फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP Live Update: कोरोना संदिग्ध ने सातवीं मंजिल से कूदकर दी जान, यूपी में 487 संक्रमित

Mon, 13 Apr 2020 12:17 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है।
हापुड़ जिले में रविवार को कोरोना संदिग्ध की मौत से हड़कंप मच गया। शनिवार को भी बुलंदशहर जिले में एक आयुर्वेदिक चिकित्सक की कोरोना से मौत हुई थी। वहीं, रविवार को आगरा में 25 नए मरीज मिले हैं। प्रदेशभर में अब संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 487 हो गई है। 
यहां पढ़ें उत्तर प्रदेश में कोरोना से जुड़ी हर अपडेट
विज्ञापन
कोरोना वायरस (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:12 AM, 13-Apr-2020

रविवार को कोरोना के 28 नए मामले सामने आए, संक्रमित 487

उत्तर प्रदेश में रविवार को कोरोना के 28 नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 487 तक पहुंच गई। प्रधान सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि ये मामले राज्य के 41 जिलों से मिले हैं। जानकारी दी गई कि 45 मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए हैं और उन्हे छुट्टी दे दी गई है। 

10:57 PM, 12-Apr-2020

ग्रेटर नोएडाः कोरोना संदिग्ध शख्स ने सातवीं मंजिल से कूदकर दी जान

ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया इंजीनियरिंग कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में एक 32 वर्षीय शख्स ने सातवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी है। जिला अधिकारी सुहास एल वाई ने बताया कि मृतक की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इसे कोरोना संदिग्ध के दौर पर क्वारंटीन किया गया था। फिलहाल घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। 

09:53 PM, 12-Apr-2020

इटावा में मिला पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज

अब तक कोरोना संक्रमण से बचे इटावा में पहला पॉजिटिव केस सामने आया है। शुक्रवार को खांसी आने पर युवक जांच के लिए पहुंचा था। रविवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उसे कानपुर जिले के सरसौल स्थित आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कराया गया है।

विज्ञापन
09:39 PM, 12-Apr-2020

मेरठ में तब्लीगी जमात के संपर्क वाले पांच और लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। अब मेरठ की संख्या 55 हो गई है।

09:27 PM, 12-Apr-2020

फिरोजाबाद में दो कोरोना संक्रमित मिले

फिरोजाबाद शहर में दो और लोग कोराना से संक्रमित मिले हैं। इन दोनों की रिपोर्ट 10 अप्रैल को जांच के लिए गई थी, देर शाम मिली रिपोर्ट में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके दीक्षित ने दोनों को कोरोना की पुष्टि की है। इसमें 30 वर्षीय एक युवक जमातियों के संपर्क में आया था,  युवक को मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है, जबकि कन्नौज निवासी 27 वर्षीय एक युवक शहर के मोहल्ले में रह रहा था। इस युवक को एफएच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कन्नौज से आया युवक जमात से जुड़ा बताया गया है। इस तरह कोराना से संक्रमित मरीजों की संख्या जिले में अब 18 हो गई है।

विज्ञापन
08:13 PM, 12-Apr-2020

15 अप्रैल से मंत्री और विशेष सचिव व उनसे वरिष्ठ अधिकारी ऑफिस से करेंगे काम

लखनऊ रविवार को हुए मंत्रियों की बैठक में फैसला लिया गया है कि प्रदेश में 15 अप्रैल से मंत्री और विशेष सचिव व उनसे वरिष्ठ अधिकारी ऑफिस से काम करेंगे। इस बैठक में 19 मंत्री शामिल हुए। बताया जा रहा है कि सभी मंत्रियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

08:09 PM, 12-Apr-2020

जिस तरह से देश कोरोना से लड़ रहा है, मुझे उम्मीद है जल्द हमारी जीत होगीः योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से देश लड़ रहा है, उससे हमें पूरा विश्वास है कि देश इसे जल्द हराने में कामयाब रहेगा। 

07:49 PM, 12-Apr-2020

बस्ती में चार कोरोना पॉजिटिव के मरीज और मिले

कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बस्ती में लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को बस्ती में चार और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। बस्ती में अब कुल मरीजों की संख्या 12 हो गई है।

07:16 PM, 12-Apr-2020

मुरादाबाद में मिला एक और कोरोना पॉजिटिव

मुरादाबाद में रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिलने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हडकंप मच गया है। पॉजिटिव युवक दिल्ली निजामुद्दीन मरकज से लौटने वाला जमाती है। एडीजी कानून एवं व्यवस्था की सूचना पर आठ अप्रैल को पुलिस ने इसे दबोचकर एमआईटी में क्वारंटीन किया था। युवक की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के दस लोगों को क्वारंटीन कर दिया है। उनके सैंपल लेने के साथ युवक के संपर्क में आए लोगों की छानबीन की जा रही है।

05:19 PM, 12-Apr-2020

अलीगढ़ के किसान ने कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने मुंडवाया सिर

अलीगढ़ के रहने वाले युवा किसान जुगेंद्र सिंह ने अपना सिर मुंडवा के स्केच से लिख लिया है कि कोरोना भगाओ और देश बचाओ। साथ ही लोगों को जागरूक करते हुए अपील की है ये देश हमारा है और हमें हर हाल में अपने देश के मौजूदा हालतों के मद्देनजर इस बीमारी को दूर भगाना है और देश को सुरक्षित रखना है। 

04:25 PM, 12-Apr-2020

बदायूंः मस्जिद के मौलवी का परिवार घर में क्वारंटीन

भवानीपुर खल्ली में निकला कोरोना संक्रमित प्रधान पति, पूर्व प्रधान और मस्जिद के मौलवी के काफी संपर्क में रहा था। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रधान को जिला अस्पताल में क्वारंटीन करा दिया है। जबकि मौलवी को उसके परिवार के साथ घर में क्वारंटीन किया गया है। 

04:17 PM, 12-Apr-2020

मेरठ: जली कोठी में पुलिस पर हमले में कोरोना पॉजिटिव तीन जमातियों समेत 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज

मेरठ के देहलीगेट थाना क्षेत्र के जली कोठी इलाके में शनिवार को पुलिस पर हुए हमले में कोरोना संक्रमित तीन जमातियों सहित 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि हमला करने में संक्रमित लोग भी भीड़ के साथ मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने इन सभी को क्वारंटीन किया है।

03:52 PM, 12-Apr-2020

नेपाल की परसा के जामा मस्जिद से मिले तीन कोरोना पॉजिटिव जमाती

बीरगंज महानगर पालिका अंतर्गत छपकैया के जामा मस्जिद में छिपे मौलानाओं में से तीन भारतीयों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही नेपाल में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 12 पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता विकास देवकोटा ने जानकारी दी है कि तीन भारतीयों को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य मंत्रालय की चिंता बढ़ गई है। आशंका है कि ये संक्रमित लोग दिल्ली तबलीगी जमात से आए थे।

03:38 PM, 12-Apr-2020

इशापुरम में फौजी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

इशापुरम में रविवार सुबह फौजी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से बुलंदशहर निवासी फौजी इशापुरम मे अपनी साली के यहां आया हुआ था। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि फौजी ने आत्मत्या क्यों की। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

02:58 PM, 12-Apr-2020

हापुड़ में कोरोना संदिग्ध की मौत से हड़कंप

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में कोरोना संदिग्ध की मौत से हड़कंप मच गया है। आपको बता दें कि पिलखुवा इलाके के गांव हवाल निवासी व्यक्ति को 9 विदेशी जमातियों के साथ क्वारंटीन किया गया था। जीएस मेडिकल कॉलेज में शनिवार रात अचानक सांस लेने में दिक्कत होने पर उसका इलाज शुरू किया गया था। रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई। मृतक का सैंपल जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।

02:39 PM, 12-Apr-2020

शामली के हॉटस्पॉट तिमरसा में चलाया तलाशी अभियान 

शामली में रविवार को कोरोना संक्रमित प्रभाव वाले हॉटस्पॉट सील किए गए इलाकों में भी प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्था के तहत जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही जिले के हॉटस्पॉट इलाके तिमरसा में रविवार सुबह 24 टीमों में 'डोर टू डोर' सर्च अभियान शुरू कर दिया है। सीएमओ संजय भटनागर के मुताबिक तिमरसा नानुपुरी के करीब तीन हजार घरों में सर्च अभियान चलाकर जानकारी एकत्र की जाएगी। पता लगाया जाएगा कि कौन लोग जमाती के संपर्क में आए थे और उनमें कोरोना के लक्षण हैं या नहीं। आपको बता दें कि तिमरसा इलाके में असम का एक जमाती कोरोना संक्रमित मिला था।

02:08 PM, 12-Apr-2020

बेटे ने कोरोना से जीती जंग, पिता अभी अस्पताल में

आगरा में कोरोना वायरस से जंग के बीच एक और अच्छी खबर आई है। चिकित्सक का बेटा वायरस को मात देकर घर पहुंच गया है। अब उनके पिता की बारी है। अस्पताल से जाते वक्त बेटे ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती पिता का हौसला बढ़ाया और कहा, आपका घर पर इंतजार करुंगा। चिकित्सकों ने युवक को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन में रहने को कहा है। एसएन से ठीक होने वाला वो दूसरा मरीज है। रावली क्षेत्र के कॉलेज संचालक का 17 साल के बेटा भी ठीक हो गया है। उसे रविवार को डिस्चार्ज किया जाएगा। 

01:49 PM, 12-Apr-2020

झांसी से गुजरने वाली ट्रेनों में सीटें फुल

15 अप्रैल से ट्रेनों के संचालन पर भले ही असमंजस की स्थिति बनी हुई हो, लेकिन यात्रियों ने रिजर्वेशन कराने शुरू कर दिए हैं। आलम यह है कि झांसी से गुजरने वाली 50 से अधिक ट्रेनों में नो-रुम लग गया है, यानी इन ट्रेनों की सीटें भर चुकी हैं।

01:41 PM, 12-Apr-2020

फर्रूखाबाद में गैस एजेंसियों पर भीड़

फर्रूखाबाद जिले में गैस के लिए एजेंसियों के बाहर भीड़ कम नहीं हो रही है। सुबह लोगों की भीड़ लग जाती है। इससे वहां सोशल डिस्टेंस का भी पालन नहीं हो पाता है। जब पुलिसकर्मी पहुंचते हैं तब वह लोगों को दूर-दूर खड़ा किया जाता है। 

01:26 PM, 12-Apr-2020

महोबा में सुबह से ही छा जाता है सन्नाटा

महोबा जिले में लॉकडाउन के चलते पुलिस तेजी से धरपकड़ कर रही है। इसलिए सुबह से सड़कों पर यहां सन्नाटा छा जाता है।

01:11 PM, 12-Apr-2020

कानपुर के कई इलाकों में उड़ रहीं आदेशों की धज्जियां 

पूर्ण लॉकडाउन के बावजूद कानपुर के कई इलाकों में आदेशों की धज्जियां उड़ रही हैं। कल्याणपुर बिठूर रोड पर जनरल स्टोर खुला दिखाई दिया। यहां वाहन भी बेरोकटोक सड़कों पर दौड़ते नजर आए। वहीं छपेड़ा पुलिया के पास दुकान खोलकर सामान बेचा जा रहा था। हालांकि कई क्षेत्र ऐसे भी हैं जिन्होंने पूर्णतया लॉकडाउन का पालन किया और घरों में ही कैद रहे। 
 

12:46 PM, 12-Apr-2020

रामपुर जिलाधिकारी ने बाइक से किया औचक निरीक्षण

रामपुर जिलाधिकारी मुंह पर मास्क और सिर पर हेलमेट पहनकर शनिवार रात को अपनी बाइक से औचक निरीक्षण के लिए निकले। उन्होंने आसानी से शहर के कई नाके पार कर लिए। रास्ते में उन्हें किसी ने नहीं रोका, लेकिन एलआईसी तिराहे पर तैनात एक सिपाही ने उन्हें पकड़ लिया। सिपाही ने उन्हें रास्ते में ही रोककर लॉकडाउन के दौरान बाहर घूमने के लिए डांट लगा दी। जिलाधिकारी ने सिपाही को उसकी सख्ती के लिए शाबाशी दी और पुरस्कार के तौर पर 500 रुपये दिए।

12:22 PM, 12-Apr-2020

कुशीनगर और देवरिया के बॉर्डर सील

उत्तर प्रदेश के बस्ती और महराजगंज जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद पड़ोसी जिले कुशीनगर, देवरिया के भी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन अलर्ट है।

12:04 PM, 12-Apr-2020

लॉकडाउन में नहीं आई सरकारी एंबुलेंस, महिला ने तोड़ा दम

लॉकडाउन में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में रविवार की सुबह एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने 102 नंबर पर फोन किया, लेकिन सरकारी एंबुलेंस नहीं आई। परिजन उसे ठेले पर ही लिटाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
 

11:56 AM, 12-Apr-2020

गोरखपुर आने वाले लोगों की हो रही थर्मल स्क्रीनिंग

गोरखपुर में कोरोना वायरस को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। बस्ती और महरागंज में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गोरखपुर आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है, उसके बाद ही अंदर आने दिया जा रहा है। वहीं अभी भी बहुत से ऐसे लोग हैं, जो बिना काम के घर से बाहर निकल रहे हैं। पुलिस ऐसे लोगों को सड़क के किनारे बैठाकर सबक सीखा रही है। वहीं पूरे शहर के हर गली और चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। 

11:35 AM, 12-Apr-2020

मुजफ्फरनगर में किदवईनगर और कृष्णापुरी सील

मुजफ्फरनगर में एक जमाती के कोरोना पाॅजिटिव मिलने के बाद किदवईनगर और कृष्णापुरी को हाॅटस्पाॅट के रूप में सील कर दिया गया है। आज सुबह चिकित्सकों की टीम के साथ भारी पुलिस बल यहां पहुंचा और इलाकों को पूरी तरह सील कर दिया।

11:06 AM, 12-Apr-2020

आगरा में आज फिर मिले 12 नए मरीज

आगरा में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। रविवार सुबह 12 नए मरीज मिले हैं। ये सभी वे लोग हैं, जिन्होंने शहर के भगवान टाकीज स्थित पारस अस्पताल में उपचार कराया था। इस अस्पताल के सात कर्मचारियों में पहले ही संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। अस्पताल में एक महिला का उपचार हुआ था, जो संक्रमित मिली। वो मथुरा में भर्ती है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह के अनुसार 12 नए मामलों के साथ जिले में अब संक्रमितों की संख्या 104 हो गई है। इनमें 89 मामले सक्रिय हैं। 
 

10:55 AM, 12-Apr-2020

Coronavirus in UP Live Update: कोरोना संदिग्ध ने सातवीं मंजिल से कूदकर दी जान, यूपी में 487 संक्रमित

प्रदेश में कोरोना वायरस के शनिवार को 27 नए मामले सामने आए हैं। जबकि बुलंदशहर के एक व्यक्ति मौत हुई है। यह पेशे से आयुर्वेद का डॉक्टर है और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इसका इलाज चल रहा था। नए मामले मिलाकर अब प्रदेश में कोविड-19 पॉजिटिव केस बढ़कर 460 हो गए हैं। इनमें से 262 तब्लीगी जमात के हैं। इसके अलावा शनिवार को 13 मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए। इन सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक कुल 45 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें