फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP: उत्तर प्रदेश में 81 नए मरीज, तीन की मौत, संक्रमितों की संख्या 1538 तक पहुंची

Fri, 24 Apr 2020 12:25 AM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1500 के पार हो गई है। बृहस्पतिवार को 81 मरीज सामने आए। प्रदेश में अब तक 1538 संक्रमित मिल चुके हैं। तीन संक्रमितों की मौत भी हुई है। 
यूपी के प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 11 जिलों में कोरोना के एक्टिव केस नहीं हैं।  यहां पढ़ें उत्तर प्रदेश में कोरोना से जुड़े हर अपडेट-
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:20 AM, 24-Apr-2020

प्रदेश में 81 नए मरीज, तीन की मौत

यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या1500 के पार हो गई है। बृहस्पतिवार को 81 मरीज सामने आए। प्रदेश में अब तक 1538 संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं, तीन संक्रमितों की मौत भी हुई है। इनमें कानपुर, नोएडा व मेरठ का एक-एक संक्रमित है। इससे मौतों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। कानपुर में एक ही दिन में 24 संक्रमित मिले तो लखनऊ में 4 मरीज सामने आए। वहीं, अयोध्या में पहला संक्रमित मिला है।

10:48 PM, 23-Apr-2020

कानपुर के अनवरगंज थाने में सिपाही निकला कोरोना संक्रमित

कानपुर के रेड जोन इलाके में शामिल अनवरगंज थाने में तैनात हेड कांस्टेबल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद यहां के स्टाफ में हड़कंप मच गया। सूचना पर डीएम एसएसपी मौके पर पहुंचे। अपनी निगरानी में सभी पुलिस कर्मियों की जांच करवाई। स्वास्थ्य विभाग ने कांस्टेबल के संपर्क में आए थाना प्रभारी, दो दरोगा समेत 14 पुलिस वालों के सैंपल जांच को भेजे हैं।

10:46 PM, 23-Apr-2020

भाजपा नेता के पिता की कोरोना से मौत

मेरठ में बृहस्पतिवार रात को भाजपा महानगर कार्यकारिणी सदस्य के पिता की कोरोना से मौत हो गई है। सीएमओ ने इसकी पुष्टि की है। मेरठ में अब तक चार लोगों की कोरोना से मौत चुकी है।

विज्ञापन
10:17 PM, 23-Apr-2020

नाके का बिरहाना इलाका बना लखनऊ का 21वां हॉटस्पॉट

राजधानी लखनऊ के नाका का बिरहाना इलाका राजधानी का 21वां हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। इलाके की सिंधीवाली गली में रहने वाले केबल ऑपरेटर की कोरोना जांच रिपोर्ट बृहस्पतिवार को पॉजिटिव आई। इसके बाद गली सील कर दी गई।

10:11 PM, 23-Apr-2020

प्रदेश के 56 जिलों से अब तक 1507 कोरोना पॉजिटिव मामले

यूपी के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि 11 जिलों में कोरोना के एक्टिव केस नहीं हैं। प्रदेश के 56 जिलों से अब तक 1507 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं जिनमें से 45 जिलों में 1299 मामले एक्टिव हैं।

विज्ञापन
09:17 PM, 23-Apr-2020

लॉकडाउन में पंचायत करना पड़ा भारी, 34 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में प्रशासन की अनुमति के बिना पंचायत करने पर पुलिस ने जलालाबाद के 34 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने 28 लोगों को हिरासत में लिया है। 
 

08:45 PM, 23-Apr-2020

कानपुन में मिले 13 कोरोना संक्रमित

कानपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार देर शाम आई रिपोर्ट में 13 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ये सभी हॉटस्पॉट इलाकों के रहने वाले हैं। शहर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 109 हो गई है।

08:38 PM, 23-Apr-2020

देवबंद: दारुल उलूम की अपील- लॉकडाउन का पालन कर घरों में करें रमजान की इबादत

लॉकडाउन में आ रहे रमजान माह को लेकर चिकित्सक और उलमा ने मुसलमानों से शासन- प्रशासन की गाइडलाइन को ध्यान में रखकर रमजान की इबादत घरों में करने की अपील की है। डॉक्टर एसए अजीज का कहना है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए सबसे ज्यादा जरूरी सोशल डिस्टेंसिंग है। इसलिए सभी लोगों को चाहिए कि वह मुकद्दस रमजान माह की इबादत घरों पर करें। 
 

08:35 PM, 23-Apr-2020

सभी 87 रिपोर्ट नेगेटिव

पिछले 24 घंटे में गौतमबुद्धनगर में मिले सभी 87 रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई, जिला सर्विलांस ऑफिसर ने दी जानकारी।  
 

07:59 PM, 23-Apr-2020

यूपी: कोरोना संक्रमित महिला ने बच्चे को दिया जन्म

उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित सैफई पीजीआई में कोरोना पॉजिटिव महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। नवजात स्वस्थ है। उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। डिलीवरी होने के बाद महिला की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने से डॉक्टरों व कर्मचारियों में हड़कंप मचा है।

07:48 PM, 23-Apr-2020

अलीगढ़ में मिले दो कोरोना संक्रमित

अलीगढ़ में गुरुवार को दो कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या सात हो गई है, जबकि एक की मौत हो चुकी है।

07:43 PM, 23-Apr-2020

खेल-खेल में मचान में लगी आग, भाई बहन की जलकर मौत

झांसी के ककरबई क्षेत्र के सिया गांव में खेत में बने मचान में बच्चे खेल रहे थे। इस दौरान उनसे अनजाने में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे मचान को अपनी चपेट में ले लिया। इससे घबराकर 4 साल की एक बच्ची तो जान बचाने में सफल रही लेकिन डेढ़ साल और ढाई साल के दो बच्चे जलकर मर गए। मरने वाले दोनों बच्चे सगे भाई बहन थे।

07:40 PM, 23-Apr-2020

मुजफ्फनगरः कोरोना को मात देकर अपने गांव पहुंची मंजू

मुजफ्फरनगर जनपद में सिसौली निवासी एक महिला ने भी कोरोना के खिलाफ जंग जीत ली है। महिला की तीसरी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वह नोएडा के जेपी अस्पताल में भर्ती थी।

07:17 PM, 23-Apr-2020

फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमण के दो नए केस मिले

फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमण के दो नए केस और मिले हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 64 हो गई है। वहीं, यहां की रहने वाली गर्भवती महिला सैफई में कोरोना पॉजिटिव मिली है। इसका वहां इलाज चल रहा है। 

06:26 PM, 23-Apr-2020

यूपी राज्य अल्पसंख्यक आयोग की मांग, प्रदेश में तब्लीगी जमात को प्रतिबंधित किया जाए

यूपी के राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने प्रदेश में तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध लगाने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा है।

आयोग के सदस्यों की तरफ से पत्र में कहा गया है कि हमारी जानकारी में आया है कि प्रदेश में अब तक जितने भी कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं उनमें से ज्यादातर तब्लीगी जमात से हैं। ये लोग मस्जिदों व मदरसों में शरण लेकर अल्पसंख्यक समुदाय में संक्रमण फैलाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में संक्रमण रोकने के लिए प्रदेश सरकार की सभी कोशिशों निरर्थक हो रही हैं।

06:02 PM, 23-Apr-2020

अलीगढ़ : जेएलएन मेडिकल कॉलेज के एक सर्जन के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद 20 स्टाफ क्वारंटीन

अलीगढ़ जेएलएन मेडिकल कॉलेज के एक सर्जन के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद 20 डॉक्टरों और पैरामेडिक्स को गुरुवार को क्वारंटीन कर दिया गया है।

04:52 PM, 23-Apr-2020

लॉकडाउन तोड़ राजस्थान पहुंचे पति-पत्नी, मिले पाजीटिव

आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव का एक परिवार राजस्थान में रहता है। परिवार ने अपने लड़की की शादी राजस्थान में ही तय की। 21 मार्च को चार लोगों के साथ दूल्हा यहां पहुंचा और 23 अप्रैल को शादी हुई। इसके बाद दूल्हा यहीं रुक गया और लोग चले गए। 14 अप्रैल को पति-पत्नी यहां से जौनपुर पहुंचे और वहां से लॉकडाउन के बाद भी किसी तरीके से राजस्थन पहुंच गए। वहां सीमा पर सुरक्षाकर्मियों ने धर लिया। मेडिकल चेकअप में दोनों को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया।

04:43 PM, 23-Apr-2020

20 से ज्यादा कोरोना मरीजों वाले जिलों में तैनात होंगे दो नोडल अफसर

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए बड़ा फैसला लिया। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में 20 से ज्यादा कोरोना संक्रमित हैं वहां दो नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए वरिष्ठ आईएएस अफसर व मेडिकल ऑफिसर को नोडल अधिकारी बनाया जाएगा।

04:12 PM, 23-Apr-2020

यूपी की 34 अस्थायी जेलों में बंद किए गए कोरोना योद्धाओं पर हमले के आरोपी

कोविड-19 के मद्देनजर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बनाई गई 34 अस्थायी जेलों में पुलिस, प्रशासन, अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। इसमें अस्थायी रूप से कारागार प्रशासन की ओर से लिपिक, जेल वार्डर और बंदी रक्षकों की नियुक्ति की गई है।

04:01 PM, 23-Apr-2020

जौनपुर: जमातियों के छिपने की शिकायत पर इस्लामिया स्कूल में पुलिस ने मारा छापा

जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में इस्लामिया स्कूल में कुछ जमातियों के छिपे होने की सूचना पर एसपी अशोक कुमार बुधवार को दोपहर मीरगंज पहुंच गए। उन्होंने थानाध्यक्ष से पूछताछ की तो पता चला कि स्कूल में कुछ स्थानीय लोग ही मिले थे। इस दौरान एसपी ने मीरगंज थाने का भी निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश देकर एसपी लौट गए।

03:21 PM, 23-Apr-2020

मुरादाबाद में अनूठे अंदाज में सबक सिखा रही पुलिस

मुरादाबाद के खुशालपुर स्थित महिलाल पब्लिक स्कूल के सामने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों को चौधरी चरण सिंह चौकी इंचार्ज रियाज जैदी ने अनूठे अंदाज में सबक सिखाया। बेवजह घरों से निकलने वाले लोगों की आरती उतारकर उन्होंने गलती का एहसास दिलाया। 

03:06 PM, 23-Apr-2020

सहारनपुर में 13 नए मामले

सहारनपुर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, 167 लोगों की ताजा रिपोर्ट में 13 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 127 हो गई है। 

02:57 PM, 23-Apr-2020

कानपुर में तीन नए मरीज

कानपुर के हॉटस्पॉट इलाके के तीन और लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 96 हो गई है।

02:44 PM, 23-Apr-2020

झांसी पुलिस लॉकडाउन को लेकर सख्त

झांसी में बेवजह घर से निकलने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दो दिन में पुलिस ने घर से निकलने वाले 650 वाहनों की फोटो खींचकर चालान काटा है। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस महानगर के सभी चौराहों पर कड़ी चेकिंग कर रही है।

01:58 PM, 23-Apr-2020

जेएन मेडिकल कॉलेज की महिला डॉक्टर संक्रमित

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जेएन मेडिकल की महिला डॉक्टर को कोरोना संक्रमित पाया गया है। जिला प्रशासन ने महिला डॉकटर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की है। बुधवार देर रात संक्रमण के लक्षण नजर आने पर उन्होंने जांच कराई थी। फिलहाल उनके पूरे परिवार को होम क्वारंटीन किया गया है। 

01:35 PM, 23-Apr-2020

मौलाना साद के फार्म हाउस में छापा

शामली जनपद में मौलाना साद के कस्बा कांधला में स्थित फार्म हाउस में गुरुवार को दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी की। टीम ने फार्म हाउस में पहुंचकर वहां काम करने वाले लोगों से जानकारी ली और देखा कि वहां कोई जमाती तो नहीं है।

01:06 PM, 23-Apr-2020

भावनपुर में जमाती की मौत

मेरठ से सटे भावनपुर थानाक्षेत्र के जई गांव में क्वारंटीन में रह रहे जमाती की मौत हो गई। जमाती की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी। वह गांव के ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय में क्वारंटीन था।

12:47 PM, 23-Apr-2020

मेरठ: भाजपा महानगर अध्यक्ष के करीबी में संक्रमण से बढ़ी चिंता

मेरठ में भाजपा महानगर अध्यक्ष के करीबी में कोराना वायरस की पुष्टि होने के बाद पार्टी की चिंता बढ़ गई है। वहीं महानगर अध्यक्ष की कोरोना जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। 

12:18 PM, 23-Apr-2020

आगरा में आठ नए मामले

आगरा में आठ नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इसी के साथ जिले में कुल मरीजों की संख्या 335 हो गई है, जिनमें से 104 जमात से जुड़े हुए हैं। 

11:42 AM, 23-Apr-2020

कानपुर में आठ नए मामले

कानपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को आठ और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि हॉटस्पॉट इलाके के आठ लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। कानपुर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 93 हो गई है।

11:02 AM, 23-Apr-2020

आगरा में चार मरीज हुए ठीक

आगरा में कोरोना वायरस को मात देने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। बुधवार देर रात चार और मरीज कोरोना वायरस से जंग जीतकर घर लौटे। इनमें दो चिकित्सक भी शामिल हैं।

10:01 AM, 23-Apr-2020

संतकबीरनगर में एक और संक्रमित

संतकबीरनगर में देवबंद से आए नगर पंचायत मगहर के रहने वाले युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। मरीज के परिवार के 30 सदस्यों को जिला अस्पताल भिजवाया गया है। मगहर के शेरपुर रेहरवा मोहल्ले का रहने वाला युवक 28 मार्च को देवबंद से वापस आया था।

09:44 AM, 23-Apr-2020

बहराइच में मिले आठ संक्रमित

भारत नेपाल सीमा से सटे जनपद बहराइच में आठ लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।  इसमें से एक युवक नेपाल का रहने वाला है। इतने लोगों के एक साथ संक्रमित होने पर जिले में खलबली मच गई है। सभी की ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। 

09:25 AM, 23-Apr-2020

केजीएमयू में 24 सैंपल पॉजिटिव

लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में बुधवार को 890 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से 24 में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। 

08:53 AM, 23-Apr-2020

मुरादाबाद में 35 पुलिसकर्मी क्वारंटीन

मुरादाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि शहर में 35 पुलिसकर्मियों को अलग-अलग होटलों और लॉज में क्वारंटीन किया गया है। आज उन सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे।
 

08:37 AM, 23-Apr-2020

उत्तर प्रदेश में 81 नए मरीज, तीन की मौत, संक्रमितों की संख्या 1538 तक पहुंची

कानपुर में ड्रोन से निगरानी
कानपुर जिला प्रशासन ने बैकनगंज, चमनगंज, बजरिया, मछरिया, बाबूपुरवा और ग्वालटोली इलाकों में ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी शुरू की। कैमरे से नजर रखकर इन इलाकों में लॉकडाउन का सख्त पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। 
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें