फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP Live Updates: आगरा में मिले सबसे अधिक कोरोना मरीज, प्रदेश में अब तक 644 संक्रमित

Tue, 14 Apr 2020 07:14 AM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

उत्तर प्रदेश में सोमवार को 145 नए संक्रमित मिले। इनमें बस्ती का तीन माह का मासूम भी है। प्रदेश में अब 644 मरीज संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 310 तब्लीगी जमात के हैं। सोमवार को सबसे ज्यादा 39 पॉजिटिव मरीज आगरा में सामने आए।

नए मरीजों में सीकरी में गाइड व परिवार के 13 लोग शामिल हैं। सहारनपुर में मां-बेटे समेत 24, मुरादाबाद 17 और गौतमबुद्ध नगर में 16 नए संक्रमित मिले। कासगंज व इटावा में भी केस मिलने से संक्रमण 13 जिलों तक पहुंच गया है। अब तक 49 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। 

प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया, पीलीभीत कोरोना मुक्त हो गया है। रोजाना करीब दो हजार जांच हो रही हैं। लखनऊ में नौ, बागपत में सात, फिरोजाबाद में चार-चार, सीतापुर, मेरठ व कासगंज में तीन-तीन, बिजनौर, शामली व बस्ती में पांच-पांच, आजमगढ़ में दो, मुफ्फरनगर, मथुरा व इटावा में एक-एक मरीज मिले। - यहां पढ़ें यूपी में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट-
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:14 AM, 14-Apr-2020

केजीएमयू में बड़ी चूक, कैजुअल्टी वार्ड में भर्ती कर दिया कोरोना पॉजिटिव मरीज

केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में बड़ी लापरवाही सामने आई है। शनिवार शाम कैजुअल्टी वार्ड में कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक उसे वहां एक डॉक्टर की सिफारिश पर भर्ती किया गया। बहरहाल रिपोर्ट आते ही अफरा-तफरी मच गई। बुजुर्ग के संपर्क में आए 13 रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ ही 52 चिकित्साकर्मियों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है। 

04:00 AM, 14-Apr-2020

संभल जिले के 2 लोग मुरादाबाद में पॉजिटिव आए हैं

संभल जिले के दो लोग मुरादाबाद में पॉजिटिव आए हैं। यह दोनों सराय तरीन के निवासी थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस इस समय सराय तरीन में मौजूद है। सराय तरीन के कोटला इलाके को सील किया जा रहा है।

11:25 PM, 13-Apr-2020

ताजनगरी में सोमवार को 39 कोरोना संक्रमित मिले

ताजनगरी में सोमवार को 39 कोरोना संक्रमित मिले जिससे कुल संख्या 144 पहुंच गई है। नए मरीजों में से 10 को मैनपुरी शिफ्ट किया गया है। इससे पहले दस मथुरा भेजे जा चुके हैं। नए मरीजों में सीकरी में गाइड और उसके परिवार के 13 लोग संक्रमित मिले हैं। गाइड का बेटा मुंबई से लौटा था। इनके अलावा जमातियों के संपर्क के आठ और संक्रमित मिले हैं। इनकी कुल संख्या 60 हो गई है।

विज्ञापन
10:48 PM, 13-Apr-2020

शामली में भी कोरोना के पांच पॉजिटिव केस और मिले

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में भी सोमवार को कोरोना के पांच पॉजिटिव केस और मिले। देर रात सीएमओ संजय भटनागर ने बताया कि जिले में पांच पॉजिटिव केस और मिले हैं। इब शामली में इन पांच केस को मिलाकर कुल 16 मरीज हो गए है।
 

10:30 PM, 13-Apr-2020

मुरादाबाद जिले में 17 और कोरोना पॉजिटिव मिले

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में 17 और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी जमात से जुड़े बताए जा रहे हैं। इसके अलावा अमरोहा में भी दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 

विज्ञापन
10:08 PM, 13-Apr-2020

सहारनपुर में 11 और पॉजिटिव केस मिले

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में लखनऊ से सोमवार सुबह आई रिपोर्ट में 13 और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं रात 9:30 बजे आई रिपोर्ट में 11 और पॉजिटिव केस मिले। कमिश्नर संजय कुमार ने इसकी पुष्टि की। सहारनपुर में पॉजिटिव केस की संख्या 44 पहुंच गई है। एक दिन में 24 पॉजिटिव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

09:48 PM, 13-Apr-2020

बागपत में भी कोरोना के सात नए मरीज मिले

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोमवार को कोरोना के नए दस केस मिलने के बाद अब बागपत में भी कोरोना के सात नए मरीज मिले हैं। बागपत में मरीजों की संख्या 14 हो गई है। इससे में स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं जिले में तेजी से बढ़ रही मरीजों की संख्या से लोगों में दहशत है।

09:25 PM, 13-Apr-2020

यूपी में पूल टेस्टिंग को मंजूरी

कोविड-19 महामारी के नियंत्रण के लिए यूपी में अब पूल टेस्टिंग होगी। इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने इसकी अनुमति दे दी है। ऐसा करने वाला यूपी देश का पहला राज्य होगा।
 

08:56 PM, 13-Apr-2020

यूपी में 15 अप्रैल से शुरू होंगे निर्माण कार्य: मौर्य

उत्तर प्रदेश में बरसात से पहले जिन निर्माण कार्यों को कराना जरूरी है, वे 15 अप्रैल से शुरू होंगे। मगर, कोरोना के हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में फिलहाल कोई निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी कार्यालय में सोमवार को यह जानकारी निर्माण कार्यों के संबंध में गठित समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दी।
 

08:16 PM, 13-Apr-2020

कोरोना संकट के बाद ही होगा अयोध्या में राममंदिर का भूमिपूजन: चंपत राय

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को स्पष्ट किया कि कोरोना संकट को लेकर देश में लगा लॉकडाउन समाप्त होने के बाद ही राममंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों भूमिपूजन होगा। पहले 30 अप्रैल को शुभमुहूर्त तय था, मगर अब ट्रस्ट की अगली बैठक से पहले संतों से नई तिथियों पर परामर्श के बाद ही भूमिपूजन की घोषणा होगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने प्रधानमंत्री के हाथों गर्भगृह में ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए भूमिपूजन की अटकलों को खारिज किया है। 
 

07:30 PM, 13-Apr-2020

मेरठ में तीन नए कोरोना पॉजिटिव मिले

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार को तीन नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें दो हापुड़ जिले के है, जबकि एक जमाती झारखंड का बताया जा रहा है। अब तक मेरठ में कुल 58 केस मिल चुके हैं। इसके अलावा आज मेरठ में 36 लोगों को क्वारंटीन वार्ड से होम क्वारंटीन के लिए शिफ्ट किया गया है।

07:23 PM, 13-Apr-2020

मथुरा जिले में एक और कोरोना संक्रमित मिला

यूपी के मथुरा जिले में एक और कोरोना संक्रमित मिला है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या पांच हो गई है। नयति हॉस्पिटल की नर्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह आइसोलेशन वार्ड में तैनात थी। आपको बता दें कि इस अस्पताल में दो कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

07:14 PM, 13-Apr-2020

कासगंज में कोरोना के तीन संक्रमित मिलने से खलबली

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में कोरोना के तीन संक्रमित मिलने से खलबली मच गई है। जिला अस्पताल की टीम, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। तीनों पहले से होम क्वारंटीन थे। चार दिन पहले जांच के लिए नमूने भेजे गए थे। युवकों की रैंडम जांच कराई गई थी। प्रशासन अब परिवार की ट्रेवल हिस्ट्री जुटा रहा है।

07:04 PM, 13-Apr-2020

'कई चरणों में खोला जाए लॉकडाउन तो नहीं पड़ेगा मंदी का असर'

इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) लखनऊ की टीम ने इस बात से इनकार किया है कि लॉकडाउन के बाद छोटे और मध्यम उद्योग मंदी की चपेट में होंगे। टीम का कहना है कि भारत में छोटे और मध्यम आकार के बिजनेस ग्रुप मंदी के बाद भी संकट में नहीं होंगे, बशर्तें लॉकडाउन कई चरणों में खोला जाए। इस टीम ने लॉकडाउन खुलने के बाद अगले 48 घंटे में इस संकट से जूझने के उपाय भी बताए। इनके आइडिया को विश्व के शीर्ष 10 ग्लोबल बिजनेस आइडिया में स्थान मिला है। पूरी दुनिया इस समय कोरोना की वजह से हुए लॉकडाउन से जूझ रही है। बाजार पर इसका प्रभाव पड़ना तय है। इसको देखते हुए वैश्विक स्तर पर इस संकट से निपटने के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता ग्लोबल हैकाथॉन का आयोजन किया गया था। 

06:52 PM, 13-Apr-2020

कोरोना पीड़ित परिवार के घर में चोरी

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक कोरोना पॉजिटिव पीड़ित परिवार के घर में चोरी का मामला सामने आया है। घर में ताला लगा था, परिवार के सभी लोग अस्पताल में भर्ती हैं, पुलिस ने इस इलाके को हॉटस्पॉट घोषित कर आवाजाही बंद कर रखी थी, इस बीच चोरों ने घर को निशाना बना लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 
 

05:56 PM, 13-Apr-2020

शामली में पुलिस ने वातावरण शुद्ध और कोरोना मुक्ति की कामना को लेकर किया हवन

शामली में हॉटस्पॉट इलाके तिमरसा, नानुपुरी में सोमवार दूसरे दिन भी सर्च अभियान जारी रहा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की 25 टीमें डोर टू डोर सर्वे कर रही हैं। सर्वे में बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी की जा रही है, साथ ही खांसी, जुकाम और बुखार वाले लोगों की जानकारी की जा रही है। लॉकडाउन में सोमवार को सुबह पुलिस ने आर्य समाज के सहयोग से ट्रैक्टर ट्रॉली में हवन कुंड रखकर आहुति देते हुए शहर में निकला। यह आयोजन शहर का वातावरण शुद्ध करने और कोरोना मुक्ति की कामना को लेकर किया गया। उधर, हॉटस्पॉट इलाकों में प्रशासन की व्यवस्था के अनुसार जरूरत का सामान उपलब्ध कराया गया। 

05:31 PM, 13-Apr-2020

सोशल मीडिया पर अनन्या की हो रही तारीफ

राजधानी लखनऊ के निगोहां के रघुनाथ खेड़ा गांव की रहने वाली नौ साल की अनन्या की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। दरअसल, अनन्या अपने दोस्तों को जन्मदिन की पार्टी देने के लिए पैसे जमा कर रही थीं। मगर कोरोना संकट को देखते हुए उसने अपनी गुल्लक फोड़ दी। इसमें से निकले 11 हजार रुपये उसने गरीबों को भोजन कराने के लिए दान कर दिए ताकि कोई भूखा न रहे। इस काम को लेकर सोशल मीडिया पर उसकी जमकर तारीफ हो रही है। अनन्या के पिता गांव के एक स्कूल के प्रबंधक हैं। उन्होंने बताया कि अनन्या का 12 अप्रैल को जन्मदिन था, लेकिन उसने जन्मदिन मनाने से मना कर दिया। अनन्या ने कोरोना वायरस से बचने के लिए पेंटिंग भी बनाई है।

05:12 PM, 13-Apr-2020

लखनऊ में मिले नए कोरोना मामले से हड़कंप, डॉक्टरों व कर्मचारियों को किया गया क्वारंटीन

राजधानी लखनऊ में कोरोना का एक और नया मामला मिलने से हड़कंप मच गया है। केजीएमयू में भर्ती होने वाला एक 64 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह लाल मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए गया था। इससे पहले दो अस्पतालों में भी जा चुका है। मामले की जानकारी पर खलबली मच गई। लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र अग्रवाल ने मस्जिद वाले इलाके को सील करने की सिफारिश की है। बुजुर्ग के परिजनों के सैंपल लिए गए हैं, और उन्हें क्वारंटीन किया गया है। वहीं, दोनों अस्पतालों के डॉक्टर व कर्मचारियों को भी क्वारंटीन किया जा रहा है। 50 से ज्यादा कर्मचारियों को क्वारंटीन करने से मैनपावर की समस्या उत्पन्न हो गई है।

05:05 PM, 13-Apr-2020

मुजफ्फरनगर में पुलिस की सख्ती, बाइकों के काटे चालान

मुजफ्फरनगर लॉकडाउन के 20 वें दिन सोमवार को सुबह बाजार खुले तो लोगों ने समान की खरीदारी की। सब्जी मंडी और दाल मंडी में भीड़ रही। शहर के किदवईनगर में सामान की होम डिलीवरी की गई। 9 बजे पुलिस ने सभी दुकानें बंद करा दीं और लोगों को घरों में भेज दिया। इस दौरान शिव चौक, मीनाक्षी चौक पर पुलिस ने बाइकों से घूम रहे लोगों के चालान भी किए। उधर, बैसाखी पर्व पर गुरुद्वारे बंद रहे। इसलिए सिख समाज ने घरों में ही दीवान सजाकर अरदास और पाठ किया।
 

04:54 PM, 13-Apr-2020

सहारनपुर में पुलिस प्रशासन की अपील, घर से बाहर न निकलें

सहारनपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा लॉकडाउन के दौरान शहर से देहात तक सील कराए गए क्षेत्रों में लोगों को बाहर न निकलने की अपील के साथ घर पर जरूरी सेवाएं पाने के लिए हेल्पलाइन नंबर बताए जा रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि राशन, फल सब्जी, चिकित्सा सहित अन्य जरूरतों के लिए हेल्पलाइन पर ही संपर्क करें। बाहर निकलकर कोरोना का खतरा न बढ़ाएं। जिले में अब तक 30 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शहर के पांच थानों के अलावा चिलकाना, रामपुर मनिहारान, गंगोह और देवबंद के ज्यादातर हिस्से सील किए जा चुके हैं। अभी कुछ और इलाकों को हॉटस्पॉट में तब्दील किया जा सकता है।

04:45 PM, 13-Apr-2020

बिजनौर में बैंकों में उमड़ी भीड़

बिजनौर में आज सोमवार को आई रिपोर्ट में एक व्यक्ति को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, जबकि जिला निवासी एक व्यक्ति को कानपुर में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। सोमवार को बैंक दो दिन बाद खुले तो बैंकों के बाहर खाताधारकों की भीड़ लग गई। लॉकडाउन बढ़ने के आसार को देखते हुए बैंकों व दुकानों पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ी गई है। पुलिस ने सुबह के समय बाजार में आए लोगों पर ज्यादा सख्ती नहीं दिखाई। उपभोक्ता बैंकों से रुपये का लेनदेन करने में लगे रहे। वहीं पुलिस लोगों से घरों में रहकर लॉक डाउन का पालन करने व जरूरत होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील करती रही। 

04:27 PM, 13-Apr-2020

मैनपुरी में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में अवैध शराब की सूचना पर दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। हमले में तीन सिपाही घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। लॉकडाउन में शराब की दुकानें बंद हैं, लेकिन अवैध शराब की बिक्री नहीं थम रही है। सोमवार को थाना बेवर पुलिस को सूचना मिली कि गांव जोगा में अवैध शराब की बिक्री हो रही है। इस पर पुलिस टीम ने दोपहर को गांव में दबिश दी। पुलिस के गांव में घुसते ही ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर मारपीट हुई। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाई। हमले में नवीगंज चौकी के तीन सिपाही घायल हो गए।

03:59 PM, 13-Apr-2020

लॉकडाउन में साइबर अपराधी भी सक्रिय

लॉकडाउन के दौरान साइबर अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं। कोई फंसे होने के नाम पर ठगी कर रहा है तो कोई सरकार की ओर से मदद देने के नाम पर ठगी कर रहा है। इसे देखते हुए डीजीपी मुख्यालय की साइबर क्राइम यूनिट ने लोगों को जागरूक करने के लिए पोस्टर जारी किए हैं। आजमगढ़ पुलिस ने पोस्टर जारी कर लोगों से अपील की है कि साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं। पोस्टर में लोगों को भेजे जा रहे मैसेज के स्क्रीनशॉट भी छपवाए गए हैं।

02:10 PM, 13-Apr-2020

एक दिन में 35 मामले आने के बाद आगरा मॉडल पर उठे सवाल

आगरा में एक बार फिर कोरोना का कहर देखा जा रहा है। सोमवार को यहां एक दिन में 35 नए मामले सामने आने के बाद प्रशासन में फिर हड़कंप मच गया है। इससे पहले आगरा की स्थिति को देखते हुए माना जा रहा था कि यहां के मॉडल को पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए, लेकिन अचानक से संक्रमितों की संख्या में हुई बढ़ोत्तरी ने एक बार फिर से इस बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया है।

इससे पहले आगरा मॉडल की केंद्र सरकार ने भी प्रशंसा की थी। क्योंकि यहां 10 व्यक्ति संक्रमित होने के बाद भी ठीक हो गए थे। देश में सबसे पहले हॉटस्पॉट को चिन्हित करने और उन्हें सील करने का काम आगरा में ही किया गया था। हालांकि अब जब मरीजों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है तो आगरा मॉडल पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

01:58 PM, 13-Apr-2020

हाथरस में आइसोलेट युवक की मौत

हाथरस के बागला जिला अस्पताल में रविवार देर रात आइसोलेट किए 32 वर्षीय युवक की सोमवार दोपहर मौत हो गई। युवक पहले आगरा के पारस अस्पताल में उपचार के लिए गया था। देर रात तबीयत बिगड़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने युवक को बागला जिला अस्पताल में आइसोलेट किया था। यह युवक हाथरस के निकटवर्ती गांव अहबरनपुर का रहने वाला है।

01:25 PM, 13-Apr-2020

मुजफ्फरनगर: एक और जमाती कोरोना पॉजिटिव

मुजफ्फरनगर में एक और जमाती में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जनपद में कोरोना के मामलों की संख्या बढ़कर सात हो चुकी है, जिनमें से पांच जमाती हैं। आज पॉजिटिव पाया गया जमाती मध्यप्रदेश का निवासी है, जो खतौली की मस्जिद में ठहरा था।

12:26 PM, 13-Apr-2020

बस्ती में चार महीने का मासूम संक्रमित

बस्ती जिले में चार महीने के मासूम में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अब तक एक मृतक सहित जिले में 14 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

12:16 PM, 13-Apr-2020

कानपुर में उड़ी लॉकडाउन की धज्जियां

पूर्ण लॉकडाउन के बावजूद कानपुर के कई इलाकों में आदेशों की धज्जियां उड़ती नजर आई। शहर में सड़कों पर वाहन सरपट दौड़ते दिखे। नवाबगंज में सड़कों पर सुबह से ही चहल-पहल रही। वहीं वीआईपी रोड पर सख्ती बढ़ा दी गई है। कल्याणपुर जीटी रोड में गाड़ियों की भीड़ दिखी। सोमवार को बड़ी संख्या में भक्त बाबा आनंदेश्वर मंदिर में दर्शन को पहुंचे, लेकिन पुलिस ने सभी को वापस लौटा दिया।

11:55 AM, 13-Apr-2020

मैनपुरी शिफ्ट किए जाएंगे आगरा के 10 मरीज

आगरा से कोरोना वायरस के 10 मरीजों को मैनपुरी शिफ्ट किया जाएगा। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण आगरा मंडल ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।

11:38 AM, 13-Apr-2020

सहारनपुर में 10 कोरोना पॉजिटिव

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में 10 और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से पांच संक्रमित सरस्वती विहार इंटर कॉलेज में और पांच एचआर कॉलेज गंगोह में क्वारंटीन किए गए हैं।

10:45 AM, 13-Apr-2020

लखनऊ में चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि

लखनऊ में दो दिनों के बाद कोरोना वायरस से संक्रमित चार नए मरीज मिले हैं। इनमें से एक केजीएमयू में भर्ती है, जबकि तीन मरीजों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। यह सभी संक्रमित सदर इलाके के बताए जा रहे हैं।

10:44 AM, 13-Apr-2020

बस्ती में चार नए मामले

बस्ती में रविवार को चार और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके बाद गोरखपुर में सख्ती बढ़ा दी गई है। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। अभी तक बस्ती में एक मृतक सहित 13 और महराजगंज में छह कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। बस्ती और महरागंज में कोरोना संक्रमिण के बाद गोरखपुर आने वाले लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही अंदर आने दिया जा रहा है।

10:24 AM, 13-Apr-2020

आगरा में अब तक 35 नए मामले

आगरा में आज सुबह कोरोना वायरस के 30 नए मामले आने के बाद इनकी संख्या में और इजाफा हो गया है। अब पांच नए मामले और सामने आए हैं। इस तरह जिले में आज कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 35 हो गई है। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि अब आगरा में कुल संक्रमितों की संख्या 138 हो गई है। इनमें 124 सक्रिय मामले हैं।

09:28 AM, 13-Apr-2020

ड्रोन कैमरे से नजर रख रही पुलिस

कानपुर में कोरोना वायरस हॉटस्पॉट में लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन कैमरे का प्रयोग कर रही है। अनावश्यक रूप से घूमने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
 

09:26 AM, 13-Apr-2020

खेतों में सूख रहे फूल, लॉकडाउन के कारण बिक्री बंद

मुरादाबाद में गेंदा और गुलाब फूल की खेती करने वालों के ऊपर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा है। एक किसान ने बताया कि इस बार सारे फूल खेतों में ही सूख रहे हैं। लॉकडाउन के कारण बाजार बंद हैं, इसलिए इनकी बिक्री नहीं हो पा रही है। ऐसे में उन्हें भारी नुकसान हो रहा है।
 

09:20 AM, 13-Apr-2020

आगरा में कुल मामले 134

प्रदेश  में कोरोना वायरस के सबसे बड़े हॉटस्पॉट आगरा के डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिले में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 134 हो गई है। इनमें से 120 सक्रिय मामले हैं। 

08:37 AM, 13-Apr-2020

आजमगढ़ में दो नए संक्रमित

आजमगढ़ जनपद में रविवार देर रात दो और संदिग्धों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इसी के साथ जनपद में कुल छह कोरोना पॉजिटिव मरीज हो गए हैं। जिलाधिकारी एनपी सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों नए मरीज मुबारकपुर के नयपूरा सिकठी मोहल्ले में पाए गए हैं। 

08:13 AM, 13-Apr-2020

मदनपुरा इलाका हॉटस्पॉट घोषित 

वाराणसी के मदनपुरा इलाके में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद से इसे कोरोना वायरस हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड लगाकर इलाके को सील कर दिया है, ताकी लोगों की आवाजाही पर रोक लगाई जा सके।
 

08:02 AM, 13-Apr-2020

आगरा में मिले सबसे अधिक कोरोना मरीज, प्रदेश में अब तक 644 संक्रमित

आगरा में 30 नए मामले
कोरोना संक्रमण का हॉटस्पॉट बन चुके आगरा में सोमवार सुबह 30 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। डीएम प्रभु एन सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इनमें से 14 संक्रमित फतेहपुर सीकरी के गाइड के परिवार के हैं। वहीं बाकी लोग पारस अस्पताल और डॉ. प्रमोद मित्तल के नर्सिंग होम से संक्रमित हुए हैं। इसी के साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 134 हो गई है।

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें