फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus In Uttar Pradesh Live: कोरोना संक्रमितों की संख्या हुई 80, सरकार का आदेश, बाहर से आने वाले लोगों को क्वारंटीन करें अफसर

Sun, 29 Mar 2020 08:38 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का कहर देश में लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं, यूपी में संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। रविवार को भी पांच संक्रमित मरीज मिले हैं। यानि की प्रदेश में अब तक 80 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। वहीं गौतमबुद्धनगर में अब तक सबसे ज्यादा कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति मिले हैं, यहां संक्रमितों की संख्या 31 हो गई है। पढ़ें उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट... 
 
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:38 PM, 29-Mar-2020

मेरठ में कोरोना वायरस के आठ नए मरीज मिलने से हड़कंप

मेरठ में कोरोना वायरस के आठ नए मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। अब कोरोना वायरस के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।शहर में आज 50 संदिग्ध मरीजों में से 11 लोगों की जांच रिपोर्ट आ गई। इनमें आठ नए मरीज मिले हैं। वहीं कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। 

07:07 PM, 29-Mar-2020

सात साल से कम की सजा काट रहे कैदियों को मिलेगी 8 सप्ताह की पैरोल

कोरोना महामारी से बचाव और वायरस की चेन तोड़ने के लिए हर स्तर पर हर जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर देश भर के कारागारों पर भी मशीनरी का ध्यान गया और बंदियों की रिहाई करना तय किया गया। यूपी सरकार ने कल प्रदेश की 72 जेलों में बंद 11 हजार कैदियों को रिहा करने का आदेश जारी किया था। प्रशासन ने फैसला किया है जिस कैदी सात साल से कम की सजा मुकर्रर की गई है उन्हें आठ सप्ताह की पैरोल दी जाएगी। 
 

05:26 PM, 29-Mar-2020

यूपी सरकार का आदेश, बाहर से आने वाले लोगों को जिले में क्वारंटीन करें अफसर, दें पूरी सुविधा

कोविड-19 महामारी के कारण घोषित किए गए लॉकडाउन के बाद अन्य राज्यों से लोग यूपी आ रहे हैं जिन्हें उनके जिलों में भेजा जा रहा है। प्रदेश सरकार ने आदेश दिया है कि ऐसे लोगों को जिला प्रशासन उनके घर न जाने दे बल्कि धर्मशालाओं व हॉस्टलों में क्वारंटीन कर रखे। उनसे 14 दिनों का प्रोटोकॉल पूरा करवाया जाए और इस अवधि में उनके खाने-पीने का पूरा प्रबंध किया जाए। इन लोगों को 14 दिन की अवधि पूरी होने पर ही उनके घर जाने दिया जाए। इस संबंध में प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की तरफ से सभी जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को आदेश जारी कर दिए गए हैं।

विज्ञापन
04:45 PM, 29-Mar-2020

कर्मचारियों को वेतन दें कंपनियां : योगी

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सभी उद्योगों को आदेश दिया कि अगर उनका काम कोरोना वायरस के चलते देशव्यापी लॉकडाउन की वजह से बंद है तो उन्हें अपनी कर्मचारियों को वेतन देना होगा।
 

 

03:14 PM, 29-Mar-2020

अपने गंतव्य की ओर जा रहे लोगों से मुख्यमंत्री योगी ने की मुलाकात

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली से आए लोगों को उनके जिलों में पहुंचाने के लिए खुद निगरानी कर रहे हैं। लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वह खुद व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

इसी कड़ी में वह बसों के संचालन को देखने और यात्रियों का हालचाल लेने के लिए अवध चौराहे पर पहुंच गए और यात्रियों से बात की। ये यात्री लखनऊ के अवध चौराहे से बसों द्वारा कानपुर, गोरखपुर, बस्ती और फैजाबाद की ओर जा रहे हैं।

विज्ञापन
02:26 PM, 29-Mar-2020

गौतमबुद्धनगर में कोरोना के चार नए मरीज

जनपद गौतमबुद्धनगर में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिले में रविवार को कोरोना वायरस के चार नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जनपद में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 31 हो गई है। जिला मजिस्ट्रेट बीएन सिंह ने रविवार को इन चार मरीजों के संक्रमित होने की पुष्टि की है।

02:24 PM, 29-Mar-2020

नोएडा: कंपनी की लापरवाही के कारण संक्रमित हुए 13 लोग, महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

कोरोना वायरस के संक्रमण के बाद गौतमबुद्धनगर जिले में पहला मुकदमा दर्ज किया गया है। नोएडा की सीज फायर कंपनी के खिलाफ मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि कंपनी के विदेश से आए ऑडिटर के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष संपर्क में आने से 13 लोग कोरोना से संक्रमित हो गए। इसकी जानकारी होने के बाद भी कंपनी ने कर्मचारियों को होम क्वारंटीन नहीं किया और उन्हें आम दिनों की तरह ही काम कर बुलाना जारी रखा। गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से डॉ. अनुराग भार्गव ने थाना एक्सप्रेसवे में महामारी अधिनियम 1897 के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। 

थाना एक्सप्रेसवे प्रभारी ने बताया कि आरोप है कि कंपनी का ऑडिटर विदेश से आया था। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी गई थी। साथ ही कंपनी की ओर से कर्मचारियों के लिए वो जरूरी इंतजाम भी नहीं किए गए जो कोरोना वायरस से बचाव के लिए आवश्यक थे। कंपनी ने कर्मचारियों को होम क्वारंटीन नहीं किया। उन्हें लगातार काम पर बुलाया गया। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक ऑडिटर के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष संपर्क में आने से 13 लोग कोरोना वारस से संक्रमित हो चुके हैं।

02:10 PM, 29-Mar-2020

कोरोना की जंग में लोगों की मदद के लिए उतरी सेना

आगरा में पैदल आने और यहां से जाने वालों का सिलसिला जारी है। लॉकडाउन में इन लोगों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन वाहनों की व्यवस्थाएं करने में जुटा हुआ है, लेकिन इतनी भीड़ है कि रोडवेज बसें भी नाकाफी हैं। ऐसे में प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए सेना आगे आई है। उधर, प्रशासन ने स्कूल बसों को लगाया है। आगरा में शनिवार को फंसे हुए लोगों को घर पहुंचाने के लिए रोडवेज की 375 बसें चलाईं गई थीं, लेकिन यात्री लेकर सिर्फ 75 बसें ही गईं। शहर के आईएसबीटी, ईदगाह और आगरा कोर्ट बस अड्डे पर रातभर लोगों की भीड़ रही। रविवार सुबह भी घर जाने वालों की संख्या कम नहीं हुई है। 

12:41 PM, 29-Mar-2020

लॉकडाउन के पांचवें दिन कुछ नियंत्रित दिखी व्यवस्था

लॉकडाउन के पांचवे दिन आज पश्चिमी यूपी में व्यवस्था काफी नियंत्रण में मिली। सब्जी मंडियों में सन्नाटा पसरा रहा। केवल थोक विक्रेता ही पहुंचे। सामान की होम डिलीवरी कराए जाने के बावजूद दुकान पर सामान बेच रहे कई दुकानदारों को बिजनौर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पुलिस हिरासत में ले लिया।

सड़कों पर आवागमन का साधन नहीं मिलने से दूसरे राज्यों से आ रहे मजदूरीपेशा लोगों के पैदल अपने घर लौटने का सिलसिला जारी है। उधर, मेरठ में कोरोना पाॅजिटिव केस मिलने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। यहां मेडिकल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 50 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आज आएगी। स्वास्थ्य विभाग कोरोना चेन तोड़ने की हर संभव कोशिश में जुट गया है।

12:15 PM, 29-Mar-2020

प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना को हराने वाले आगरा के जूता कारोबारी से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में देश को संबोधित किया। इसमें प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना वायरस को मात देने वाले आगरा के जूता कारोबारी अशोक कपूर से बात की। जूता कारोबारी ने कोरोना पर जीत का अनुभव प्रधानमंत्री से साझा किया। साथ ही आगरा के स्वास्थ्यकर्मियों और स्टाफ का आभार जताया।  
जूता कारोबारी अशोक कपूर ने कहा, 'मैं और मेरे परिवार के छह लोग कोरोना पीड़ित मिले थे।

हमें आगरा से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल एंबलेंस से भेजा गया। हमें 14 दिन अस्पताल में रखा गया। चिकित्सकों और अन्य स्टाफ ने हमारा ख्याल रखा। कपूर ने प्रधानमंत्री से कहा कि आगरा और दिल्ली के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभारी हूं।

खंदारी निवासी जूता कारोबारी अशोक कपूर के दो बेटे और दामाद इटली गए थे। वहां से लौटकर आने पर उनके दामाद में कोरोना के लक्षण दिखे थे। जिसके बाद उनके दोनों बेटों का भी टेस्ट हुआ था। फिर परिवार को भी बुलाया गया। आखिर में पता चला कि परिवार के छह सदस्यों को संक्रमण है।

10:55 AM, 29-Mar-2020

'आप' विधायक के खिलाफ एफआईआर, सीएम योगी के खिलाफ की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वकील प्रशांत पटेल शिकायत के बाद राजेंद्र नगर विधानसभा से आप विधायक राघव चड्ढा के खिलाफ नोएडा के सेक्टर 20 थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
 

10:48 AM, 29-Mar-2020

बरेली में कोरोना का पहला मरीज मिला, परिवार को किया गया आइसोलेट

शहर के सुभाष नगर निवासी युवक कोरोनावायरस का पॉजिटिव मिला है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक 21 मार्च को युवक नोएडा से आया था। वह जिस कंपनी में काम करता था, वहां भी 4 लोग में कोरोना से संक्रमण की पुष्टि हुई है। 26 मार्च को युवक का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। शनिवार सुबह करीब 4 बजे आई रिपोर्ट में पॉजिटिव मिलने पर युवक के पिता को अस्पताल बुलाया गया। रिपोर्ट की जानकारी देने के बाद उसे और उसके परिजन को एक निजी अस्पताल में आइसोलेट में किए जाने की कवायद की जा रही है।

10:34 AM, 29-Mar-2020

यूपी में लगातार बढ़ रही कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या

राज्य संक्रामक रोग निदेशालय के संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल ने बताया कि शनिवार तक कोरोना संक्रमण से प्रभावित देशों से आए 50,040 यात्रियों की पहचान की गई। इसके अलावा विदेश से आए 49,488 लोगों की पहचान की गई है। इनमें से 8171 यात्रियों की शनिवार तक पहचान की गई है। सभी को होम क्वारंटीन में रखा गया है। 

10:28 AM, 29-Mar-2020

Coronavirus In Uttar Pradesh Live: कोरोना संक्रमितों की संख्या हुई 80, सरकार का आदेश, बाहर से आने वाले लोगों को क्वारंटीन करें अफसर

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का कहर देश में लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को कोरोना से जम्मू-कश्मीर और गुजरात में एक-एक लोगों की मौत हो गई। वहीं, यूपी में भी लगातार संक्रमिता का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। रविवार को प्रदेश में 14 नए मामले सामने आए, इनमें आठ मेरठ में, चार नोएडा, दो गाजियाबाद, बरेली और बुलंदशहर में एक-एक नया कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें