सहारानपुर के हॉटस्पॉट इलाकों में पुलिस का सख्त पहरा है। बल्लियां आदि लगाकर आवाजाही बंद कर रखी है। डोर टू डोर सामान पहुंचाने के दौरान भी सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के 11 हॉटस्पॉट इलाकों में सख्त पहरा है। इन हॉटस्पॉट इलाकों में मेरठ पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोई व्यक्ति बाहर न निकले। हॉटस्पॉट के एक किलोमीटर के दायरे तक सभी इमरजेंसी सेवा भी बंद रहेंगी। अस्पताल, क्लीनिक और पेट्रोल पंप समेत जरुरत का समान भी उपलब्ध नहीं हो रहा है। इन सभी जगह पर पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस ही सभी सामान की व्यवस्था कर रही है।
उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में चिन्हित तीनों हॉटस्पॉट कस्बा झिंझाना, थानाभवन के गांव भैंसानी इस्लामपुर और मोहल्ला नानु पुरी तिमरसा को बुधवार रात 12 बजे से सील कर दिया गया। सड़क से लेकर गली के बाहर पुलिसबल तैनात है। किसी को भी सीलिंग वाले क्षेत्रों में जाने की इजाजत नहीं है। हॉटस्पॉट वाले इलाके को छोड़कर बाकी शहर में रोज की तरह सुबह 3 घंटे तक राशन और जरूरत का सामान मिला।
उत्तर प्रदेश के झांसी में आज शब-ए-बारात का पर्व मनाया जाएगा, कोरोना वायरस के चलते इस बार मुस्लिम समुदाय के लोग घरों में ही इबादत करेंगे। पूरे जिले में ईदगाह व कब्रिस्तानों पर ताले लगा दिए गए हैं जिससे भीड़भाड़ न हो। उलेमाओं ने भी घरों में ही रहकर इबादत करने की अपील की है।
बस्ती जिले में आठ कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। शासन ने इसे देखते हुए जिले के हॉट स्पॉट तीन मोहल्लों को सील कर दिया है। हालांकि बुधवार की शाम यह अफवाह फैली कि जिले को सील किया जा रहा है। इस अफवाह का असर रहा कि बड़ी संख्या में लोग सड़क पर निकल गए, हालांकि थोड़ी ही देर बाद डीएम आशुतोष निरंजन ने स्थिति साफ कर दी जिसके बाद हालात सामान्य हो गए। लोग घरों में वापस लौट गए।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में पुलिस ने अब तक धारा 188 के अंतर्गत 45 मुकदमे दर्ज किए हैं, लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 177 लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि 1614 वाहनों का चालान किया है। इसके अलावा 139 वाहन सीज कर 2,63900 रुपये का जुर्माना वसूला है।
उत्तर प्रदेश में पूरी तरह लॉकडाउन घोषित होने के बावजूद बरेली जिले में बुधवार रात सर्किटहाउस के पास शराब की दुकान खोलकर बिक्री की जा रही थी। जब इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो विक्रेता अनूप सक्सेना को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही दुकान मालिक आशू तलवार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
वाराणसी के चार मोहल्लों को रेड जोन घोषित किया गया है। चारों मोहल्लों मदनपुरा, बजरडीहा के छाही, लोहता के अलावल और गंगापुर के राजनारायण नगर के लोग खुद एहतियात बरत रहे हैं और कोई अनावश्यक अपने घर से बाहर नहीं निकल रहा है। गुरुवार को हॉटस्पॉट घोषित बजरडीहा के छाहीं और मदनपुरा में एडीएम सिटी विनय कुमार सिंह और एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने भ्रमण किया और स्थिति का जायजा लिया। बनारस में कोरोना वायरस संक्रमित नौ लोग मिले थे। इसमें दो लोग ठीक हो गए, जबकि एक की मौत हो चुकी है, बाकी 6 लोगों का दीनदयाल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
मैनपुरी में जमातियों के संपर्क में आया एक और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला है। बुधवार को देर रात सैफई मेडिकल कॉलेज से आई प्रथम जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसके बाद युवक को लेवल-1 आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया है। मैनपुरी में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने कहा कि प्राथमिक जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सैंपल लेकर दोबारा जांच के लिए भेजे जाएंगे।
लॉकडाउन के दौरान लोगों की मदद करते वक्त फोटो खींचने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी। अपर महानिदेशक ने आईजी व एसएसपी को पत्र भेजकर सख्ती से नियम का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश आने के बाद पुलिस अफसरों ने सभी साथियों को अवगत करा दिया गया है।
जौनपुर में एक और युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। वह सहारनपुर के देवबंद मदरसे का छात्र है। इसके साथ ही जौनपुर में कोरोना संक्रमण के चार मामले हो गए हैं। जबकि वाराणसी, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के जिलों में कुल संक्रमितों की संख्या 24 पहुंच गई। इनमें 14 जमाती हैं।
कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर भले ही पूरे प्रदेश को लॉकडाउन कर हॉटस्पॉट इलाकों को सील कर दिया गया हो, लेकिन बरेली में लोग इसका खुलेआम उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं। दुकानों को खोलने के लिए सुबह 7 बजे से 11 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है लेकिन श्यामगंज किराना बाजार, एलन क्लब मंडी, कुतुब खाना सब्जी मंडी और अन्य बाजार सुबह चार बजे ही खुल गए। यहां लॉकडाउन के नियमों की धज्जियां उड़ती रहीं और लोग ज्यादा से ज्यादा सामान खरीदने की होड़ में लगे रहे।
हरदोई जिले के बिलग्राम निवासी 50 वर्षीय शिक्षक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शिक्षक बिलग्राम के ही एक मदरसे में पढ़ाता है। हरदोई जिले में अब तक दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
आगरा जिले में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप से हालात चिंताजनक हो गए हैं। बृहस्पतिवार सुबह एक साथ 19 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 84 हो गई है, जो प्रदेश के किसी एक शहर में सबसे अधिक है।
प्रदेश में बुधवार कुल 40 नए कोरोना पॉजिटिव मिले। प्रदेश में अब कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 388 पहुंच गई। संक्रमित लोगों में तब्लीगी जमात से 201 लोग जुड़े बताए गए हैं, जिसमें 20 से अधिक बुधवार को सामने आए।
बुधवार को मिले संक्रमित
सहारनपुर में छह, लखनऊ व रामपुर में 5-5, नोएडा में चार प्रतापगढ़ में तीन, मुजफ्फनगर व मेरठ में 3-3, कानपुर, आगरा, बागपत व अमरोहा में 2-2, कौशांबी व जौनपुर में एक-एक नए मरीज शामिल हैं।