानपुर पुलिस लौट गई। जिस अपराधी के कोर्ट में सरेंडर करने की बात सामने आई थी, वह विपिन सिंह गैंग का सक्रिय बदमाश होना बताया जा रहा है।
सुल्तानपुुर शहर चौक के ठठेरी बाजार में सराफ भरतजी सोनी की दुकान में बुधवार को डकैती हुई थी। डकैती में शामिल लुटेरों की धरपकड़ के लिए सुल्तानपुर पुलिस टीम लगी है। सुल्तानपुर पुलिस को मुखबिर के जरिए सूूचना मिली थी कि सोमवार सुबह रायबरेली दीवानी कचहरी स्थित कोर्ट में अपराधी सचिन अदालत में सरेंडर करेगा। उसका सराफ डकैती कांड में भी हाथ है।
इसकी भनक मिलते ही सुल्तानपुर पुलिस सुबह 10 बजे ही दीवानी कचहरी पहुंच गई। रायबरेली पुलिस की मौजूदगी में सुल्तानपुर पुलिस दीवानी कचहरी के दोनों गेटों पर तैनात रहकर आने-जाने वाले लोगों पर शाम पांच बजे तक नजर रखी। इसके बावजूद सचिन कचहरी नहीं आया। सराफ डकैती कांड में अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र के भवानी नगर निवासी विपिन सिंह का नाम सामने आया था।
सुल्तानपुर पुलिस के हाथ लगने से पहले ही गैंगस्टर अधिनियम के एक मामले में विपिन रायबरेली की गैंगस्टर कोर्ट में हाजिर हो गया था। सीओ सदर अमित सिंह ने बताया कि पुलिस लगी थी, लेकिन कोई कोर्ट में सरेंडर करने नहीं पहुंचा।