फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP Live Updates: मुरादाबाद में 10 माह का बच्चा कोरोना पॉजिटिव, कुल मरीजों की संख्या 873

Sat, 18 Apr 2020 12:40 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है, उत्तर प्रदेश में भी लगातार संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को फिरोजाबाद में 11, लखनऊ में 8 तो सहारनपुर में सात कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं वाराणसी में पांच नए मामले मिले तो कानपुर, इटावा और औरेया में एक-एक संक्रमित मिला है। पूरे उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 873 हो गई है। वहीं प्रदेश में कोरोना से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पढ़ें उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संबंधित हर अपडेट...
 
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:39 AM, 18-Apr-2020

बिजनौर और शामली में भी मिले नए मरीज

बिजनौर जनपद में शुक्रवार को सात नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं वहीं शामली जिले के कुल 66 सैंपलों की जांच हुई जिनमें एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। बिजनौर में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है और शामली में ये आंकड़ा 17 तक पहुंच चुका है।

11:46 PM, 17-Apr-2020

आगरा में कोरोना के 24 नए मरीज मिले

आगरा में कोरोना के 24 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही मरीजों की संख्या 196 हो गई है। पांच कोरोना संक्रमितों की मौत चुकी है। प्रशासन का आगरा मॉडल फेल हो गया है। मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही जमाती और पारस अस्पताल के संक्रमित प्रशासन के लिए मुसीबत बन गए हैं। 

10:50 PM, 17-Apr-2020

मुरादाबाद में 10 महीने के बच्चे समेत छह और कोरोना पॉजिटिव

मुरादाबाद में 10 माह के बच्चे समेत छह और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटव निकली है। इनमें तीन लोग तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। इसके साथ ही शुक्रवार को एक ही दिन में नए कोरोना पॉजिटव मरीजों की संख्या सात हो गई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटव मरीजों का आंकड़ा 39 पहुंच गया है।

विज्ञापन
10:22 PM, 17-Apr-2020

मेरठ में मिले तीन कोरोना पॉजिटिव

मेरठ मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को 300 सैंपल की जांच हुई जिनमें तीन पॉजिटिव हैं। इनमें एक मेरठ एक बुलंदशहर और एक शामली का है। मेरठ में कोरोना संक्रमितों की संख्या 69 हो गई है, इनमें से दो की मौत हो गई है जबकि 14 ठीक होकर घर को लौट चुके हैं।

10:04 PM, 17-Apr-2020

पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी करेंगे हॉटस्पॉट इलाकों की लगातार मॉनिटरिंग

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को लेकर उठाए जा रहे कदमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश देने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों व पुलिस कप्तानों को लॉकडाउन के दौरान चिह्नित हॉटस्पाट क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग करने और सप्लाई चेन को बनाए रखने को कहा है।

विज्ञापन
09:54 PM, 17-Apr-2020

फिरोजाबाद में मिले 11 पॉजिटिव केस

फिरोजाबाद में शुक्रवार को 11 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें एक सरकारी विभाग का कर्मचारी भी शामिल है। अब फिरोजाबाद जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। ये नमूने 13 अप्रैल को जांच के लिए भेजे गए थे।

09:45 PM, 17-Apr-2020

लॉकडाउन का पालन करने के लिए कहना दुकानदार को पड़ा भारी

मेरठ में शुक्रवार शाम को एक आटा व्यापारी को अपनी दुकान के बाहर खड़े कुछ युवकों से लॉकडाउन के लिए कहना भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। बचाव में आए दुकानदार के भाई व भांजे के साथ भी मारपीट कर दी। आरोपी दुकान में घुसकर करीब 40 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।

08:54 PM, 17-Apr-2020

लॉकडाउन की अवधि में ट्रांसपोर्टेशन का शुल्क नहीं वसूल सकते स्कूल : उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा है कि निजी स्कूल लॉकडाउन की अवधि में अभिभावकों से कोई ट्रांसपोर्टेशन शुल्क नहीं वसूल सकेंगे। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तिमाही की जगह हर महीने शुल्क लेने का आदेश पहले ही जारी कर दिया है।

08:40 PM, 17-Apr-2020

देवबंद: दिल्ली दूतावास भेजे गए दारुल उलूम में रुके नौ अफगानी छात्र

सहारनपुर के देवबंद में लॉकडाउन के चलते दारुल उलूम में रुके नौ अफगानी छात्रों को शुक्रवार को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दिल्ली स्थित अफगानिस्तान दूतावास भेज दिया गया। 

कोरोना वायरस के चलते देश में घोषित किए गए लॉकडाउन के चलते इस वर्ष दारुल उलूम में परीक्षाएं स्थगित कर कर दी गई थीं। जिसकी वजह से संस्था में पढ़ने वाले नौ अफगानी छात्र यहीं पर रुके हुए थे। उनकी वीजा अवधि भी पूर्ण होने का समय करीब था।

08:25 PM, 17-Apr-2020

मुरादाबाद में महिला मिली कोरोना पॉजिटिव

मुरादाबाद में एक और महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। शुक्रवार को मुरादाबाद में 22 कोरोना सैम्पल की रिपोर्ट आई जिसमें एक महिला पॉजिटिव पाई गई और 21 लोगों की निगेटिव रिपोर्ट है। महिला टीएमयू में भर्ती है और गोविंद नगर की रहने वाली है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। देर रात तक क्वारन्टीन जमातियों और उनके संपर्क में आये लोगों की भी रिपोर्ट आने की संभावना है।

07:51 PM, 17-Apr-2020

अर्थव्यवस्था संभालने के लिए टास्कफोर्स गठित करे सरकारः प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर किसानों और कामगारों को कोरोना संकट के इस दौर में राहत देने की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा कि कोरोना ने ज्यादातर क्षेत्रों की कमर तोड़ दी है, ऐसे में हालात को फिर से पटरी पर लाने के लिए आर्थिक पुर्ननिर्माण टास्कफोर्स गठित की जानी चाहिए।

07:46 PM, 17-Apr-2020

कन्नौज में एक ही परिवार के चार लोग मिले कोरोन संक्रमित

उत्तर प्रदेश के कन्नौज के बहादुरपुर गांव में एक ही परिवार के चार लोगाें में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद गांव को सील कर आसपास के 34 गांवों के लोगों के घर से निकलने पर रोक लगा दी गई है। इन गांवों में स्वास्थ्य विभाग की 74 टीमों के साथ सफाई कर्मियों की 16 टीमों को तैनात किया गया है।

06:50 PM, 17-Apr-2020

मथुरा में पकड़ा गया जमाती, परिवार सहित किया गया क्वारंटीन

मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र के दौलतपुर गांव से पुलिस ने एक जमाती मिला है। यह निजामुद्दीन मरकज में हुए जलसे के बाद लौटा था और करीब 17 दिनों से परिवार के साथ घर में था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नमूने लिए हैं। वहीं परिवार के नौ सदस्यों को क्वारंटीन किया गया है। पुलिस ने जमाती के खिलाफ महामारी अधिनियम में मुकदमा भी दर्ज किया है।

06:07 PM, 17-Apr-2020

कोरोना योद्धाः जंग में देवदूत बने आयुष चिकित्सक

बस्ती बस्ती में कोरोना महामारी के जंग में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े आयुष चिकित्सक देवदूत बन उभरे हैं। यही चिकित्सक गांवों में मरीजों की पहचान कर क्वारंटीन कराते हैं ताकि कोविड संक्रमण पर अंकुश लग जाय। जिले में आरबीएसके चिकित्सकों की संख्या 52 है।

इधर कोरोना का कहर बढ़ा तो सरकार इन आयुष चिकित्सकों को जमीनी स्तर पर जिम्मेदार सौपी। तभी से आरबीएस डाक्टर गांव-गांव जाकर बाहर से आने वालों को खोज कर रहे हैं ताकि उन्हें क्वारंटीन कर बीमारी को फैलने से रोका जा सके।

05:12 PM, 17-Apr-2020

सहारनपुर में सात और मिले कोरोना पॉजिटिव

सहारनपुर में शुक्रवार को सात और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब यहां कुल मरीजों की संख्या 51 हो गई। सीएमओ बीएस सोढ़ी ने इसकी पुष्टि की है। ये सभी देवबंद क्षेत्र के जामिया तिब्बिया कॉलेज में क्वारंटीन थे।

05:03 PM, 17-Apr-2020

लखनऊः हॉटस्पॉट इलाके में घरों तक पहुंच रहा राशन

लखनऊ के हॉटस्पॉट वाले इलाकों में रोजमर्रा के सामान की आपूर्ति सुधारने के बाद अब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम हर घर में जांच कर नमूने लेने का काम कर रही हैं। टीम, हर सदस्य की सेहत की जानकारी का ब्यौरा भी जुटा रही हैं। पुराने लखनऊ के इलाकों में अभी बाहर से सामान नहीं पहुंच पा रहा है।

04:28 PM, 17-Apr-2020

कोरोना फ्री होने की कतार में यूपी का एक और जिला

पीलीभीत के बाद महराजगंज दूसरा जिला होगा, जहां से कोरोना वायरस संक्रमण खत्म हो रहा है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि शुरुआती दौर में वहां सामने आए छह कोरोना पॉजिटिव मरीजों की इलाज के बाद पहली रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन सभी की फिर से जांच होगी। दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

04:24 PM, 17-Apr-2020

क्वारंटीन केंद्रों से घर भेजे गए लोगों से बात करेंगे मुख्यमंत्री योगी के ‘योद्धा’

कोविड-19 के संक्रमण की आशंका में जिलों के क्वारंटीन केंद्रों में रोके गए लोगों को घर भेजने का काम शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसे सभी लोगों से बात कर हालचाल लेने और नियमित फीडबैक लेने की जिम्मेदारी सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार के निर्देशन में सीएम हेल्पलाइन-1076 को सौंपी है।

04:09 PM, 17-Apr-2020

कोरोना पॉजिटिव मिले छह जामतियों की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई

महराजगंज जनपदवासियों के लिए सुखद संदेश है। पहले मिले छह जामाती कोरोना पॉजिटिव की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनके परिजनो की पुनः जांच कराई जाएगी। 

03:21 PM, 17-Apr-2020

इटावा में पूर्व सैनिक कोरोना पॉजिटिव, सील किया गया गांव

यूपी के इटावा जिले के ताखा क्षेत्र निवासी पूर्व सैनिक में कोरोना की पुष्टि होने से हड़कंप मच गया। पूर्व सैनिक पत्नी का इलाज कराने आगरा के पारस अस्पताल गए थे। दंपति छह अप्रैल तक अस्पताल में ही रहे। अस्पताल से पत्नी को मायके मैनपुरी ले गए। पत्नी का सैम्पल मैनपुरी जिला प्रसाशन ने लिया तो रिपोर्ट निगेटिव आई। तीन बेटियां ताखा के सिथियानी में बनाए गए आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती हैं। तीनों का सैम्पल आज जांच के लिए भेजा जाएगा। सुतियानी गांव को सील कर दिया गया है। साथ ही पूरा गांव सैनिटाइज किया जाएगा।

03:15 PM, 17-Apr-2020

बनारस में मिले पांच नए कोरोना संक्रमित

वाराणसी में कोरोना के पांच नए मरीज मिले हैं। पांचों का संबंध दिल्ली की जमात या उनके व्यक्तियों से है। इनमे से तीन व्यक्ति जमात में शामिल थे। इसके अलावा 2 और व्यक्ति हैं। ये दोनों पांडे हवेली के एक ही घर के निवासी हैं। जमात में शामिल तेलंगाना की 5 महिलाएं इनके घर दो दिन तक रुकी थीं। वाराणसी में कुल पॉजिटिव केसों की संख्या 14 हो गई है।

03:02 PM, 17-Apr-2020

मुजफ्फरनगर: बैंकों में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी

मुजफ्फरनगर में लॉकडाउन के चलते सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे तक किराना, दूध डेयरी, फल सब्जी आदि की दुकानें पहले की तरह खुली। रोजाना की तरह दाल और सब्जी मंडी में लोगों की भीड़ रही। उधर, जन धन खातों में आई धनराशि को निकालने के लिए बैंकों में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी रही।

02:34 PM, 17-Apr-2020

अमरोहा में युवक की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली 

अमरोहा देवबंद के एक मदरसे में पढ़ने वाले युवक को सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम जिला अस्पताल लेकर गई है। उसको कवारंटीन सेंटर ले जाया गया है। इस युवक की सूचना पर बछरायूं शेरपुर क्षेत्र के एक युवक को भी स्वास्थ विभाग की टीम ने अपनी निगरानी में लिया है। युवक का कहना है 25 मार्च को अमरोहा जनपद के 40 युवक एक बस सवार होकर जनपद में आए थे। इस सूचना पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है।
 

02:28 PM, 17-Apr-2020

कानपुर में कोरोना का एक और रोगी बढ़ा, संक्रमितों की संख्या 28 हुई

कानपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को रेड जोन एरिया कर्नलगंज के कारोबारी परिवार की महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। कारोबारी की सोमवार को मौत हो गई थी। इसके बाद ही मृतक के परिजनों के सैंपल लिए गए थे। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार को तीन महिलाओं की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इनमें दो महिलाओं का दोबारा टेस्ट हुआ था। दो कोरोना मरीज पुरानी हैं। ये पहले से ही संक्रमित व्यक्तियों की गणना में शामिल हैं। एक महिला रोगी नई मिली है।

02:09 PM, 17-Apr-2020

बिजनौर में बैंकों में लग जाती है भीड़

बिजनौर में लॉकडाउन का पालन न करने पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। सुबह के समय काफी लोग बेवजह अपनी दुकान खोल लेते थे और देर तक दुकानों पर बैठे रहते थे। ऐसे दुकानदारों पर प्रशासन ने शुक्रवार को चाबुक चलाया। पुलिस ने कई दुकानदारों को हिरासत में ले लिया और काफी देर बाद चेतावनी देकर छोड़ा। कई चौराहों पर पुलिस सख्ती से लॉकडाउन का पालन करा रही है। आसपास के गांवों से बेवजह शहर में आने वाले लोगों को रोका जा रहा है। हालांकि बैंकों से पैसा निकालने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ लग जाती है। 

01:57 PM, 17-Apr-2020

आगरा के पारस अस्पताल के संचालक और प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज

आगरा के पारस अस्पताल के संचालक और प्रबंधक के खिलाफ थाना न्यू आगरा में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। इस अस्पताल के संपर्क में आए करीब 25 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। अस्पताल प्रबंधन पर सही सूचनाएं नहीं देने का आरोप लगा है।

01:38 PM, 17-Apr-2020

महराजगंज: छह जमातियों की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव

महराजगंज के लोगों के लिए राहतभरी खबर है। बीते दिनों कोरोना पॉजिटिव मिले छह जमातियों की तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। आपको बता दें कि जमातियों में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने के बाद उनके परिजनों समेत 53 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया था। अब स्वास्थ्य विभाग उनके परिजनों की फिर से जांच कराएगा।
 

01:27 PM, 17-Apr-2020

सहारनपुर में हॉटस्पॉट में कड़ा पहरा

सहारनपुर में लॉकडाउन को लेकर प्रशासन और पुलिस बेहद सख्त है। लॉकडाउन के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वालों पर पुलिस सख्ती बरत रही है। पुलिस ने दुकानदारों को भी हिदायत दी है। लॉकडाउन की राहत अवधि में जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर और कस्बों के हॉटस्पॉट में कड़ा पहरा रहा।
 

01:07 PM, 17-Apr-2020

सीएम योगी ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कोर टीम के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में कहीं पर भी कोई भूखा न रहे। कम्युनिटी किचन से जरूरतमंदों में और शेल्टर होम्स के निराश्रितों में पहले की तरह ही बेहतर ढंग से सबको भोजन मिलता रहे, यह सुनिश्चित होता रहे कि प्रदेश में न तो कोई भूखा रहे न भूखा सोए।  

12:57 PM, 17-Apr-2020

बागपत में चला चेकिंग अभियान

बागपत जिले में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया। डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव हॉटस्पॉट औसिक्का गांव पहुंचे। ग्रामीणों से घर में रहने की अपील की। बड़ौत, बागपत और खेकड़ा में पुलिस टीम ने गली-गली जाकर लोगों से घर में रहने और लॉकडाउन का पालन करने की अपील की है। सुबह 9:00 बजे के बाद बाजार बंद करा दिए गए।

12:41 PM, 17-Apr-2020

औरैया में एक कोरोना पॉजिटिव मिला

यूपी के औरैया जिले में अजीतमल क्षेत्र के एक गांव एक युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

12:24 PM, 17-Apr-2020

शामली में सील किए गए इलाकों में पुलिस और पीएसी की कड़ी निगरानी

शामली जिले में रोजाना की तरह सुबह लॉकडाउन में तीन घंटे की छूट के दौरान राशन व अन्य जरूरी सामानों की दुकानें खुलीं। लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए जरूरी सामान खरीदा। इस दौरान बाजार में पुलिस मुस्तैद रही। उधर, शामली, कैराना, झिंझाना और थानाभवन के गांव भैसानी इस्लामपुर में सील किए गए इलाकों में पुलिस और पीएसी की कड़ी निगरानी रही। सीलिंग वाले इलाकों में घरों पर ही जरूरत का सामान पहुंचाया गया। किसी को बाहर नहीं निकलने दिया।

12:12 PM, 17-Apr-2020

मेरठ निवासी पुलिसकर्मी दिल्ली में मिला कोरोना पॉजिटिव

मेरठ निवासी एक पुलिसकर्मी दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। पुलिसकर्मी के दिल्ली में पॉजिटिव मिलने की जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. विश्वास चौधरी ने पुष्टि की है। पत्नी और बेटे को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुभारती में भर्ती किया है। आज उनके सैंपल की जांच कराई जाएगी।

11:55 AM, 17-Apr-2020

सवा पांच बजे जेल भेजे गए 17 पत्थरबाज

कोरोना से जंग में दिन रात जुटे चिकित्सकों एवं पुलिसकर्मियों की टीम पर मुरादाबाद में पत्थर बरसाने के आरोपी 17 पत्थरबाजों के लिए अल सुबह तीन बजे अदालत बैठी। सुनवाई हुई और अदालत ने इन सभी को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। सुबह सवा पांच बजे इन सभी को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया। इस काम में पुलिस व प्रशासनिक अमला रात भर जुटा रहा। ऐसा कम ही देखने में आता है कि इतनी सुबह अदालत किसी मामले को सुने। पर यह मामला था ही इतना गंभीर।
 

11:38 AM, 17-Apr-2020

गोरखपुर में आज सड़क पर कम दिखाई दी भीड़

गोरखपुर में शुक्रवार को और दिनों की तुलना में सड़कों पर कम भीड़ दिखाई दी। इसके बावजूद भी प्रशासन लोगों को किसी भी प्रकार की ढील देने के मूड में नहीं है। शहर के नौसड़, ट्रांसपोर्टनगर, रूस्तमपुर, राजघाट व देवरिया बाइपास पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बता दें कि गोरखपुर में अभी कोरोना संक्रमित एक भी केस नहीं मिला है लेकिन बस्ती, संतकबीर नगर और महरागंज जिले में कोरोना के 25 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 11 जमाती हैं।

11:26 AM, 17-Apr-2020

प्रयागराज में डॉक्टरों और हेल्थ केयर वर्कर्स ने जताया विरोध

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में डॉक्टरों और हेल्थ केयर वर्कर्स ने पीपीई किट पहनकर प्ले कार्ड दिखाते हुए मुरादाबाद में डॉक्टरों पर हुए हमले को लेकर विरोध जताया। नारायण सिंह अस्पताल के डॉ.राजीव सिंह ने कहा कि अगर डॉक्टर ही सुरक्षित नहीं हैं तो क्या वो आपको कोरोना से बचा पाएंगे?
 

11:10 AM, 17-Apr-2020

शताब्दी अस्पताल के कर्मचारियों ने सुरक्षा किट की मांग को लेकर किया हंगामा

लखनऊ स्थित केजीएमयू के शताब्दी अस्पताल के कर्मचारियों ने सुरक्षा किट की मांग को लेकर हंगामा कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें भी कोरोना होने का डर है, ऐसे में मास्क और अन्य सामान दिया जाएं।

11:04 AM, 17-Apr-2020

लखनऊ में आठ नए पॉजिटिव केस मिले

राजधानी लखनऊ में आठ नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें पांच सदर, तीन नजीराबाद के हैं। इन लोगों के बुधवार को सैंपल लिए गए थे। 
 

10:55 AM, 17-Apr-2020

Coronavirus in UP Live Updates: मुरादाबाद में 10 माह का बच्चा कोरोना पॉजिटिव, कुल मरीजों की संख्या 873

प्रदेश में गुरुवार को नोवेल कोरोना वायरस से संक्रमित दो लोगों की मौत हो गई। एक बुजुर्ग ने आगरा में दम तोड़ा तो दूसरे ने मेरठ में। प्रदेश में कोरोना से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। बृहस्पतिवार को प्रदेश में 68 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्रदेश में अब ऐसे लोगों की संख्या बढ़कर 814 हो गई है। 
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें