लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में स्नातक कोर्सों की प्रवेश काउंसिलिंग एक सितंबर से शुरू होगी। कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार को इसका विस्तृत कार्यक्रम जारी किया। इसके माध्यम से लविवि के सहयुक्त कॉलेजों के प्रोफेशनल कोर्सों के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा से लखनऊ यूनिवर्सिटी एसोसिएटेड कॉलेज मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (लुआक्मैट) व लुआक्सैट के भी प्रवेश होंगे।
कॉलेज प्रशासन से जारी कार्यक्रम के अनुसार, बीए में प्रवेश एक से तीन सितंबर तक, बीकॉम में छह से आठ सितंबर तक, बीएससी (पीसीए) में नौ-दस सितंबर को, बीएससी (जेडबीसी) व जेडबीए में 12 सितंबर को प्रवेश होंगे। इसी क्रम में बीकॉम ऑनर्स व बीएजेएमसी में 13-14 सितंबर को, बीबीए, बीबीए टूरिज्म व बीबीए एमएस में 15-16 सितंबर को, बीसीए, बीवॉम साफ्टवेयर डिजाइन एंड ई-गर्वनेंस में 17 से 19 सितंबर तक और बीवॉक बैंकिंग में 20 सितंबर को प्रवेश होगा। प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लुआक्मैट व लुआक्सैट में शामिल सभी कॉलेजों के प्रवेश के लिए केंद्रीयकृत प्रवेश काउंसिलिंग का आयोजन कॉलेज में होगा। अभ्यर्थी सभी आवश्यक दस्तावेज व शुल्क के साथ उपस्थित हों। उनके पास विकल्प होगा कि वे फीस यहां या अलॉट किए गए कॉलेज में जमा कर सकेंगे। इससे पहले 26 अगस्त से प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी होगा और विद्यार्थियों से उनकी कॉलेज च्वॉइस उनकी मेरिट के आधार पर लेकर सीटों का आवंटन किया जाएगा।
दूसरे दिन प्रवेश परीक्षा में 88 फीसदी उपस्थिति
लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में दूसरे दिन मंगलवार को भी प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। मंगलवार को नेशनल के साथ एपी सेन गर्ल्स इंटर कॉलेज को भी सेंटर बनाया गया था। सुबह की पाली में बीकॉम की प्रवेश परीक्षा 11 बजे से 12.30 बजे तक हुई। दोनो सेंटरों में पहली पाली में पंजीकृत छात्रों 2799 में से 2523 उपस्थित रहे। दूसरी पाली में कॉलेज में दोपहर दो से 3.30 बजे तक बीएससी बायो ग्रुप की प्रवेश परीक्षा हुई। इसमें कुल पंजीकृत छात्राें 741 में 583 उपस्थित रहे। प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 25 अगस्त को पहली पाली में सुबह 11 बजे से बीए व दूसरी पाली में दोपहर 02 बजे से बीएससी गणित ग्रुप की प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।