हाईस्कूल तक होगा राजभवन का परिषदीय विद्यालय
लखनऊ। राजभवन स्थित परिषदीय विद्यालय में पढ़ने वाले गरीब बच्चों के लिए अब शिक्षा की राह और आसान हो गई है। शासन ने विद्यालय को उच्चीकृत कर हाईस्कूल स्तर तक करने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही यहां 10वीं तक निशुल्क शिक्षा की सुविधा मिलेगी।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नौवीं और दसवीं कक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे पहले यहां केवल आठवीं तक की कक्षाएं संचालित थीं। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुसार, विद्यालय के उच्चीकृत होने के बाद परिसर में अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां आधुनिक लैब, स्मार्ट क्लासरूम और एआई-रोबोटिक्स उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यार्थी प्रयोगात्मक और तकनीकी शिक्षा से जुड़ सकें।
बेसिक शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल विद्यालय में कक्षा आठ तक 195 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनके शिक्षण के लिए छह शिक्षक नियुक्त हैं। स्मार्ट क्लासरूम के माध्यम से बच्चों को शिक्षा दी जा रही है।
विद्यालय के उन्नयन के साथ ही एनसीसी, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सभागार, खेल मैदान और ग्रीन बिल्डिंग का भी विकास किया जाएगा। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और पारंपरिक खेलों के प्रशिक्षण के लिए विशेष कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।