मड़ियांव के कमलाबाद बढ़ौली में सात फरवरी की शाम मारपीट-फायरिंग में घायल 22 वर्षीय चंदन सिंह ने बुधवार देर रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। चंदन सिंह कमलाबाद बढ़ौली के पार्षद अवनीश उर्फ डबलू सिंह का भतीजा था। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था।
इंस्पेक्टर विपिन कुमार सिंह का कहना है कि चंदन की मौत के बाद हमलावरों के खिलाफ दर्ज केस में आवश्यक धाराएं जोड़ी जाएंगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पार्षद के भतीजे हर्षित व अर्पित और तरहिया गांव निवासी लवकुश यादव का बेटा अमन एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं।
दोनों के बीच पहले कॉलेज और शाम को कोचिंग में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देर शाम लवकुश यादव करीब 50 लोगों के साथ असलहे लेकर कमलाबाद बढ़ौली पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पार्षद के घर में घुसकर महिलाओं से बदसुलूकी की और चंदन व उसके पिता योगेश को घसीटकर बाहर ले आए। इस दौरान लवकुश के साथी प्रताप ने रिवॉल्वर से फायर कर दिया। गोली चंदन की पीठ पर धंस गई। चंदन के रिश्तेदार अरुण सिंह बीकेटी नगर पंचायत के चेयरमैन भी हैं। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को पकड़ा था। लवकुश यादव, प्रताप समेत अन्य के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की थी।