फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP Live Updates: प्रदेश में संक्रमितों की संख्या हुई 1127, आज से नहीं खुलेंगी जिला अदालतें

Mon, 20 Apr 2020 12:32 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

देशभर में रोजाना कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों में बढ़ोतरी हो रही है। यूपी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1127 हो गई है। इसी के साथ संक्रमण 50 जिलों तक पहुंच गया है। रविवार को 105 नए मरीज सामने आए। यूपी में अब तक 17 मरीज दम तोड़ चुके हैं। यहां पढ़ें उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से जुड़ा हर अपडेट...
 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:31 AM, 20-Apr-2020

मेरठः वेस्टर्न यूपी टोल प्लाजा शिवाया पर वसूली शुरू

लॉकडाउन के चलते 26 मार्च को बंद हुए वेस्टर्न यूपी टोल प्लाजा शिवाया में रात्रि 12:00 बजे से टोल प्लाजा पर वसूली शुरू कर दी गई है। फिलहाल आने और जाने की चार-चार लाइन पर टोल टैक्स लिया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान के साथ में अन्य टोल कर्मी भी मौजूद हैं। लॉकडाउन के कारण टोल पर वसूली बंद कर दी गई थी। 

11:03 PM, 19-Apr-2020

तालबेहट के युवक की कोरोना से मौत की पुष्टि 

इंदौर की एक बीज कंपनी में बतौर प्रबंधक काम करने वाले मूल रूप से तालबेहट निवासी युवक की मृत्यु शनिवार रात इंदौर के एक अस्पताल में हो गई। इंदौर के सीएमओ डॉ. प्रवीण जडेजा ने पुष्टि की है कि संबंधित युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

10:29 PM, 19-Apr-2020

आगरा में रविवार 14 नए कोरोना रोगी मिले

आगरा में रविवार 14 नए कोरोना रोगी मिले हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 256 हो गई है। इनमें 92 जमाती और उनके संपर्क के हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने अप्रैल की रिपोर्ट जारी की है।

विज्ञापन
10:27 PM, 19-Apr-2020

मेरठ में मिले दो कोरोना संक्रमित

मेरठ में कोराना पाॅजिटिव मृतक के बेटे सहित दो में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रविवार को 350 संदिग्धों की जांच हुई, जिनमें यह दो संक्रमित पाए गए। इनमें एक मेरठ का है जबकि दूसरा हापुड़ का रहने वाला है। मेरठ में अब कुल मरीजों की संख्या 74 हो गई है। 

10:09 PM, 19-Apr-2020

लॉकडाउन के उल्लंघन पर एसएसपी ने सीज की भाजपा नेता की पजैरो कार

आगरा में लॉकडाउन में चेकिंग देखने पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बबलू कुमार ने रविवार दोपहर को हरीपर्वत चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता की पजैरो कार को रुकवा लिया। पुलिसकर्मियों ने चालक से कार के कागजात मांगे, लेकिन वो दिखा नहीं सका। घर से बाहर आने का कारण भी नहीं बता सका, इस पर कार को सीज कर दिया गया।

विज्ञापन
09:07 PM, 19-Apr-2020

आगरा में तीन मई तक कोई छूट नहीं, सब्जी मंडी भी नहीं खुलेगी

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन के दौरान ताजनगरी में कोई छूट नहीं है। रविवार शाम को मुख्यमंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने कहा कि हम पूरे आगरा को हॉट जोन मानकर चल रहे हैं। सब्जी मंडी सोमवार को बंद रहेगी। इसके बाद शिफ्ट की जाएगी। कोई सरकारी दफ्तर भी नहीं खुलेगा।

08:18 PM, 19-Apr-2020

फिरोजाबाद में छह नए कोरोना केस आए सामने

फिरोजाबाद में शाम की रिपोर्ट में कोरोना के छह केस और बढ़े। रविवार को कुल 12 नए मामले आए हैं। इनमें एक रेलवे अधिकारी है। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 52 हो गई है।

07:00 PM, 19-Apr-2020

कानपुर में आज मिले 26 नए कोरोना मरीज

उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार को कोरोना बम फटा। एक दिन में सबसे अधिक 26 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने से पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के हाथ पांव फूल गए। सुबह कोरोना पॉजिटिव 14 मरीज मिलने के बाद शाम होते ही 12 और कोरोना पॉजिटिव मारीजों की पुष्टि हुई है।

06:17 PM, 19-Apr-2020

आगरा में सब्जी वाले के बाद थोक दवा व्यापारी भी संक्रमित मिला

आगरा में सब्जी वाले के बाद थोक दवा व्यापारी भी संक्रमित मिला। दवा बाजार को सैनिटाइज कर दिया गया है। पारस हॉस्पिटल के पास एक बड़े किराना स्टोर संचालक पत्नी भी पॉजिटिव मिली है। जबकि पारस की एक किमी परिधि में घर घर स्क्रीनिंग का दावा किया गया था।

05:54 PM, 19-Apr-2020

मथुरा पुलिस को जिले में लगभग 250 रोहिंग्या के छिपे होने की जानकारी मिली

कोरोना वायरस की दहशत के बीच मथुरा पुलिस को जिले में लगभग 250 रोहिंग्या के छिपे होने की जानकारी मिली है। इससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें जमातियों के साथ अब रोहिंग्याओं की तलाश में भी जुटी हैं। 

05:50 PM, 19-Apr-2020

फिरोजाबाद में मिले छह नए कोरोना संक्रमित

फिरोजाबाद में रविवार को कोरोना के छह नए मरीज मिले है। अब संख्या 46 हो गई है। इनमें इमाम भी शामिल हैं, इनकी आज मौत हो गई।

05:18 PM, 19-Apr-2020

तब्लीगी जमात पर दर्ज हो देशद्रोह का मुकदमा: इकबाल अंसारी

बाबरी मस्जिद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने तब्लीगी जमात के ऊपर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। इकबाल अंसारी का आरोप है कि तब्लीगी जमात के लोगों ने देश में कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण को फैलाया है। 

04:43 PM, 19-Apr-2020

योगी सरकार का बड़ा फैसला,  पांच लाख से अधिक प्रवासी श्रमिकों को देगी रोजगार

पिछले डेढ़ महीनों के दौरान देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से यूपी के ग्रामीण क्षेत्रों में आए पांच लाख से अधिक प्रवासी श्रमिकों को नौकरी और रोजगार देने के लिए योगी सरकार ने उच्चस्तरीय कमेटी  बनाई। 

04:08 PM, 19-Apr-2020

पासोंडा में तीन जमाती हुए कोरोना पॉजिटिव, तीन की आई रिपोर्ट निगेटिव

पासोंडा से आईटीएस में क्वारंटीन किए गए तीन जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनों रांची के रहने वाले हैं और पासोंडा मस्जिद में रहते थे। पासोंडा के ही तीन जमातियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है उन्हें डिस्चार्ज किया जा रहा है। पुलिस को सूचना दी गई है। सभी की निगरानी पुलिस करेगी। जिले में अब कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 33 हो गई है। हालांकि अब इलाज के बाद 10 संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

03:59 PM, 19-Apr-2020

क्वारंटीन हाउस से भाई को भगाना युवक को पड़ा भारी

मुंबई से लौटने के बाद क्वारंटीन हाउस में रखा गया बलराम यादव निवासी खैरहनिया उर्फ बनरही दीवार फांद कर भाग निकला। क्वारंटीन हाउस के बाहर बाइक लेकर खड़ा भाई राकेश बलराम को बैठाकर घर ले जा रहा था कि पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर बलराम को क्वारंटीन हाउस और राकेश को जेल भेज दिया है। 

03:13 PM, 19-Apr-2020

दादरी में मरकज के सफाई कर्मचारी को पकड़कर ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले

दादरी के बढ़पुरा गांव के प्राचीन मंदिर के पास एक खंडहरनुमा मकान से दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मकरज के सफाई कर्मचारी को ग्रामीणों ने पकड़कर स्वास्थ्य विभाग को सौंपा। उसकी पहचान मूलरूप से बदायूं निवासी युवक के रूप में हुई है। 

अब 20 अप्रैल से नहीं खुलेगी जिला अदालतें

उत्तर प्रदेश में अब 20 अप्रैल से ज़िला अदालतें नहीं खुलेंगी। महामारी की भयावता को देखते हुए हाइकोर्ट ने फैसला बदल दिया है। आपको बता दें कि पहले प्रदेश की जिला अदालतें 20 अप्रैल से खोलने का फैसला लिया गया था, केवल वही अदालते बंद रखने का फैसला था, जो कोरोना वायरस के कंटेनमेंट जोन में स्थित थीं। 

मुरादाबाद में एक ही परिवार के चार लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव 

मुरादाबाद में रविवार को 18 लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट में एक ही परिवार के 4 लोग शामिल हैं। चार लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद अब इस परिवार में पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर 5 हो गई  है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बरबलान मुगलपुरा क्षेत्र एक व्यक्ति फरवरी माह में हिजरा मस्जिद में ठहरे जमातियों के संपर्क में आया था। करीब एक सप्ताह पहले जमातियों के संपर्क में आने की सूचना पर उक्त व्यक्ति को आईएफटीएम में क्वारंटीन किया। तीन दिन पहले ही इस व्यक्ति की कोरोना पॉजिटव रिपोर्ट आई। जिसके बाद परिवार के ढाई साल के बेटे समेत चार लोगों को भी आईएफटीएम में क्वारंटीन कर सैंपल भेजा गया। परिवार के 4 लोगों की रविवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इसमें उक्त व्यक्ति का छोटा भाई, छोटी बहन, पत्नी और ढाई साल का बेटा शामिल है। बेटा, पत्नी और बहन को टीएमयू और भाई को कोविड 19 में भर्ती कर दिया है।

मेरठ के लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र स्थित शकूर नगर के बाजार में दुकानें खोले जाने का वीडियो वायरल करने वाले युवक पर मुकदमा दर्ज होगा। मेरठ  जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने वीडियो वायरल करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। दुकानदारों की चिन्हित कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। 

रामपुर: आरोपियों पर होगा हत्या का मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए गांव में सैनिटाइज करने गए युवक को पीटकर उसके मुंह पर कीटनाशक डालकर मौत के घाट उतारने वाले आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जिलाधिकारी ने पुलिस को हत्या का केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
 

शामली में दोपहिया वाहनों का बाजारों में प्रवेश पूरी तरह बंद

शामली जिले में पुलिस सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने दोपहिया वाहनों के बाजारों में प्रवेश को पूरी तरह बंद कर दिया है। उधर जनपद के सबसे संवेदनशील हॉटस्पॉट क्षेत्र शहर के नानूपुरी मोहल्ले में तीन जमाती मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने इस मोहल्ले पर फोकस कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी निगरानी कर रही हैं।

बिजनौर में पुलिस ने पकड़े दस और जमाती

बिजनौर जिले में जमातियों के मिलने का सिलसिला जारी है। शहर कोतवाली पुलिस ने दस और जमातियों को पकड़ा है। सभी को क्वारंटीन कर दिया है। डीजीपी द्वारा प्रशासन को भेजे गए पत्र में जिले में लॉकडाउन का सही से पालन न होने की बात कही है। इस वजह से पुलिस अब पहले से भी ज्यादा सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराने में जुटी है। 

सहारनपुर में 17 नए पॉजिटिव मामले मिले

सहारनपुर में रविवार की सुबह 17 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिन में मिले संक्रमित मरीजों में 15 से 60 साल तक के मरीज शामिल हैं। इनमें थाना मंडी क्षेत्र के संक्रमित ज्यादा हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बीएस सोढी ने बताया कि रविवार सुबह नोएडा की लैब से 153 लोगों की जांच रिपोर्ट आई है। इस लिस्ट में 17 नए लोग कंफर्म पॉजिटिव हैं, जबकि एक रिपोर्ट प्रिज्मटिव पॉजिटिव है। यानी इसके पॉजिटिव होने पर संदेह है। इस व्यक्ति का नमूना जांच के लिए दोबारा भेजा जाएगा। 

आगरा में युवक ने पुलिस पर किया हमला

आगरा पुलिस ने लॉकडाउन में सख्ती और बढ़ा दी है। रविवार सुबह भगवान टॉकीज के पास सर्विस रोड पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक को रोकने पर युवक ने पुलिस पर हमला बोल दिया। युवक ने पुलिस पर पहले ईंट से हमला किया। पकड़ने गए सिपाही पर युवक ने चाकू से हमला बोल दिया। जिससे सिपाही की दो अंगुलियां कट गईं। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीएम ने अधिकारियों के साथ की बैठक

उत्तर प्रदेश में COVID19 की स्थिति की समीक्षा को लेकर लखनऊ: में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की बैठक ली। 

बस्ती में मिले तीन नए कोरोना पॉजिटिव

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में तीन कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। इन तीन को मिलाकर बस्ती जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 19 हो गई है, जिसमें एक शख्स की मौत हो चुकी है। बस्ती प्रभारी सीएमओ डॉ. फख्रेयार हुसैन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है। रविवार को यूपी में 60 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1080 हो गई है।

कोटा में लॉकडाउन के बाद फंसे 35 छात्र मुरादाबाद पहुंचे

राजस्थान के कोटा जिले में लॉकडाउन के बाद फंसे छात्र मुरादाबाद पहुंचने शुरू हो गए हैं। आज सुबह करीब 35 छात्र गांधी पब्लिक स्कूल पहुंच गए हैं। कोटा से कुल 130 छात्र छात्राओं को आना है गांधी पब्लिक स्कूल में सभी छात्र एवं छात्राओं की हेल्थ स्क्रीनिंग करने के बाद घर भेजा जाएगा।

सहारनपुर में 20 हॉटस्पॉट चिन्हित किए: जिलाधिकारी

सहारनपुर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा है कि अब तक सहारनपुर में 20 हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं, इनमें से गंगोह कस्बे और देवबंद को पूरी तरह से सील कर दिया है। देवबंद के सभी 25 वार्ड को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया हैं और सभी में कंटेनमेंट का काम चल रहा है।

कानपुर में 14 नए कोरोना संक्रमित मिले

कानपुर में रविवार को 14 नए कोरोना संक्रमित लोगों की पुष्टि हुई है। ये लोग हॉटस्पॉट इलाके के हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन्हें क्वारंटीन में रखा हुआ था। इसके बाद इनका सैंपल जांच के लिए जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि 14 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये 14 लोग पहले से ही क्वारंटीन में रहे हैं। इन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा जाएगा। बताते चलें कि कानपुर में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 45 हो गई है। वहीं, आज यूपी में 57 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1077 हो गई है।

फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमण से पहली मौत

फिरोजाबाद में कोरोना संक्रमण से पहली मौत होने की खबर है। शीशग्रान की बड़ी मस्जिद के इमाम की मौत हो गई है। शनिवार को उनकी कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट आई थी। आपको बता दें कि 16 अप्रैल को मौलाना ओपीडी में पहुंचे थे। उनका सैंपल लेने के बाद उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया था। रिपोर्ट आने के बाद मौलाना आइसोलेशन में भर्ती थे। रविवार को मौलाना की मौत हो गई। यूपी में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। 

रामपुर में कोरोना के आठ नए मामले सामने आए

रामपुर में आज कोरोना संक्रमितों के आठ नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा चार में से दो पुराने कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट फिर पॉजिटिव आई है। नए 8 संक्रमितों में 6 जमाती हैं और अमरोहा के रहने वाले हैं। ये सभी लोग टांडा में क्वारंटीन हैं। जबकि एक रामपुर शहर में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक कस्बे का रहने वाला है, जिसकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री भी नहीं मिल रही है। इसके साथ ही एक संक्रमित जिला अस्पताल का संविदा सफाई कर्मचारी है। 

वहीं रामपुर के जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि बिहार का रहने वाला एक युवक कोरोना पॉजिटिव आया है और उसका फ्लिपकार्ट से कोई लेनादेना नहीं है। पहले ऐसी बात जानकारी में आई थी वह इससे संबंधित है, लेकिन पूछताछ के बाद साफ हो गया है कि वह किसी दूसरी ऑनलाइन कंपनी का डिलीवरी ब्वॉय है।

मुरादाबाद में 18 और कोरोना पॉजिटिव मिले

मुरादाबाद जिले में 18 और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, रविवार सुबह 18 और कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इनमें 6 बच्चे, चार महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं। पॉजिटिव लोगों में 10 लोग बरबलान, तीन मुगलपुरा, तीन आजाद नगर और दो तंबाकू कॉलोनी के रहने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन इलाकों के लिए रवाना हो गई हैं। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 57 हो गई है।

कानपुर में ऑटो ड्राइवरों को काम ना मिलने से परेशानी

उत्तर प्रदेश के कानपुर में लॉकडाउन की वजह से ऑटो ड्राइवरों को काम ना मिलने से काफी परेशानी हो रही है। एक ऑटो ड्राइवर ने बताया कि जब से लॉकडाउन शुरू हुआ है तब से कोई सवारी नहीं मिली है। यहां खाना बांटने वाले आते हैं उन्हीं के सहारे बैठे हैं, मिल जाता है तो परिवार के लिए भी ले जाते हैं।

यूपी में आज 43 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव

रविवार सुबह को 43 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट के अनुसार, कल यानि की शनिवार को कोरोना वायरस के लिए टेस्ट किए गए 851 सैंपल में से 43 के नतीजे पॉजिटिव आए हैं। अब यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1063 हो गई है। 

प्रदेश में संक्रमितों की संख्या हुई 1127, आज से नहीं खुलेंगी जिला अदालतें

प्रदेश में शनिवार को नोवेल कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1020 हो गई थी। शनिवार को 143 नए मरीज सामने आए थे। वहीं, शनिवार को ही आगरा व मेरठ में एक-एक मरीज की मौत हुई थी। इससे मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। वहीं, रविवार को भी एक मरीज ने दम तोड़ दिया। ऐसे में अब यूपी में 17 लोगों की मौत हो चुकी है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें