फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP: प्रदेश में मिले 114 कोरोना पॉजिटिव, 1449 हुई संक्रमितों की संख्या

Thu, 23 Apr 2020 03:09 AM IST
शाहरुख खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश से बुधवार को कोरोना संक्रमण के 114 नए मामले सामने आए। यूपी में अब संक्रमितों की संख्या 1449 हो गई है। वहीं 11 जिले कोरोना मुक्त घोषित कर दिए गए हैं। अलीगढ़ और लखनऊ में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों ने पुलिस पर पथराव किया। यहां पढ़ें उत्तर प्रदेश में कोरोना से जुड़ा हर अपडेट-
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:09 AM, 23-Apr-2020

प्रदेश में 114 नए केस, लखनऊ में लैब टेक्नीशियन भी संक्रमित 

उत्तर प्रदेश में बुधवार को कोरोना से संक्रमित 114 नए मामले सामने आए। अब तक मिले कुल संक्रमितों की संख्या 1449 हो गई है। इनमें से 21 लोगों की जान भी जा चुकी है। लखनऊ में बुधवार को एक नया मामला सामने आया। बीकेटी स्थित सरकारी अस्पताल में तैनात एक लैब टेक्नीशियन ड्यूटी के दौरान मरीजों का सैंपल लेते समय संक्रमित हो गया है। अब 53 में से 11 जिले कोरोना फ्री हो गए हैं। 

10:06 PM, 22-Apr-2020

देवबंद के बाद मौलाना साद की ससुराल वाला क्षेत्र सबसे अधिक संवेदनशील

कोरोना संक्रमण के मामलों का शतक पार कर चुके सहारनपुर जिले में देवबंद के बाद शहर का थाना मंडी क्षेत्र सबसे अधिक संवेदनशील हो गया है। इसी क्षेत्र में मौलाना साद की मोहल्ला मुफ्ती में ससुराल भी है। मौलाना साद के दो रिश्तेदारों के संक्रमित मिलने के बाद ही इस क्षेत्र को पूरी तरह सील किया गया था। 

09:59 PM, 22-Apr-2020

कानपुर में मिले छह कोरोना संक्रमित

कानपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है। हॉटस्पॉट इलाकों से हर रोज कोरोना पॉजिटिव मरीज आ रहे हैं। बुधवार शाम को आई रिपोर्ट में छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से दो महिलाएं हैं।

विज्ञापन
08:19 PM, 22-Apr-2020

लॉकडाउन का मतलब टोटल लॉकडाउन: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लॉकडाउन का मतलब टोटल लॉकडाउन है। इसका सख्ती से शत-प्रतिशत पालन करवाया जाए। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने समस्त गतिविधियों में प्रत्येक दशा में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के निर्देश दिए।

07:33 PM, 22-Apr-2020

अलीगढ़ में एक महिला सहित दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए

अलीगढ़ में एक महिला सहित दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या पांच हो गई है। 

विज्ञापन
06:12 PM, 22-Apr-2020

आगरा में मिले 19 कोरोना संक्रमित

आगरा में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला 22वें दिन भी जारी है। जिले में बुधवार को शाम तक 19 संक्रमित मिल चुके हैं। इस तरह अब मरीजों की संख्या 327 हो चुकी है। 

05:41 PM, 22-Apr-2020

रायबरेली में फिर मिले आठ कोरोना पॉजिटिव

रायबरेली जिले से भेजे गए सैंपल में आठ और लोगों में कोरोना की पुष्टि हो गई है। इसमें चार तब्लीगी जमात के प्रमुख मौलाना साद की ससुराल सहारनपुर के रहने वाले हैं।

03:35 PM, 22-Apr-2020

लखनऊ में लॉकडाउन का उलंघन करने वालों ने पुलिस पर किया पथराव

कैंट थाना क्षेत्र के सदर इलाके में लाॅकडाउन का उलंघन करने वालों ने पुलिस के ऊपर पथराव किया है। लॉकडाउन में घरों से निकलकर रेलवे क्रॉसिंग पार कर दूसरे क्षेत्र में जा रहे लोगों को पुलिस के रोके पर पुलिस और लोगों के बीच झड़प हुई है।

पथराव में कैंट थाने का एक सिपाही पत्थर लगने से घायल हो गया है। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात की गई है। वहीं पथराव करने वाले उपद्रवी फरार हो गए।

03:27 PM, 22-Apr-2020

बिजनौर में मिला एक कोरोना संक्रमित

एक अप्रैल को स्वास्थ विभाग की टीम ने एक मस्जिद से उठाकर बिजनौर के ताज बैंकट हॉल में क्वारंटीन किया था। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार मूल रूप से यह मरीज कर्नाटक का निवासी है और दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्थित मरकज में हुई तब्लीगी जमात से बिजनौर आया था।

03:12 PM, 22-Apr-2020

मेरठ में बुधवार को दो और कोरोना संक्रमित मिले

मेरठ में बुधवार को दो और कोरोना संक्रमित मिले हैं। ये संक्रमित भाजपा महानगर महानगर कार्यकारिणी सदस्य और उनके भाई हैं। कल ही उनके पिता को कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने महानगर कार्यकारिणी सदस्य समेत परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे, जिसमें दोनों भाइयों को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।

02:50 PM, 22-Apr-2020

मेरठ में संदिग्ध हालत में डॉक्टर की मौत, कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया

मेरठ के मवाना सीएचसी पर तैनात डाॅक्टर की संदिग्ध हालत में आज सुबह मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। डॉक्टर मेरठ के नेशनल इंटर काॅलेज में ड्यूटी कर रहे थे। जहां से आज सुबह मवाना अपने घर लौटते वक्त वह रास्ते में बेहोश हो गए। पीछे से आ रहे साथी डाॅक्टर ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान सुबह साढ़े नौ बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल कोरोना की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को दिया जाएगा। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

02:34 PM, 22-Apr-2020

मेरठ मेडिकल कॉलेज से मरीजों के फरार होने की सूचना पर मचा हड़कंप

मेरठ मेडिकल कॉलेज से मरीजों के फरार होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। छानबीन हुई तो पता चला कि इनमें से नौ मरीज जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद बिना बताए घर पहुंच गए थे, जबकि एक मेडिकल में ही क्वारंटीन है और एक अन्य को सुभारती मेडिकल कॉलेज भेजा जा चुका है।

02:18 PM, 22-Apr-2020

वाराणसी में मिले कोरोना वायरस की तीन और मरीज

वाराणसी में बुधवार को तीन और कोरोना से संक्रमित लोगों की पुष्टि हुई है। जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या 19 पहुंच गई है। पांच दिन पहले पितरकुंडा में जिस सुपारी व्यापारी में कोरोना की पुष्टि हुई थी, उसके संपर्क में आने से व्यापरी की बहू, पोता और पोती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 19 संक्रमितों में से अब तक 6 लोग ठीक हो चुके हैं, दो क्वारंटीन हैं और एक की मौत हो गई है। 10 मरीज आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं।

01:55 PM, 22-Apr-2020

कानपुर के कोरोना के 2 और मरीज मिले

कानपुर के कोरोना के 2 और मरीज मिले हैं। जिले में अब संख्या बढ़कर 79 हो गई है। जिले में पुलिस भी सख्ती बरत रही है। शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है। 

01:22 PM, 22-Apr-2020

सहारनपुर में 26 नए कोरोना संक्रमित मिले

सहारनपुर जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। जिले में अब 26 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें तब्लीगी जमात से जुड़े नौ लोग भी शामिल हैं। इस तरह जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 114 तक पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने बताया कि नोएडा से 240 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है। इनमें 26 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन मरीजों में तब्लीगी जमात से जुड़े नौ लोगों के अलावा बाकी देवबंद और अन्य जगहों के हैं।

12:56 PM, 22-Apr-2020

बागपत में दूसरे राज्यों से आवागमन रोकने के लिए बॉर्डर पर सख्ती बढ़ाई

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दूसरे राज्यों से आवागमन रोकने के लिए बॉर्डर पर सख्ती बढ़ाई गई है। हरियाणा के अलावा गाजियाबाद के बॉर्डर पर दिल्ली से आवागमन रोकने के लिए एसपी ने निर्देश दिए हैं। जिले में बाजार 9 बजे तक खुले रहे। 

12:36 PM, 22-Apr-2020

महराजगंज में 338 लोग हुए गिरफ्तार

महराजगंज जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर धारा 188 के अंतर्गत 92 मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं।  338 लोग गिरफ्तार हुए हैं। ब्लैक मार्केटिंग में 4 लोगों पर मुकदमा किया गया है। ईसी एक्ट के अंतर्गत 5 मुकदमे, 3214 वाहनों का चालान किया गया। 302 वाहन सीज किए गए और 496700 का जुर्माना वसूल किया गया।
 

12:24 PM, 22-Apr-2020

शामली में सोशल डिस्टेंस का पालन कर दुकानों से खरीदी किताबें

शामली जिले में लॉकडाउन में बुधवार को स्टेशनरी की दुकानें सुबह 3 घंटे के लिए खुली। अभिभावकों ने सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए बच्चों की किताबें खरीदीं। पुलिस ने लॉकडाउन का सख्ती के पालन करते हुए दुपहिया वाहनों के चालान किए। हॉटस्पॉट इलाकों में पुलिस की गश्त रही।

11:54 AM, 22-Apr-2020

अमरोहा में पांच और कोरोना संक्रमित मिले

अमरोहा में पांच और कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमित दिल्ली से लौटने वाले और जमात से जुड़े लोग हैं। जिले कोरोना पॉजिटिव की संख्या 23 हो गई है। 

11:37 AM, 22-Apr-2020

अलीगढ़ में पुलिस पर पथराव

अलीगढ़ के भुजपुरा में लॉकडाउन के दौरान मिलने वाली छूट की समय अवधि पूरी होने पर बाजार बंद कराने गए पुलिसकर्मियों पर भीड़ ने पथराव कर दिया। महिला पुलिसकर्मी सहित तीन पुलिसकर्मी हमले में घायल हो गए। भीड़ ने लैपर्ड बाइक में भी तोड़फोड़ की। फिलहाल भारी मात्रा में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है। फिलहार स्थिति नियंत्रण में है।

11:26 AM, 22-Apr-2020

लॉकडाउन में मथुरा में प्रशासन हुआ सख्त

लॉकडाउन में मथुरा प्रशासन सख्ती बरत रहा है। आवश्यक वस्तुओं के लिए घर से निकलने वालों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। डीएम और एसएसपी ग्रोवर शहर में व्यवस्थाएं देखने निकले और इलाके का जायजा लिया।

11:02 AM, 22-Apr-2020

मुरादाबाद में 3 साल के बच्चे समेत 21 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव

मुरादाबाद में कोरोना वायरस के 3 साल के बच्चे समेत 21 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुरादाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमसी गर्ग ने इसकी पुष्टि की है। 

10:47 AM, 22-Apr-2020

कुशीनगर के इस 106 साल के नेता के पास पीएम मोदी ने किया फोन

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार की सुबह एक गर्व करने वाली खबर आई। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 106 साल के बुजुर्ग भाजपा नेता व जनसंघ के टिकट पर वर्ष 1977 में नौरंगिया से विधायक रहे श्री नारायण उर्फ भुलई भाई से बात कर हाल चाल पूछा। पीएम मोदी ने फोन पर कहा कि आपको देखे बहुत दिन हो गए थे, सोचा इस संकट की घड़ी में आपका हालचाल जानकर आशीर्वाद ले लूं। इसके साथ ही पीएम मोदी ने उनके पूरे परिवार को प्रणाम कहा।
 

10:26 AM, 22-Apr-2020

प्रदेश में मिले 114 कोरोना पॉजिटिव, 1449 हुई संक्रमितों की संख्या

प्रदेश में मंगलवार को नोवेल कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1337 हो गई थी। मंगलवार को 153 नए मरीज सामने आए थे। इसी के साथ संक्रमण 53 जिलों तक पहुंच गया है। वहीं 10 जिले कोरोना फ्री घोषित किया गया है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें