उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 382 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही 11 मरीजों की मौत भी हो गई। नए मामलों के मिलने के बाद प्रदेश में अब कुल संक्रमितों की संख्या 10,103 हो गई है, जबकि अब तक कुल 268 लोगों की संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है। फिलहाल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 3927 एक्टिव मरीज हैं।
पूर्वांचल में 65 प्रवासियों समेत कोरोना के 71 मरीज मिले
आजमगढ़, वाराणसी और विंध्य मंडल के जिलों में शनिवार को 71 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इसमें 65 मुंबई, गुजरात और दिल्ली से आए प्रवासी हैं। इसमें सबसे ज्यादा जौनपुर में 36 संक्रमित मिले हैं। जौनपुर में 36 लोगों की कोरोना रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। इसमें 35 प्रवासी हैं। जिले में अब कुल कोरोना मरीजों की संख्या 283 हो गई है।
नोएडा में 21 नए मामले
दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले में आज 21 नए मरीज मिले हैं। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है।
गाजीपुर में पांच और कोरोना संक्रमित
गाजीपुर जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। अभी भी मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। शनिवार देर रात आई रिपोर्ट में पांच कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। सभी को मोहम्मदाबाद कोविड अस्पाल में भर्ती कराया गया है।
आगरा में एक और मरीज की मौत, 12 नए संक्रमित भी मिले
आगरा के हरिपर्वत निवासी 62 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति की एसएन अस्पताल में शनिवार को मौत हो गई। अब जिले में मृतकों की संख्या 49 हो गई है। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि मृतक पहले से बीमार थे, उन्हें सांस की समस्या थी। शनिवार को 12 नए संक्रमित मिलने से अब कुल मरीजों का आंकड़ा 957 हो गया है। दो मरीज भी डिस्चार्ज हो गए हैं। डिस्चार्ज हो चुके लोगों की संख्या 813 हो गई है।
कोरोना संक्रमित दंपती का आठ साल का बेटा भी पॉजिटिव
बरेली आईवीआरआई से शनिवार शाम मिली रिपोर्ट में फरीदपुर के वाहनपुर के रहने वाले कोरोना संक्रमित दंपती के आठ वर्षीय बेटे में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि संक्रमित बच्चे को एल वन कोविड-19 अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। संक्रमित दंपती तीन दिन पहले मुंबई से वापस आए थे, जिसके बाद उनके बेटे का सैंपल लिया गया जो पॉजिटिव आया है। वहीं अन्य 98 संदिग्ध की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
दो साल की बच्ची की मां समेत चार नए मरीज आए सामने
झांसी में कोरोना पॉजिटिव दो साल की बच्ची की मां समेत चार नए संक्रमित मरीज शनिवार को मिले हैं। इसके साथ ही झांसी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 51 पहुंच गई है। सभी मरीजों को मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।
जौनपुर में 21 नए संक्रमित
जौनपुर में शनिवार शाम को 21 और संक्रमित मिले हैं। सभी संक्रमित प्रवासी हैं। नए पॉजिटिव मामले के बाद जिले में कुल मरीजों की संख्या 36 हो गई है।
मुजफ्फरनगर में 17 लोग पॉजिटिव मिले
मुजफ्फरनगर शहर में सामाजिक संक्रमण लगातार फैल रहा है। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में शहर के ही 17 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एक साथ 17 लोग संक्रमित पाए जाने से जहां नागरिकों में दहशत व्याप्त हो गई है, वहीं प्रशासन में हड़कंप मचा है। सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि 16 लोग सरकारी जांच में और एक व्यक्ति प्राइवेट लैब से हुई जांच में पॉजिटिव मिला है।
बागपत जिले में 16 कोरोना पॉजिटिव
बागपत जिले में कोरोना संक्रमण के 16 नए मामले मिले हैं। इनमें से 15 नगर के मुगलपुरा मोहल्ले के रहने वाले हैं। इनमें से आठ मरीज एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं।
मुरादाबाद में 12 नए कोरोना संक्रमित
शनिवार को मुरादाबाद में 12 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें नागफनी थानाध्यक्ष के अलावा स्वास्थ्य विभाग के संक्रमित टीकाकरण प्रभारी के परिवार के 9 सदस्य शामिल हैं। टीकाकरण प्रभारी गुरुवार को पॉजिटिव पाए गए थे। जिले में 12 नए पॉजिटिव मरीजों के साथ कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 268 हो गई।
गोरखपुर में पांच साल की बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई
गोरखपुर में जिले में एक 5 साल की बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसकी पुष्टि डॉ श्रीकांत तिवारी ने की है। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 127 हो गई है।
संभल में मिले नौ नए कोरोना केस
संभल जिले में शनिवार को नौ और कोरोना संक्रमित निकले। जिले में संख्या 142 पहुंची।
तीन प्रवासियों समेत चार लोगों में कोरोना की पुष्टि
वाराणसी में शुक्रवार को 18 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद शनिवार को भी तीन प्रवासियों समेत चार लोग संक्रमित मिले हैं। आईएमएस बीएचयू की माइक्रोबायोलॉजी लैब से सभी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा करा दिया गया। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि अब तक जिले में कुल 237 लोग संक्रमित मिल चुके हैं।
मुरादाबाद में दरोगा समेत पांच में कोरोना की पुष्टि
दो जून को भेजे गए 161 सैंपल की रिपोर्ट शनिवार को प्राप्त हुई है। जिसमें 154 की रिपोर्ट निगेटिव आई, छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसमें पांच मामले नये हैं। नये मामलों में पुलिस की सर्विलांस सेल में तैनात दरोगा समेत पांच में करोना की पुष्टि हुई है। सर्विलांस के एक हेड कांस्टेबिल में मुरादाबाद में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद सेल के सभी कर्मियों के नमूने जांच को भेजे गए थे। इसके अलावा चैन्नई से आए तीन और झांसी से आए एक व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हुई है। इन सभी को होम क्वारंटीन में रखा गया था। इसके अलावा जिले में सात लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है।
अलीगढ़ः जेएन मेडीकल कॉलेज से आयी कोरोना जांच रिपोर्ट, आज 14 केस निकले पॉजिटिव
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने आज बताया कि जेएन मेडिकल कॉलेज से 14 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। जिसमें 13 केस अलीगढ़ के हैं और 1 खैर का केस है। जिसमे उनके परिवार को क्वारन्टीन कर करने के साथ साथ कोरोना संक्रमितों को अस्पताल में भर्ती किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। उस एरिया को सील कर नगर निगम द्वारा सेनिटाइज कार्य किया जा रहा है। जो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, वह हैं:-
1-38 वर्षीय युवक निवासी खैर।
2-65 वर्षीय महिला निवासी मानिक चौक।
3-36 वर्षीय युवक निवासी मानिक चौक।
4-34 वर्षीय युवक निवासी मानिक चौक।
5-36 वर्षीय युवक निवासी मानिक चौक।
6-19 वर्षीय युवक निवासी गूलर रोड।
7-40 वर्षीय महिला निवासी गूलर रोड।
8-18 वर्षीय युवक निवासी गूलर रोड।
9-59 वर्षीय महिला निवासी कटारा स्ट्रीट।
10-58 वर्षीय पुरूष निवासी द्वारिकापुरी।
11-60 वर्षीय पुरूष निवासी देहली गेट।
12-35 वर्षीय युवक निवासी सराय रहमान देहली गेट।
13-24 वर्षीय युवक निवासी द्वारिकापुरी।
14-18 वर्षीय युवक निवासी द्वारिकापुरी।
डीएम ने एक बार फिर जनता से अपील की है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रहें व अपने घर पर रहें, सुरक्षित रहें। यदि आप या आपका कोई जानकार कोरोना संक्रमित के संपर्क में आया है तो तत्काल उसकी सूचना जिला प्रशासन या कंट्रोल रूम को दें ताकि कोरोना की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
भदोही में मिले नौ मरीज
भदोही जिले में शनिवार की सुबह कोरोना वायरस के नौ मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव लोगों की संख्या 67 हो गई है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने इसकी पुष्टि की है। इनमें से तीन लोगों की रिपोर्ट मरने के बाद पॉजिटिव आई है। आज मिले संक्रमितों में जिला अस्पताल का एक स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल है। बाकी आठ प्रवासी हैं। गांवों में सुरक्षात्मक कदम उठाए गए हैं। जिले में अब तक आठ मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।
मऊ में मिले चार नए कोरोना संक्रमित मरीज
मऊ जिले में शनिवार को चार और कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। शनिवार को चार मरीज मिलने से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 56 और एक्टिव संक्रमित मरीजों की संख्या 43 हो गई है। इन सब के बीच आजमगढ़ जिले के प्राइवेट अस्पताल में पॉजिटिव मिले कोरोना मरीज की शुक्रवार की देर शाम मौत हो गई।
उन्नाव में चार और लोगों में कोरोना
शनिवार को उन्नाव जिले में चार और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। संक्रमित शुक्लागंज के मोहल्ला आदर्श नगर व कंचन नगर निवासी हैं। संक्रमितों में दो युवती, एक युवक व एक किशोर शामिल है। इस तरह जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है। जिले में एक्टिव केस 30 हैं। तीन मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। 24 मरीज ठीक हो चुके हैं। संक्रमितों में 37 प्रवासी हैं।
महाराजगंज में मिले तीन कोरोना संक्रमित
महराजगंज जिले में कोरोना केस बढ़ने लगा है। शनिवार को नेपाली नागरिक समेत 3 कामगार कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 80 हो गई है। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने की है।
बिजनौर में मिले तीन नए कोरोना केस
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में शनिवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जनपद में अब तक कुल 140 लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 67 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि दो लोगों की कोरोना से मौत हो गई। अब जिले में 71 सक्रिय केस है। जिनका अलग- अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
हरदोई में कोरोना के 9 और मरीज बढ़े
हरदोई जिले में शनिवार को नौ और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कोरोना के नौ मरीज और बढ़ने से जिले में हड़कंप मच गया। हरदोई में अब कुल संक्रमितों की संख्या 106 हो गई है जिनमें 67 एक्टिव केस हैं। जबकि 36 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमितों में 64 प्रवासी हैं।
कन्नौज में कोरोना के पांच और मरीज बढ़े
शनिवार को कन्नौज जिले में पांच और कोरोना पॉजिटिव मिलने से हंड़कंप मच गया है। जिले में अब तक 92 केस मिल चुके हैं। जिनमें 62 एक्टिव और 30 ठीक हो चुके हैं। लगातार कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने से जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इटावा में कोरोना के दस और मरीज बढ़े
यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। शनिवार को इटावा जिले में कोरोना के दस मरीज मिले हैं। इटावा में कोरोना मरीजों की संख्या 77 पहुंच गई है।
हमीरपुर में प्रवासी महिला में कोरोना की पुष्टि
यूपी के हमीरपुर जिले के राठ क्षेत्र के देवरा गांव में एक प्रवासी महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में संक्रमितों की संख्या 11 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित महिला को बांदा मेडिकल कॉलेज भेजा है।
कानपुर में कोरोना से 15वीं मौत
कानपुर में शनिवार को कोरोना से 15वीं मौत हो गई। वहीं पांच लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना से ग्वालटोली निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 503 हो गई है।
जौनपुर में मिले 15 नए मरीज
जौनपुर जिले में शनिवार को 15 लोग नए पॉजिटिव केस मिले हैं। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है। ये सभी गैर राज्यों से आए लोग हैं। जिले में अब कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 262 हो गई है। इनमें 111 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं तो वहीं तीन की मौत हो चुकी है।
आजमगढ़ में छह संक्रमित मिले
आजमगढ़ जिले में कोरोना वायरस का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। आज भी छह नए मरीज मिले हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। जिले में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 149 पहुंच गई है। इसमें 115 अभी भी सक्रिय हैं। 31 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और तीन की मौत हुई है।
फर्रुखाबाद में छह और मरीज मिले
यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। फर्रुखाबाद जिले में शनिवार को कोरोना के छह और मरीज बढ़ गए। सभी छह लोगों के नमूने तीन जून को लिए गए थे। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 51 हो गई है। इसमें से 21 मरीज ठीक हो चुके हैं।
संतकबीरनगर में एक और युवक पॉजिटिव
संतकबीरनगर जिले में शनिवार को आई रिपोर्ट में एक और युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा ने इसकी पुष्टि की है। युवक प्रवासी है, जिले में अब तक 136 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं।
सिद्धार्थनगर में एक और कोरोना मरीज मिला
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक और कोरोना मरीज मिला है। जिले में मरीजों की संख्या 142 हो गई है। 93 मरीज ठीक हो गए हैं। इनमें से 3 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 46 है। यह जानकारी सीएमओ डॉ. सीमा राय ने दी है।
अलीगढ़ में मिले 9 पॉजिटिव केस
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में शनिवार को नौ नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि जेएन मेडिकल कॉलेज से 9 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें 8 केस अलीगढ़ के हैं और एक खैर का है।
कुशीनगर में 10 नए मरीज मिले
कुशीनगर जिले में शुक्रवार की रात 10 और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 54 हो गई है। एक सप्ताह में ही जिले में बड़ी संख्या में पॉजिटिव सामने आए हैं। सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है।
हॉटस्पॉट, कंटेनमेंट और बफर जोन में बांटा मेरठ शहर
मेरठ प्रशासन ने शहर को हॉटस्पॉट, कंटेनमेंट और बफर जोन में बांट दिया है। आज से शहर के कई क्षेत्रों के बाजार खोलने की अनुमति प्रशासन ने दी है। प्रशासन ने गोल-मोल गाइडलाइन जारी की है।
एटा में एक और कोरोना पॉजिटिव
एटा में एक और संक्रमित मिला है। जैथरा ब्लॉक के गांव नगला गिरधर निवासी एक परिवार 27 मई को नोएडा से वापस आया था। उसी परिवार में यह संक्रमित मिला है। जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 49 हो गई है।
मेरठ में कोरोना से 33वीं मौत
मेरठ में शुक्रवार देर रात कोरोना संक्रमण से 33वीं मौत हो गई। नौचंदी थाना क्षेत्र के ढबाईनगर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति ने मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 वार्ड में दम तोड़ दिया। गुरुवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
प्रदेश में मिले रिकॉर्ड 502 कोरोना पॉजिटिव मरीज
यूपी में शुक्रवार को एक दिन में अधिकतम 502 मरीज मिलने का रिकार्ड बना है। अभी तक एक दिन में 378 मरीज 31 मई को मिले थे। नए 502 मरीजों के साथ ही शुक्रवार को कुल मरीजों की संख्या 9733 हो गई थी। इनमें से एक्टिव मरीज 3828 हैं। 5648 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। कुल 257 की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार नोएडा में 51, कानपुर नगर में 48, जौनपुर में सबसे अधिक 41 मरीज मिले थे।