फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP Live Update: प्रदेश में कोरोनो पॉजिटिव 19 नए केस, यूपी में कुल 452 संक्रमित

Sat, 11 Apr 2020 10:44 PM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 452 पहुंच गई है। इनमें से 254 तब्लीगी जमात के हैं। प्रदेश में नोवेल कोरोना वायरस के शनिवार को 19 नए मामले सामने आए हैं। जबकि बुलंदशहर के एक व्यक्ति मौत हुई है। यहां पढ़ें यूपी में कोरोना वायरस की हर अपडेट-
विज्ञापन
यूपी में कोरोना वायरस लाइव - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:43 PM, 11-Apr-2020

प्रदेश में कोरोनो पॉजिटिव 19 नए केस, एक की मौत

प्रदेश में नोवेल कोरोना वायरस के शनिवार को 19 नए मामले सामने आए हैं। जबकि बुलंदशहर के एक व्यक्ति मौत हुई है। यह पेशे से आयुर्वेद का डॉक्टर है और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इसका इलाज चल रहा था। नए मामले मिलाकरक अब प्रदेश में कोविड-19 पॉजिटिव केस बढ़कर 452 हो गए हैं। इनमें से 254 तब्लीगी जमात के हैं। इसके अलावा शनिवार को 13 मरीज पूरी तरह से ठीक हो गए। इन सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक कुल 45 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 

संक्रामक रोग निदेशालय के संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल के अनुसार नए मामलों में आगरा में 04, लखनऊ में 03, गाजियाबाद 02, मेरठ चार, बुलंदशहर तीन, सहारनपुर एक,  बदायूं एक और भदोही में एक मरीज मिला है। शनिवार को भदोही को मिलाकर कुल 41 जिले अब कोविड-19 से प्रभावित हो गए हैं। शनिवार को आगरा में 03, गाजियाबाद में एक, मेरठ में तीन और बुलंदशहर में एक पॉजिटिव तब्लीगी जमात का पाया गया है। जो 13 लोग शनिवार को डिस्चार्ज किए गए हैं, उनमें मेरठ के नौ, आगरा और गाजियाबाद के दो लोग हैं। 

कुल पांच मौतें मेरठ, बस्ती, आगरा, वाराणसी और बुलंदशहर में हुई हैं। कुल 452 पॉजिटिव केस आगरा 92, लखनऊ 32, गाजियाबाद 27, गौतमबुद्ध नगर 64, लखीमपुर खीरी 04, कानपुर नगर 09, पीलीभीत 02, मुरादाबाद 01, वाराणसी 09, शामली 17, जौनपुर 04, बागपत 05, मेरठ 48, बरेली 06, बुलंदशहर 11, बस्ती 09, हापुड़ 06, गाजीपुर 05, आजमगढ़ 04, फिरोजाबाद 11, हरदोई 02, प्रतापगढ़ 06, सहारनपुर 21, शाहजहांपुर 01, बांदा 02, महाराजगंज 06, हाथरस 04, मिर्जापुर 02, रायबरेली 02, औरैया 03, बाराबंकी 01, कौशांबी 02, बिजनौर 01, सीतापुर 10, प्रयागराज 01, मथुरा 02, बदायूं 02, रामपुर 06, मुजफ्फर नगर 04, अमरोहा 07, भदोही 01 यह हुए ठीक मेरठ 09, आगरा 10, गाजियाबाद 05, नोएडा 12, लखनऊ 05, कानपुर, शामली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी का 01-01।

10:27 PM, 11-Apr-2020

लॉकडाउन में चल रहा था धोखाधड़ी का खेल, 500 रुपये में बना रहे थे फर्जी पास

बागपत जनपद में ड्रग्स इंस्पेक्टर वैभव बब्बर ने शनिवार को छापा मारकर एक जन सुविधा केंद्र पर लॉकडाउन के लिए फर्जी पास जारी करने का खेल पकड़ लिया। दस फर्जी कार्ड बरामद हुए है। ड्रग्स इंस्पेक्टर ने मौके पर मौजूद जन सुविधा केन्द्र के कर्मचारी और एक मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। साथ ही उनके खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।

09:51 PM, 11-Apr-2020

बिजनौर में 26 जमाती और मिले, यूपी में कुल 448 संक्रमित

बिजनौर जनपद में पुलिस प्रशासन द्वारा जमातियों को खोजने का अभियान जारी है। शनिवार को किरतपुर और हल्दौर क्षेत्र से 26 जमाती मिले, जो अपने घरों में रह रहे थे। इन सभी की प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच कराई गई, उसमें किसी में भी कोरोना वायरस के लक्षण नहीं पाए गए। जमातियों को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। जनपद भर में अब तक 514 जमाती मिल चुके हैं।

विज्ञापन
08:49 PM, 11-Apr-2020

जिनके घरों में खाना नहीं, क्या उनके बारे में बोलना गुनाह है : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लागू लॉकडाउन का शत-प्रतिशत पालन कर रही है। एडवाइजरी का पालन करते हुए हमारे कार्यकर्ता पीड़ितों, जरूरतमंदों की सहायता में जुटे हुए हैं।

संकट काल में भी सपा लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकती है। उन्होंने सवाल किया कि जिनके पेट में दाना नहीं, घर में खाना नहीं, ऐसे गरीबों के बारे में बोलना क्या गुनाह है?

07:06 PM, 11-Apr-2020

यूपी में कोरोना वायरस संक्रमण के 15 नए मामले सामने आए

यूपी में कोरोना वायरस संक्रमण के 15 नए मामले आए हैं जिनमें आगरा के 3, लखनऊ के 3, गाजियाबाद के 2, मेरठ के चार, बुलंदशहर, बदायूं और भदोही का एक-एक मरीज है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 448 हो गई है जिनमें से 254 तब्लीगी जमात के हैं।

विज्ञापन
06:15 PM, 11-Apr-2020

लॉकडाउन में कारखाने से 40 लाख रुपये की चांदी चोरी

लॉकडाउन में भी चोर वारदात कर रहे हैं। आगरा के थाना सदर क्षेत्र में चोरों ने चांदी के कारखाने से 82 किलोग्राम चांदी चोरी कर ली। इसकी कीमत 40 लाख रुपये बताई गई है। कारखाना संचालक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

05:53 PM, 11-Apr-2020

लखनऊ: खुले में फेंक दिए गए कोरोना मरीजों के इस्तेमाल किए हुए गद्दे

लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के इस्तेमाल किए हुए गद्दे व अन्य सामान खुले में बाहर फेंक दिया गया। यह लापरवाही भारी पड़ सकती है।

बता दें कि वार्ड दो में भर्ती रहे कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने इन गद्दों का इस्तेमाल किया था। शुक्रवार को कर्मचारी व अन्य इन गद्दों के पास से गुजरते रहे। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा है। वार्ड नंबर दो में 13 लोग भर्ती थे जो कि तब्लीगी जमात के थे।

05:27 PM, 11-Apr-2020

तीन दिन से लखनऊ में नहीं मिला कोई नया मरीज

कोरोना के खौफ के साये में जी रहे लखनऊ के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। तीन दिन से शहर में एक भी पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। इसे बदली परिस्थितियों में शुभ माना जा रहा है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि हॉटस्पॉट इलाकों से पॉजिटिव मरीजों का न मिलना साबित करता है कि यहां की आबोहवा में कोरोना का असर नहीं है। लोग इसी तरह सावधानी बरतते रहे तो इसे खत्म करने में आसानी होगी।

05:17 PM, 11-Apr-2020

केजीएमयू के कुलपति का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाया गया

कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए केजीएमयू लखनऊ के कुलपति प्रो. एम एल बी भट्ट का कार्यकाल तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। बताया जा रहा है कि माहौल की गंभीरता देखते हुए प्रशासन ये फैसला लिया है।

05:10 PM, 11-Apr-2020

अलीगढ़ : लॉकडाउन के चलते अतरौली में फंसे बराती, 19 दिन से हैं दुल्हन के घर

अतरौली कोतवाली के गांव विधीपुर में लॉकडाउन के चलते शादी के 18 दिन बाद भी दुल्हन की विदाई नहीं हो सकी है। बरात में आए 12 लोग भी 21 मार्च से यहीं फंसे हैं। रिजर्वेशन के लिए लगातार अलीगढ़ रेलवे स्टेशन के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन यहां से निकलने के लिए रिजर्वेशन तक नहीं हो रहा है।

04:11 PM, 11-Apr-2020

सीतापुर में क्वारंटीन सेंटर से भागे 18 लोग अपने घरों में मिले

जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी व पुलिस अधीक्षक एलआर कुमार के औचक निरीक्षण के दौरान क्वारंटीन सेंटर पिपरी सादीपुर में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां क्वारंटीन किए गए 18 मजदूर नदारद थे। सेंटर पर कोई मौजूद नहीं था। जांच में क्वारंटीन मजदूर अपने-अपने घरों पर पाए गए।

03:42 PM, 11-Apr-2020

कोरोना संकट से निपटने के लिए बसपा केंद्र सरकार के साथः मायावती

बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि कोरोना संकट से निपटने के लिए बसपा केंद्र सरकार के हर फैसले का स्वागत करती है। इसके साथ ही उन्होंने अलग-अलग राज्यों की सरकारों से भी जाति, धर्म व दलगत राजनीति से ऊपर उठकर गरीबों की मदद करने की अपील की है।

03:16 PM, 11-Apr-2020

बुलंदशहर के डॉक्टर की दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में कोरोना से मौत

बुलन्दशहर के डॉक्टर की कोरोना से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मृत्यु हो गई है। मृत डॉक्टर शिकारपुर के रहने वाले थे। स्वास्थ विभाग की टीम ने डॉक्टर के परिजनों का भी सैंपल लिया। प्रशासन ने डॉक्टर के मोहल्ले को सील कर दिया है। जिला प्रशासन ने बताया कि मृत डॉक्टर सात अप्रैल को तबियत खराब होने अपने बेटे और पत्नी के साथ स्वयं दिल्ली गए थे।  

02:40 PM, 11-Apr-2020

मेरठ में पुलिसकर्मियों पर पथराव

मेरठ में जली कोठी हॉटस्पॉट को सील करने पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान पथराव भी किया गया। सूचना पर फोर्स मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील करने की तैयारी कर ली है।

01:52 PM, 11-Apr-2020

बुलंदशहर में जमातियों की सूचना पर 10 हजार का इनाम

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने तब्लीगी जमात में शिरकत कर बिना मेडिकल परीक्षण कराए रह रहे लोगों की सूचना देने वाले के लिए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

01:08 PM, 11-Apr-2020

फिरोजाबाद में चार नए मामले

फिरोजाबाद के प्रतापपुर गांव में कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आए चार लोगों की जांच रिपोर्ट में कोराना की पुष्टि हुई है। हालांकि अब भी कई लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। जिले में अब कोरोना पॉजिटव लोगों की संख्या 14 हो गई है।

01:00 PM, 11-Apr-2020

मेरठ में 9 लोगों ने कोरोना को हराया

कोरोना वायरस महामारी के बीच मेरठ से राहत भरी खबर है। मेडिकल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड  में भर्ती शहर के पहले कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति समेत कुल नौ लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। शनिवार सुबह इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

12:33 PM, 11-Apr-2020

आगरा: दमकल गाड़ियों की मदद से किया जा रहा सैनिटाइजेशन

आगरा में कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में दमकल विभाग की कई गाड़ियों को लगाया गया है। इन गाड़ियों की मदद से शहर के संक्रमित क्षेत्रों (हॉटस्पॉट) को सैनिटाइज करने का काम किया जा रहा है। 

12:13 PM, 11-Apr-2020

गोरखपुर में प्रशासन सख्त

गोरखपुर में कोरोना संक्रमण को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। बस्ती और महारागंज में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गोरखपुर आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही अंदर आने दिया जा रहा है। वहीं अभी भी बहुत से ऐसे लोग हैं, जो अनावश्यक ही घर से बाहर निकल रहे हैं। पुलिस ऐसे लोगों को सड़क के किनारे बैठाकर सबक सीखा रही है।

11:50 AM, 11-Apr-2020

मेरठ में चार नए मरीज

मेरठ में चार और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें तीन जली कोठी की दरी वाली मस्जिद में रुके जमाती और एक शास्त्रीनगर सेक्टर 13 के रहने वाले हैं। मेरठ में अब कोरोना के मरीजों की संख्या 47 हो गई है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए इन लोगों के आसपास के एक किलोमीटर क्षेत्र को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया है।

10:47 AM, 11-Apr-2020

प्रयागराज: भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में एक गिरफ्तार

प्रयागराज के हंडिया इलाके से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले पोस्ट करने के आरोप में जावेद नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए, 295 ए, और 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
 

10:05 AM, 11-Apr-2020

लखनऊ केजीएमयू में तीन नए मामले

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के आइसोलेशन वार्ड के प्रभारी डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि अस्पताल में कोरोना वायरस के तीन नए मामलों की पुष्टि हुई है।

09:30 AM, 11-Apr-2020

लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर दो गिरफ्तार

लखनऊ के शंकर चौक पर समोसे बेच रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों लोग भीड़ लगाकर चौक पर समोसे बेच रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ धारा 188 और 269 के तहत मामला दर्ज कर लिया।

09:05 AM, 11-Apr-2020

आश्रय गृह में रुके व्यक्ति ने साझा किए अनुभव

मुरादाबाद के गांधी नगर पब्लिक स्कूल में बनाए गए एक अस्थायी आश्रय गृह में ठहरे प्रवासी कर्मियों ने शनिवार सुबह योगा क्लास में भाग लिया। इस दौरान बिहार के एक प्रवासी मजदूर ने बताया कि लॉकडाउन घोषित होने के बाद वह अपने घर बिहार जा रहे थे, लेकिन सरकार के आदेश पर उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि आश्रय गृह में हमने स्वच्छता और सामाजिक दूरी के महत्व के बारे में जाना।

08:27 AM, 11-Apr-2020

प्रदेश में कोरोनो पॉजिटिव 19 नए केस, यूपी में कुल 452 संक्रमित

आगरा में तीन नए मामले
शनिवार सुबह आगरा में तीन मामलों की पुष्टि हुई है। इसी के साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 92 पहुंच गई है। डीएम प्रभु एन सिंह ने नए मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में कुल 92 में से 81 एक्टिव मामले हैं।
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें