उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार को कोरोना से दूसरी मौत हुई है। रावतपुर रोशन नगर निवासी 52 वर्षीय मरीज को रविवार को कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार तड़के चार बजे उसकी मौत हो गई। देर शाम जारी रिपोर्ट में उसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई।
राजस्थान के कोटा में लॉकडाउन में फंसे जनपद के 12 और छात्रों को बस से शामली लाया गया। छात्रों को एक स्कूल में रखा गया, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका रैपिड टेस्ट किया। अधिकारियों के मुताबिक सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
आगरा में सोमवार को 12 नए मरीज और मिले। प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा अब 267 पर पहुंच गया है। इनमें 229 मामले सक्रिय हैं।
फिरोजाबाद जिले में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को चार नए मामले मिले। जिले में कोरोना संक्रमण के अब तक 56 मरीज मिल चुके हैं। इनमें तीन मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि एक की मौत हो चुकी है। इस तरह कुल 52 मामले सक्रिय हैं।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक आठ जिले संक्रमण शून्य घोषित कर दिए गए हैं। प्रदेश के 52 जिलों में अब तक 1176 कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं, जिसमें से 1030 मामले सक्रिय हैं। अब तक 129 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब हर रोज 2000 से अधिक सैंपल टेस्ट किए जा रहे हैं। अब तक कुल 31,726 लोगों के सैंपल टेस्ट किए गए हैं जिसमें से 30,550 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 1020 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में और 10336 लोगों को क्वारंटीन में रखा गया है।
लॉकडाउन के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सीएम की मौसी सरोज देवी अपने बड़े बेटे सत्येंद्र बिष्ट के साथ उत्तराखंड के लिए निकली थीं। लेकिन भगवानपुर पहुंचते ही बॉर्डर पर उत्तराखंड पुलिस ने उन्हें रोक दिया और वापस लौटा दिया। सरोज देवी के पास यहां के जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पास भी था। मगर इसके बावजूद उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। इसके चलते सरोज देवी के साथ ही परिवार के अन्य लोग मायूस रहे।
देवबंद में इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम ने लॉकडाउन में आ रहे रमजान माह को लेकर देशभर के मुसलमानों के लिए फतवा जारी किया है। जिसमें मुफ्तियों ने मुसलमानों से रमजान की विशेष नमाज तरावीह घरों में ही रहकर अदा करने को कहा है।
मेरठ के सदर बाजार क्षेत्र में सोमवार को एक गर्भवती महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद खलबली मच गई। महिला को तुरंत मेडिकल के कोविड 19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं महिला के परिजनों को भी क्वारंटीन कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर ही मौजूद हैं।
जानकारी के अनुसार सदर बाजार थानाक्षेत्र के रजबन बाजार निवासी गर्भवती महिला में कोराना वायरस की पुष्टि होने के बाद इस क्षेत्र को हाॅटस्पाॅट मानते हुए सील करने की तैयारियां चल रही हैं। वहीं बताया गया कि महिला का पति सदर सब्जी मंडी में दुकान करता है जहां हर रोज हजारों की संख्या में खरीदार आते हैं। इसे लेकर एक तरफ पुलिस प्रशासन के लिए चिंता खड़ी हो गई है वहीं क्षेत्रवासियों में भी दहशत का माहौल है।
यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में कोटा, राजस्थान से करीब 10,500 विद्यार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए प्रदेश वापस लाया गया। इन सबकी स्क्रीनिंग करने के बाद होम क्वारंटीन किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से सुरक्षाचक्र टूटने नहीं दिया जाएगा। अपर मुख्य सचिव गृह सोमवार को लोकभवन में मीडिया को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि डोर स्टेप डिलीवरी में लगे लोगों की भी जांच की जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि ये लोग मास्क लगाकर सामग्री की आपूर्ति करें। बाहर से आने वालों को हर हाल में क्वारंटीन किया जाए। अधिक से अधिक लोगों को ट्रैक करते हुए टेस्टिंग की जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 या उससे अधिक कोरोना पॉजिटिव मामलों वाले इलाकों में लॉकडाउन व्यवस्था पूरी तरह जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
औरैया के हॉटस्पॉट इलाकों में सख्ती रही। निर्धारित समय पर दुकान खुलने से लोग अपनी जरूरत के सामान की खरीदारी करते दिखाई दिए। फर्रुखाबाद जिले के सभी प्रमुख मार्गों पर चहल कदमी रही। बाजार में कुछ दुकानें भी खुलीं। इससे यहां भीड़ नजर आई।
आगरा में कोरोना वायरस की दहशत के बीच एसएन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में सोमवार को किलकारी गूंजी। यहां संक्रमित महिला ने बच्चे को जन्म दिया। नवजात की जांच के लिए नमूना लेकर प्रयोगशाला भेज दिया है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी क्षेत्र में पुलिस पर महिला सफाईकर्मी की पिटाई करने का आरोप लगा है। आरोप है कि पुलिसवालों ने ड्यूटी के दौरान बुजुर्ग महिला सफाईकर्मी की पिटाई की, महिला सफाईकर्मी ने आई कार्ड और वर्दी भी दिखाई, लेकिन पुलिसवालों ने एक न सुनी। बुरी तरह पिटाई होने से बुजुर्ग महिला बेहोश हो गईं।
कानपुर में पिछले दो दिन में 43 कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद हॉटस्पॉट इलाकों में सख्ती और बढ़ा दी गई है। हॉटस्पॉट इलाके ग्वालटोली थाना अन्तर्गत सिविल लाइन्स में डीएस टावर अपार्टमेंट की ओर जाने वाले रास्ते को बांस-बल्ली लगाकर बंद कर दिया गया है। साथ ही फोर्स भी तैनात है। आपको बता दें कि ज्यादातर मामले हॉटस्पॉट इलाकों में ही मिले हैं।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सोमवार को लॉकडाउन का पालन करने के लिए कहने पर एक किराना व्यापारी ने प्रभारी निरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को दुकान के अंदर बंधक बना लिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। हालांकि घंटे भर बाद दुकानदार ने दुकान का ताला खुलवा दिया। तब जाकर पुलिसकर्मी दुकान से बाहर निकले।
महराजगंज जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी के दृष्टिगत लागू किए गए लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस द्वारा धारा 188 के अंतर्गत 83 मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं। इसी तरह ब्लैक मार्केटिंग में चार लोगों पर मुकदमा किया गया है। आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी) के अंतर्गत 5 मुकदमे हुए हैं जबकि 2873 वाहनों का चालान किया गया है। साथ ही 284 वाहन सीज किए गए और 432300 का जुर्माना वसूल किया गया।
बिजनौर में दरोगा समेत चार नए कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद नहटौर थाना व उसके एक किलोमीटर के दायरे को सील कर दिया गया है। हल्दौर चौराहे पर स्थित पुलिस चौकी पर अस्थाई थाना बनाया गया है। डीएम और एसपी ने थाने का दौरा किया। वहीं नहटौर थाने को सैनिटाइज कराया गया है।
शामली जिले में लोगों को लॉकडाउन का पालन करने के लिए पुलिस शहर में प्रचार प्रसार कर रही है। वहीं बेवजह घूमने पर दोपहिया वाहनों के चालान किए। हालांकि किताबों की दुकान पर लोगों की कतार लगी रहीं। लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर किताबें लीं। हॉटस्पॉट इलाकों में पुलिस की कड़ी निगरानी है।
कोटा से छात्र-छात्राएं गोरखपुर के सहजनवां के मुरारी इंटर कॉलेज पहुंचे। उनके चेहरे खुशी से चमक उठे। घरवालों को देखकर रो पड़े। विद्यार्थियों और उनके मां-बाप ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तहेदिल से धन्यवाद किया। सहजनवां में स्वास्थ्य परीक्षण संबंधी कार्रवाई पूरी होने के बाद इन विद्यार्थियों ने एक-एक कर दुश्वारियों की दास्तां बयां की। उन्होंने बताया कि कैसे एक छोटे से कमरे में आठ-आठ, दस-दस विद्यार्थी साथ थे। कभी भरपेट खाने को मिलता तो कभी भूख से कराहते हुए रात गुजरी।
ग्रेटर नोएडा के चैरी काउंटी इलाके में एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
रामपुर सिविल लाइंस पुलिस ने सोमवार सुबह कार से नैनीताल से दिल्ली जा रही फ्रांस की दो महिला यात्रियों को कोसी पुल के पास बैरियर पर रोक लिया। पूछताछ में यात्रियों ने बताया कि 21 अप्रैल को उनकी दिल्ली से फ्रांस के लिए फ्लाइट है और इस संबंध में दूतावास से आए पत्र व अन्य आवश्यक दस्तावेज भी दिखाए। दोनों यात्री लॉकडाउन के कारण नैनीताल में फंसी हुई थीं। यात्रियों ने उन्हें करीब एक महीने क्वारंटीन किए जाने और सभी आवश्यक जांच किए जाने की बात बताई और कागजात दिखाए। सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ ने डीएम-एसपी को पूरी जानकारी देने के बाद दोनों महिला यात्रियों को जाने की अनुमति दे दी।
बिजनौर में सोमवार को एक दरोगा समेत चार लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 23 हो गई है।
कानपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि अब तक जिले में कोरोना वायरस के 49 सक्रिय मामले थे। आज सुबह माइक्रोबायोलॉजी विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 17 और पॉजिटिव मामले पाए गए हैं।
प्रदेश में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा आज से टोल संग्रह दोबारा शुरू कर दिया गया है। वाराणसी में राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर डफी टोल प्लाजा के पास उप प्रबंधक ने कहा कि फिलहाल हम केवल दो लेन का संचालन कर रहे हैं। इस दौरान टोल बूथ संचालक मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग कर रहे हैं।
मुरादाबाद स्थित तीर्थांकर महावीर विश्वविद्यालय के मेडिकल कॉलेज में इलाजरत कोरोना वायरस से संक्रमित डॉक्टर की रविवार रात मौत हो गई। मुरादाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने इसकी पुष्टि की है।
प्रदेश में कोरोना वायरस की समीक्षा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 11 समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।
मेरठ एसएसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि वैलेंटिस कैंसर अस्पताल द्वारा अखबार में दिए गए विवादित विज्ञापन के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन मौजूदा साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करेगा।
विज्ञापन के लिए माफी मांगते हुए अस्पताल के डॉ. अमित जैन ने कहा कि विज्ञापन सभी लोगों से यह अपील करने के लिए दिया गया था कि वे सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि सभी लोग सुरक्षित रहें। इसका धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। विज्ञापन में प्रयोग किए गए कुछ शब्दों से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, इसके लिए हम माफी मांगते हैं। अस्पताल का मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
मेरठ के वैलेंटिस कैंसर अस्पताल ने अखबार में एक विज्ञापन के माध्यम से नए मुस्लिम मरीजों और उनके खिदमतगारों को सिर्फ तब ही इलाज के लिए आने को कहा है जब उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई हो। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने अब उस विज्ञापन के लिए माफी मांगी है।