प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या बीते 10 दिन में दो हजार बढ़ गई है। इस दौरान यह संख्या 5,000 से बढ़कर 7,701 पर पहुंच गई। जबकि यहां पहले केस से एक हजार का आंकड़ा छूने में लगभग डेढ़ महीना लगा था। इसके बाद लगभग डेढ़ महीने में मरीजों की संख्या बढ़कर सात गुना से अधिक हो गई है। कल तक यूपी में कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या 7701 हो गई है।
मेरठ में कोरोना से एक और मौत
मेरठ जनपद के मेडिकल कॉलेज में शनिवार देर रात को कोरोना वायरस से 27वीं मौत हो गई। प्राचार्य डॉ. एस. के. गर्ग ने इसकी पुष्टि की है।
बदायूं में दो और मिले कोरोना पॉजिटिव
शनिवार रात आई रिपोर्ट में जिले में दो और कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। दोनों कादरचौक के प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं। अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 23 हो गई है।
लखीमपुर खीरी में युवती संक्रमित
शनिवार रात लखनऊ से आई 30 प्रवासी मजदूरों की जांच रिपोर्ट में एक 18 वर्ष की लड़की कोरोना पॉजिटिव मिली है।अन्य 29 निगेटिव मिले। लड़की परिजनों के साथ दिल्ली से आई थी। वह ग्राम मगरेना, तहसील-मोहम्मदी की निवासी है और वर्तमान में यूडी कॉलेज, तहसील-मोहम्मदी में परिजनों सहित क्वारन्टीन है।
आगरा में दो और कोरोना मरीजों की मौत, पांच नए केस भी मिले
शनिवार को कोरोना संक्रमित 72 वर्षीय महिला व 60 वर्षीय पुरूष की मौत के बाद अब मरने वालों की संख्या 41 हो गई है। डीएम प्रभु एन ने बताया दोनों संक्रमित श्वास रोग से ग्रस्त थे। वहीं पांच नए संक्रमित मिलने से अब मरीजों का आंकड़ा 892 हो गया है। शनिवार को पांच मरीज डिस्चार्ज भी हुए। अब तक 788 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 63 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। जिले में अब 82 हॉटस्पॉट बन चुके हैं। इनमें 41 हॉटस्पॉट एक्टिव हैं जबकि 41 बंद हो चुके हैं।
फिरोजाबाद जिले में शनिवार को 12 नए कोरोना संक्रमित मिले
फिरोजाबाद जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा 248 पर पहुंच गया है। वहीं आज संक्रमित महिला पार्षद की मौत भी हो गई। इससे मृतकों की संख्या 12 हो गई है।
गाजिाबाद में 11 और मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
कोरोना संक्रमण की चपेट में 11 और लोग आ गए हैं। इनमें इंदिरापुरम के आशियाना ग्रीन, वसुंधरा, खोड़ा, सूर्य नगर, वैशाली, कौशांबी, लोनी व लोहिया नगर में मरीजों की पुष्टि हुई है। शनिवार को 211 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जिसमें 167 सैंपलों की रिपोर्ट आ आई है, इनमें से 11 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि अभी भी विभाग को 508 सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
बुलंदशहर में मिले 9 कोरोना संक्रमित मरीज
बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में मृत कोरोना पॉजिटिव की घरेलू सहायिका के पति समेत तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नगर के आवास विकास कालोनी प्रथम निवासी अधिवक्ता की पत्नी भी कोरोना संक्रमित पाई गईं। वहीं खुर्जा क्षेत्र में पूर्व में मिले संक्रमित के संपर्क में आने पर तीन अन्य लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा सिकंदराबाद में एक मेडिकल स्टोर संचालक कोरोना संक्रमित पाया गया है और नगर के देवीपुरा प्रथम निवासी डायलिसिस मरीज में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। अब जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 125 पहुंच गई है। इनमें से 83 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि दो की मौत हो चुकी है और 40 मरीजों का इलाज चल रहा है।
बागपत में दो सिपाही समेत 11 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले
यूपी के बागपत जिले में शनिवार रात को दो सिपाही समेत 11 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब जनपद में कुल संख्या 43 पहुंच गई है।
मेरठ में सात और कोरोना संक्रमित मरीज मिले
मेरठ में शनिवार रात को कोरोना के सात और नए संक्रमित मरीज मिले हैं। अब जनपद में संक्रमितों की संख्या 418 हो गई है। इनमें 298 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं, जबकि 26 लोगों की कोरोना से अब तक मौत हो चुकी है। अब वर्तमान में 94 एक्टिव केस है।
सहारनपुर में नौ नए कोरोना संक्रमित मिले
यूपी के सहारनपुर जिले में शनिवार को नौ और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब जनपद में पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 243 पहुंच गई है। इनमें से 201 मरीज स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट चुके हैं। वर्तमान में 42 सक्रिय मरीज हैं।
गोरखपुर में दो और कोरोना संक्रमित मामले आए सामने
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शनिवार को दो और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से एक परसा खुर्द उरुवा वहीं दूसरा भरपुरवा पिपराइच का रहने वाला है। इसकी पुष्टि सीएमओ श्रीकांत तिवारी ने की है। उन्होंने बताया कि अब जिले में कुल 76 कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
बस्ती में मृतक की रिपोर्ट आई कोरोना पॉजिटिव, सात नए मामले भी आए सामने
बस्ती जिले में शनिवार सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज से एक मृतक की रिपोर्ट पॉजिटीव आई है। वहीं शनिवार देर शाम एक दूसरी रिपोर्ट में सात प्रवासी मजदूर पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी ओपेक चिकित्सालय कैली में क्वारंटीन थे। आज जिले से कुल आठ कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। यह सभी मुंबई से 23 से लेकर 28 मई के बीच बस्ती आए हैं। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 164 हो गई है, जबकि 43 ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। जिले में अब तक कोरोना से पांच मौत हुई है। जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 116 हो गई है। यह पुष्टि एसीएमओ डा. फख्रेयार हुसैन ने की है।
कन्नौज में 10 और कोरोना संक्रमण के मामले आए सामने
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में शनिवार शाम को आई रिपोर्ट में 10 और मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद अब जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 55 पहुंच गया है। बता दें कि जिले में शनिवार सुबह भी कोरोना के दो संक्रमित मरीज मिले थे।
उन्नाव में कोरोना के तीन नए केस
यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। उन्नाव जिले में शनिवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। संक्रमितों में दो महिलाएं व एक 21 वर्षीय युवक शामिल है। तीनों पुरवा तहसील के हिलौली ब्लॉक क्षेत्र के रहने वाले हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। तीन मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। छह मरीज ठीक हो चुके हैं। संक्रमितों में 30 प्रवासी हैं।
जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर के पिता में कोरोना
यूपी के इटावा जिले में 73 वर्षीय बुजुर्ग में कोरोना की पुष्टि हुई है। कोरोना मरीज जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टर के पिता हैं। इटावा में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 49 पहुंच गई है। जिसमें 43 एक्टिव केस हैं। एक की मौत हो चुकी है। पांच मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। एक्टिव मरीजों में 28 प्रवासी हैं।
कानपुर में कोरोना का एक और मरीज बढ़ा
कानपुर में शनिवार को कोरोना का एक और मरीज बढ़ गया। 263 सैंपल की रिपोर्ट आई है। जिसमें सुजातगंज निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसके साथ ही कानपुर में अभी तक के कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 368 पर जा पहुंचा है। जिसमें से 301 मरीज ठीक हो चुके हैं। शहर में एक्टिव केस की संख्या 56 हो गई है।
कन्नौज में कोरोना के दो और मरीज बढ़े
यूपी के कन्नौज जिले में शनिवार को कोरोना के दो और मरीज बढ़ गए हैं। एक सीहपुर व दूसरा संक्रमित उमर्दा ब्लॉक के गांव बस्ता निवासी है। जिले में कुल 45 केस सामने आ चुके हैं। इनमें 22 एक्टिव हैं और 23 मरीज ठीक हो चुके हैं।
अमेठी में 36 और कोरोनो वायरस के मामले सामने आए
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में 36 और कोरोना वायरस के नए मामले सामने आए हैं। जिला मजिस्ट्रेट ऑफिस के मुताबिक इसके बाद जिले में अब 97 एक्टिव केस हो गए हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को ही यह रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। चीफ मेडिकल ऑफिसर आरएम श्रीवास्तव ने कहा कि इन सभी मरीजों को गौरीगंज के L-1 असैदापुर में भर्ती किया गया है। बाकी को अमेठी के जगदीशपुर में राधेश्याम सत्य प्रचार ट्रामा सेंटर में रखा गया है। वहीं 28 लोग कोरोना वायरस को मात देकर अपने घर पहुंच गए हैं।
चित्रकूट में कोरोना का एक और मरीज बढ़ा
यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। शनिवार को चित्रकूट जिले में एक और कोरोना मरीज बढ़ गया। तीन दिन पहले मुंबई से आए एक प्रवासी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि चित्रकूट जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 37 हो गई है।
कासगंज में एक और संक्रमित मिला
कासगंज में एक और संक्रमित मिला है। संक्रमित का पहले नोएडा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुछ दिन पहले ही वो नोएडा से लौटे थे।
मेरठ में कोरोना से 26वीं मौत
यूपी के मेरठ में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज मेरठ में एक और कोरोना से मौत हो गई है। मेरठ में अब तक कोरोना से 26 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतक को कल ही कोरोना की पुष्टि हुई थी। प्राचार्य डॉ. एसके गर्ग ने इसकी पुष्टि की है। मेरठ में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 400 पहुंच गई है, इनमें 296 स्वस्थ हो चुके हैं। अब 79 केस सक्रिय है।
सहारनपुर में छह ट्रेनों के संचालन के लिए मिला अपडेट
लॉकडाउन का चौथा चरण समाप्त होने की तरफ है। इसके साथ ही रेलवे ने नई ट्रेनों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। सहारनपुर में कोलकाता से अमृतसर, अमृतसर से हरिद्वार, अमृससर मुंबई रूट के लिए छह गाड़ियों के संचालन के लिए फिलहाल अपडेट मिला है। रेलवे अफसरों और कर्मचारियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सिद्धार्थनगर में तीन नए मरीज मिले
सिद्धार्थनगर जिले में शनिवार सुबह 3 और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से एक मरीज का इलाज पहले से ही गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं और दो पॉजिटिव शोहरतगढ़ और सदर तहसील क्षेत्र रहने वाले हैं। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 102 हो गई है। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ सीमा राय ने की है।
मिर्जापुर में दो संक्रमित मिले
मिर्जापुर में शनिवार को कोरोना वायरस से दो लोग संक्रमित मिले हैं। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने इसकी पुष्टि की है। दोनों लोग मुंबई से लौटे थे। जिले में अब कोरोना संक्रमित 17 मामले हो चुके हैं।
गाजीपुर में मिले दो कोरोना वायरस के मरीज
गाजीपुर जिले में शनिवार को कोरोना वायरस के दो और मामले सामने आए हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 103 तक पहुंच गई है। इसमें से 30 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि 73 मरीज अब भी एक्टिव हैं। सीएमओ डॉ जीसी मौर्य ने इसकी पुष्टि की है।
फर्रुखाबाद में दो युवक कोरोना पॉजिटिव निकले
यूपी के फर्रुखाबाद जिले में दिल्ली व अहमदाबाद से लौटे दो युवक कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। 25 मई को दोनों युवक गांव आए थे। शनिवार को दोनों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या 33 हो गई है। इसमें से 18 ठीक होकर घर आ चुके हैं।
फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमण से एक और मौत
फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमण से एक और मौत हो गई है। कोरोना संक्रमित नगर निगम की महिला पार्षद ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया है। आगरा में कराई जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिले में अब तक 11 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जबकि अब तक 236 संक्रमित मिले हैं।
यूपी में 275 नए कोरोना पॉजिटिव, 4410 डिस्चार्ज
यूपी शुक्रवार को 275 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए थे। जिसके बाद प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 7445 हो गई थी। इनमें से 2874 एक्टिव केस हैं। 4410 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। जबकि शुक्रवार तक कुल 201 मरीजों की मौत हो चुकी थी।