सऊदी अरब से लौटी अमरिया की महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने महिला के परिवार वालों के सेंपल लिए थे। मंगलवार देर रात लखनऊ से महिला के बेटे की जांच रिपोर्ट मिली। इसमें बेटे को भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। ऐसे में जिले में कोरोना के दो मरीज हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
कोरोना वायरस से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने पूरे प्रदेश में पान, पान-मसाला और गुटखा के निर्माण और बिक्री को रोक लगा दी है।
अयोध्या जिला मजिस्ट्रेट ने किराना दुकानदारों को रोजमर्रा की जरूरत के 11 सामान की पैकेजिंग कर होम डिलीवरी करने को कहा गया है। इन 11 सामानों की कीमत 475 रुपये तय की गई है। इससे ज्यादा कीमत वसूल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ये आदेश 2 अप्रैल तक लागू रहेगा।
लखनऊ डीएम ने आदेश जारी किया है कि जरूरी सामानों की दुकानें सुबह 6 से रात 11 बजे तक खुलेंगी। पेट्रोल पंप 24 घंटे खुले रहेंगे।
शिया सेन्ट्रल वक़्फ़ बोर्ड चेयरमैन वसीम रिज़वी की हालत बिगड़ गई है। वसीम रिज़वी अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वसीम रिज़वी का कोरोना का सैंपल लिया गया है। वसीम रिज़वी की कोरोना रिपोर्ट का इंतजार है। आपको बता दें कि वसीम रिजवी कुछ दिन पहले ही दुबई से लौटे थे
कोरोना महामारी से निपटने के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। इसी के तहत बुधवार को राज्य की योगी सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के लिए अतिरिक्त 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सरकार ने प्रदेश की जनता से कोरोना वायरस के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन की घोषणा के बाद अपने घरों में रहने की अपील की है।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने राज्य की योगी सरकार से अपील की है कि सरकार गरीबों को आश्वयक वस्तुओं की आपूर्ति मुफ्त में या फिर अत्यंत कम दामों पर करें।
पश्चिमी यूपी में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। बेवजह सड़कों पर निकलने वालों पर पुलिस सख्ती कर रही है। कई जगह चालान काटे गए तो कही जगह लोगों को चेतावनी देकर वापस घर भेजा गया।
कुशीनगर में सुबह से लॉक डाउन के चलते सड़कों पर सन्नाटा है। जगह-जगह पुलिस फोर्स लगी है। सड़क पर इक्का दुक्का गुजर रहे वाहनों की जांच हो रही है। हाटा नगर क्षेत्र में सुबह सब्जी की दुकानों के खुला होने की सूचना पर एसडीएम प्रमोद तिवारी जांच करने पहुंचे और दुकानों को बंद कराया।
रामपुर में बुधवार को लॉकडाउन के पहले दिन प्रशासन के कंट्रोल रूम में फोन करने पर दूध की आपूर्ति कराई गई।
सीएम योगी कोरोना को लेकर युद्धस्तर पर व्यवस्थाओं के इंतज़ाम में जुटे हैं। कुछ देर में महत्वपूर्ण बैठक होगी। आम लोगों को ना हो परेशानी, इसके मद्देनज़र बैठक बुलाई है।
गोरखपुर में लॉकडाउन के पहले दिन पुलिस ने लोगों को घर में ही रहने की हिदायत दी है। इस दौरान बहुत से लोग बिना जरूरत के घर से बाहर निकलने, जिन्हें पुलिस ने हिदायत देक कर छोड़ दिया। प्रशासन ने जरूरत के सामान के लिए दुकानों को साढ़े नौ बजे तक खोलने का आदेश दिया है।
वाराणसी में कई इलाकों में सन्नाटा पसरा नजर आया। लेकिन कई जगहों पर लोग बेपरवाह दिखे। ऐसे लोगों पर पुलिस भी सख्त दिखाई दे रही है। सड़कों पर घूमने वालों को पुलिस घर भेज रही है। दशाश्वमेध इलाके में क्षेत्राधिकारी दशाश्वमेध, दशाश्वमेध थाना प्रभारी और क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट द्वारा लाइन लगवाकर सामान लेने की व्यवस्था लागू की गई है। वाराणसी में सुबह 6 बजे से 10 बजे तक बाजार खुले, इस दौरान दुकानदारों ने लोगों से मनमाने पैसे लिए। सड़कों पर पुलिस तैनात है, वाहन चालकों पर सख्ती की जा रही है। मंडलायुक्त, आईजी, जिलाधिकारी, एसएसपी शहर का निरीक्षण कर रहे हैं।
प्रयागराज में एआईएमआईएम पार्टी नेता मंसूर आलम कोरोना को सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने को लेकर गिरफ्तार किया गया।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इससे बचने व सावधान रहने के उपाय को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र काशी की जनता से आज शाम 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को सभी काशीवासी न्यूज चैनल खासकर डीडी न्यूज, नरेंद्र मोदी एप, प्रधानमंत्री के फेसबुक पेज, प्रधानमंत्री के ट्विटर हैंडल आदि पर देख सकते हैं। काशीवासी नमो एप के जरिए अपने प्रश्न प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष रखेंगे और पीएम पूछे गए प्रश्नों का निराकरण(जवाब) करेंगे।विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना को वैश्विक महामारी घोषित किया है और इस बीमारी से पूरा विश्व डर के साये में जी रहा है। एक ओर जहां विकसित देश चीन, इटली, अमेरिका, स्पेन, फ्रांस व जमर्नी इस महामारी की चपेट में आ गए हैं वही दूसरी और भारत जैसा विकासशील देश इस वैश्विक महामारी से बचने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिन-प्रतिदिन नए-नए सफल प्रयोग कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश में 21 दिनों के लिए लॉकडाउन के मद्देनजर आवाजाही रोकने के लिए दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर पुलिस की बैरिकेडिंग जारी है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं का प्रतिपादन / लाभ उठाने वालों को छोड़कर अन्य लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
कोरोना से निपटने की तैयारी में जनता लगातार बाधक बनी हुई है। लॉकडाउन के दूसरे दिन भी मंगलवार को शहर में लोग निजी वाहनों से घूमते रहे। पुलिस की सख्ती का भी कोई असर नहीं पड़ा। थानों में नियमों के उल्लंघन पर 25 और मामले दर्ज किए गए हैं। सोमवार को 87 मुकदमे दर्ज किए गए थे। ऐसे में दूसरे दिन कुल मुकदमों की संख्या 112 हो गई।
लखनऊ में लॉकडाउन वाले जिलों में दूसरे दिन लोग घरों में ही रहें, इसलिए पुलिस ने सख्ती की, जिसका असर भी देखने को मिला। इसके बाद लोग सड़क से घरों में घुसे। अलीगढ़, कानुपर समेत कई शहरों में दुकानें बंद कराई गईं। कानपुर में सड़क पर बेवजह घूम रहे लोगों को मुर्गा बनाया गया। दूसरी ओर सुबह-शाम आवश्यक चीजों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
अलीगढ़, कानुपर में लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराया गया। अलीगढ़ शहर में लॉकडाउन तोड़ने पर धारा 188 के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए। सुबह 7 से 11 और शाम 5 से 5 बजे तक आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुलीं तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कानपुर में बिना वजह सड़कों पर घूमते देखे गए लोगों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। बेवजह सड़क पर घूम रहे लोगों को मुर्गा बनाया गया। साथ ही कुछ लोगों की गाड़ियों को पंक्चर भी किया गया। कई जगहों पर बल भी प्रयोग करना पड़ा। वाहनों को नहीं चलने दिया।
वाराणसी में सड़कों पर निकलने की कोशिश करने वालों को पुलिस ने खदेड़ कर अंदर किया। पूरे दिन शहर में कर्फ्यू जैसा नजारा रहा। नियम तोड़ने वालों के चालान किए गए। आजमगढ़ में धारा 188 के उल्लघंन में 20 मुकदमे दर्ज किए गए। 700 से ज्यादा वाहनों के चालान किए गए।