यूपी में बुधवार को 269 नए मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक मिले संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6991 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बीते 24 घंटों में पांच संक्रमित लोगों की मौत की जानकारी भी दी है। इस तरह प्रदेश में अब तक हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर 182 हो गया है।
कानपुर देहात में दो और लोगों में कोरोना
यूपी में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। कानपुर देहात में बुधवार को कानपुर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में दो और प्रवासियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। एक युवक गुजरात के अहमदाबाद से आया है और शिवली में क्वारंटीन है। जबकि राजपुर की एक महिला दिल्ली से आई है और सिकंदरा में है। कानपुर देहात में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 हो गई है। 14 एक्टिव केस हैं। इनमें 16 प्रवासी हैं।
गाजियाबाद में 10 नए संक्रमित मिले
गाजियाबाद जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। बुधवार को 10 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से छह मरीजों की रिपोर्ट मंगलवार को आई थी, जबकि चार की रिपोर्ट बुधवार को मिली है। 243 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि 119 सैँपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई। अब तक जिले में मरीजों की संख्या 245 हो गई है, इनमें से 198 डिस्चार्ज हो चुके हैं।
मेरठ में भाजपा महानगर अध्यक्ष के भाई समेत 12 मरीज मिले
मेरठ में बुधवार रात को भाजपा महानगर अध्यक्ष के भाई समेत 12 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब जनपद में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 398 पहुंच गया है। इनमें 254 लोग ठीक होकर आपने घर जा चुके हैं। जिले में कोरोना से 24 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
सिद्धार्थनगर में दो नए संक्रमित मिले
सिद्धार्थनगर जिले में बुधवार को दो नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इन दोनों का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दो कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद संख्या बढ़कर 90 हो गई है।
फतेहपुर में चार प्रवासी निकले संक्रमित
यूपी के फतेहपुर जिले में बुधवार शाम चार प्रवासी और संक्रमित मिले हैं। चार में से तीन मुंबई से आए हैं जबकि एक सूरत से लौटा है। जिले में अब तक 44 संक्रमित मिल चुके हैं जिनमें से 41 प्रवासी हैं।
हापुड़ में सरकारी चिकित्सक समेत 16 लोगों में कोरोना की पुष्टि
हापुड़ जिले में सरकारी अस्पताल के चिकित्सक और सफाई कर्मी समेत बुधवार को 16 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो गई। इसके बाद जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 138 पहुंच गई है।
बिजनौर में तीन, शामली में एक केस मिला
यूपी के बिजनौर जनपद में बुधवार को तीन नए संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं शामली में भी एक नया केस मिला है। अब शामली जिले में कोरोना के सक्रिय केस बढ़कर 11 हो गए हैं।
मेरठ में एक और मौत
मेरठ में बुधवार को कोरोना वायरस से एक और मौत हो गई। शहर के सिविल लाइन क्षेत्र निवासी 78 वर्षीय महिला में 14 मई को जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद उन्हें मेडिकल के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया था। जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने इसकी पुष्टि की है। जिले में कोरोना से अब तक यह 24वीं मौत है।
दिल का दौरा पड़ने से हुई पंजाब के प्रवासी श्रमिक की मौत
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब के लुधियाना से श्रमिक स्पेशल ट्रेन में आते समय प्रवासी श्रमिक की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। इसमें मौत का मुख्य कारण दिल का दौरा पड़ना बताया जा रहा है। यह प्रवासी श्रमिक मधुमेह रोगी भी था। हालांकि एहतियात के तौर पर उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं वह कोरोना संक्रमित तो नहीं था।
महराजगंज में दो नए मरीज मिले, दो अस्पताल से डिस्चार्ज
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में कोरोना के केस बढ़ने के साथ स्वास्थ्य होने वालों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। बुधवार को मुंबई से आए 2 कामगार कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं दो कामगार स्वस्थ होकर मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज भी हो गए। जिले में कुल 46 कोरोना संक्रिमित हो गए हैं, उनमें से 16 ठीक होकर घर जा चुके हैं। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने की है।
गोरखपुर में दो नए कोरोना पॉजिटिव मिले
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में बुधवार को दो नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 62 हो गई है। जिसमें से पांच की मौत हो चुकी है और आठ लोग इलाज के बाद ठीक होकर घर जा चुके हैं। इसकी पुष्टि सीएमओ श्रीकांत तिवारी ने की है।
लखनऊ में पीएसी के 6 और जवानों में कोरोना की पुष्टि
राजधानी लखनऊ में पीएसी के 6 और जवानों में कोरोना की पुष्टि हुई है। एस्टोन कॉलेज से क्वारंटीन 3 जवान और गांधी पब्लिक स्कूल में क्वारंटीन 3 जवान अलग कर दिए गए हैं। एच कंपनी के जवान कोरोना की चपेट में आए हैं। आपको बता दें कि अभी तक 31 जवान पॉजिटिव आ चुके हैं, हालांकि इनमें 11 ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
एटा में तीन नए मरीज मिले
यूपी के एटा जिले में बुधवार को तीन कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जिल में अब तक कुल 20 संक्रमित हुए हैं, तीन की मौत हो चुकी है, नौ मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं और आठ का उपचार चल रहा है।
मेडिकल हब रामपुर गार्डन का आधा हिस्सा आएगा हॉटस्पॉट में, सील करने की तैयारी
महिला डॉक्टर को कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद रामपुर गार्डन को हॉटस्पॉट बनाने का निर्णय लिया गया है। यहां डॉक्टर के हॉस्पिटल के साथ ही पार्क के पास उनके आवास के हिस्से को दूसरा हॉटस्पॉट बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। दोनों जगह 250 मीटर का क्षेत्र सील होगा। दोपहर में यहां सैनिटाइजर स्प्रे किया गया। शाम को दोनों जगह बल्लियां लगाकर आवाजाही बंद कर दी जाएगी। इससे स्थानीय लोगों और अस्पताल स्टाफ व तीमारदारों को समस्या होनी तय है।
हरदोई में कोरोना का दो मरीजों में पुष्टि
यूपी में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। हरदोई जिले में बुधवार को दो मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। हरदोई जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 40 हो गई है। जनपद में एक्टिव केस 33 हैं।
उन्नाव में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला
यूपी के उन्नाव जिले में बुधवार को एक और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। इनमें 24 मामले सक्रिय हैं। दो मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
कन्नौज में कोरोना के तीन और मरीज
कन्नौज जिले में बुधवार को तीन और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। अब तक कन्नौज जिले में कुल 42 कोरोना पॉजिटिव सामने आ चुके हैं। 19 एक्टिव केस हैं। 23 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान महिला की मौत
कोरोना से संक्रमित 83 साल की वृद्ध महिला की मेरठ मेडिकल कॉलेज में बुधवार दोपहर को उपचार के दौरान मौत हो गई। वह मुजफ्फरनगर के खालापार पुलिस चौकी के निकट स्थित रहमतनगर की निवासी थीं। वृद्ध महिला डायलिसिस पर चल रही थीं।
मुरादाबाद में 10 नए संक्रमित
मुरादाबाद में बुधवार को 10 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। इनमें से सात महिलाएं हैं। इससे पहले मंगलवार देर रात को भी पॉजिटिव पाए गए थे। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या 202 पहुंच गई है।
औरैया में कोरोना के पांच नए मरीज मिले
औरैया जिले में बुधवार को पांच लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। एक मरीज सहमेउ बेला निवासी है, दो मरीज इकघरा सहार से हैं, एक मरीज नौगवां दिबियापुर का व एक आटसु निवासी है। जनपद में अब 12 एक्टिव केस हैं। औरैया जिले में अब तक 30 मामले सामने आ चुके हैं।
मुजफ्फरनगर में 10 प्रवासी श्रमिक कोरोना संक्रमित
प्रवासी श्रमिकों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को भी मुजफ्फरनगर में 10 प्रवासी श्रमिक कोरोना से संक्रमित मिले हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि आज आई जांच रिपोर्ट में 10 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सभी किसान इंटर कॉलेज ककरोली के क्वारंटीन केंद्र में भर्ती हैं। यह लोग प्रवासी श्रमिक हैं, जो विगत दिनों तमिलनाडु से आए थे।
जौनपुर में मिले कोरोना वायरस के 16 नए मामले
जौनपुर जिले में बुधवार सुबह 16 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में अब कोरोना के मामलों की संख्या 156 हो गई है। इनमें से 22 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि तीन की मौत हो गई। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. रामजी पांडेय ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बुधवार को मिले पॉजिटिव मरीजों में एक 12 साल की बच्ची भी शामिल है। सभी लोग मुंबई से जौनपुर आए थे।
वाराणसी में नहीं मिला कोई नया मरीज
वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि मंगलवार को जिले में कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है। इस समय जिले में कुल 156 मरीज संक्रमित हैं, जिसमें 65 आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। इसके अलावा 48 हॉटस्पॉट रेड जोन में हैं।
शिकोहाबाद की नगर पालिकाध्यक्ष के पति संक्रमित
शिकोहाबाद की नगर पालिकाध्यक्ष के पति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही उन्हें सैफई पीजीआई के आइसोलेशन में भर्ती कराया गया है। एसडीएम शिकोहाबाद नरेंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उनके संपर्क में आए लोगों की सूची बनाई जा रही है।