दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन मरकज से पांच कश्मीरियों के देवबंद पहुंचने की सूचना से हड़कंप मचा हुआ है। बताया गया है कि ये लोग चार दिनों तक रशीदिया मस्जिद में रुके थे।दिल्ली मरकज में जमातियों के कोरोना संक्रमित होने पर जहां हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। वहीं इसको लेकर धार्मिक स्थलों की जांच पड़ताल भी शुरू कर दी गई है। इसी बीच जानकारी प्राप्त हुई है कि दिल्ली मरकज से पांच कश्मीरी आठ मार्च को देवबंद आए थे और वे मस्जिद रशीदिया में ठहरे थे। यहां से सभी लोग चार दिन बाद यानी 11 मार्च को कश्मीर चले गए थे, जहां इनमें शामिल अरशद नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उसके बाद दिल्ली मरकज में जमातियों के कोरोना संक्रमित मिलने से खलबली मची हुई है। मंगलवार को अधिकारी जमात के लोगों की तलाश में रशीदिया मस्जिद पहुंचे थे, लेकिन वहां कोई भी बाहरी व्यक्ति नहीं मिला, कुछ पुराने छात्र ही मौजूद मिले। मरकज से देवबंद पहुंचे कश्मीरी लोगों के संबंध में एसडीएम देवेंद्र पांडेय का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
मेरठ जनपद में सरधना की आजाद नगर मस्जिद में इंडोनेशिया से आए जमात में शामिल लोगों को जांच के लिए सुभारती मेडिकल अस्पताल में भेजा गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सभी को एंबुलेंस के द्वारा मेरठ के लिए भिजवाया गया है। बताया गया कि इनमें नौ इंडोनेशिया व दो सरधना के लोग शामिल शामिल हैं।बता दें कि लॉकडाउन के बाद से ये सभी लोग सरधना की आजाद नगर मस्जिद में रुके हुए थे। मंगलवार को सभी को जांच के लिए भेजा गया है।
झांसी में तीन अलग-अलग जगहों पर रुके 24 तबलीगी जमातियों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। इनमें पांच महिलाएं हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के 10 , उत्तराखंड के 7 और दिल्ली के 6 जमाती हैं। बताया गया कि ये लोग पिछले डेढ़ माह से झांसी में ही थे। एलआईयू को मिले इनपुट के बाद मंगलवार को पुलिस ने सभी को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लेकर सैंपल लिया। साथ ही सभी कोक्वारंटीन कर दिया गया है।
यूपी में मंगलवार को कोरोना वायरस के सात नए केस मिले हैं। जिसमें से पांच बरेली के, एक नोएडा व एक गाजियाबाद का है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 103 हो गई है। हालांकि, एक दिन पहले सोमवार को 15 नए मरीज मिलने से शासन-प्रशासन की चिंता बढ़ गई थी। सोमवार को मिले मरीजों में सात नोएडा के, पांच मेरठ के और एक-एक मरीज आगरा, लखनऊ व बुलंदशहर के थे।
प्रदेश के कुल 103 मरीजों में नोएडा के सबसे ज्यादा 39 व मेरठ के 19 मरीज हैं। इसके अलावा आगरा के 11, लखनऊ के 9, गाजियाबाद के 8, बरेली के छह, पीलीभीत-वाराणसी के दो-दो, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, कानपुर, जौनपुर, शामली, बागपत, बुलंदशहर में एक-एक मरीज पॉजिटिव मिला है।
मेरठ के लिए आज अच्छी खबर है। लगातार बढ़ रही कोरोना के मरीजों की संख्या मंगलवार को ठहर गई। शहर में आज 19 सैंपल्स की जांच हुई जो कि सभी नेगेटिव पाई गई हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। हालांकि इससे पहले मेरठ में 19 लोगों को कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो चुकी हैं। इन सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया हुआ है। जहां उनका उचपार किया जा रहा है।मेरठ में अब तक 128 जांच हुई हैं। इनमें से 19 पॉजिटिव केस मिले हैं, जबकि 109 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। हालांकि मंगलवार को सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं जिससे स्वास्थ्य विभाग को बड़ी राहत मिली है।
मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से डेढ़ सौ जरूरतमंद लोगों को राशन किट वितरित की गई। प्रत्येक किट में पांच किलो आटा, चावल, दाल, तेल, आलू, प्याज, मसाले थे। वितरण के दौरान सामाजिक दूरी का विशेष ख्याल रखा गया। साथ ही थर्मल थर्मामीटर से राशन किट लेने आए सभी लोगों की जांच की गई।
उत्तर प्रदेश के संभल जिले के स्वास्थ्य विभाग को इनपुट मिला है कि दिल्ली की जिस तबलीगी जमात में बड़ी संख्या में लोग कोरोना आशंकित मिले हैं उसमें 20 लोग संभल के भी शामिल थे। इसके बाद जिले भर के चिकित्साधिकारी और स्वास्थ्य कर्मियों को इन्हें ट्रैक करने के लिए सक्रिय किया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अमिता सिंह ने बताया कि हम सतर्क हैं और जल्दी ही उन लोगों को तलाश लिया जाएगा।
इंटेलिजेंस के इनपुट पर मेरठ पुलिस ने 14 जमाती पकड़े हैं। ये जमाती देहात क्षेत्र के कांशी में एक मौलाना के घर पर ठहरे हुए थे। ये सभी नेपाल, महाराष्ट्र व बिहार के निवासी हैं।
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक निजामुद्दीन मरकज से छह विदेशी नागरिक लखनऊ के अमीनाबाद के मरकज में प्रचार-प्रसार करने गए थे। सभी विदेशी कजाकिस्तान के हैं।
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल होकर लौटे लोगों में कई लोग लखनऊ भी आए हैं। सीएमओ डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि अभी तीन लोग ऐसे मिले हैं। इनके सैंपल लिए गए हैं। इन्हें लोकबंधु अस्पताल में क्वारंटीन के लिए भेजा जा रहा है। इनसे पुलिस अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। इनके जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि कितने लोग आए और कब से यहां हैं। पुलिस इनके बारे में सूचना न देने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी करेगी।
मेरठ के सरधना क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर की मस्जिद में जमात के जो छह लोग मिले हैं। वह इंडोनेशिया के रहने वाले हैं जिनकी स्वास्थ्य विभाग के द्वारा पूर्व में भी जांच की जा चुकी हैं, लेकिन अब यह जानकारी सामने आने पर कि दिल्ली की निजामुद्दीन मरकज में यह विदेशी जमात के लोग वहां पर ठहरे थे, इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है।
कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप और उससे बचाव को प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री का दौरा जारी है। गौतमबुधनगर के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गाजियाबाद पहुंचे। हालांकि प्रस्तावित कार्यक्रम की बजाय महज चार मिनट में ही गाजियाबाद से रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने संतोष मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 के उपचार की व्यवस्थाएं देखीं।
आगरा में कंट्रोल रूम से लेकर नोडल अफसरों तक लोग लगातार यह शिकायत कर रहे हैं कि शहर में आटा नहीं मिल रहा है। फल, सब्जियों और दालों की कीमत प्रशासन ने तय तो कर दी है लेकिन कालाबाजारी हो रही है। इस पर कार्रवाई भी नहीं हुई है। चार दिन में आटा न मिलने की 50 से अधिक शिकायतें कंट्रोल रूम में आई हैं।
लॉक डाउन के सातवें दिन चित्रकूट जिला मुख्यालय की सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। सब्जी और दूध लेने ही कुछ लोग निकल रहे हैं। हालांकि मानिकपुर राजापुर मऊ पहाड़ी में कई जगह लॉकडाउन का उल्लंघन अब भी दिख रहा है।
कोरोना वायरस के इंतजाम को लेकर आज गाजियाबाद में सीएम योगी समीक्षा करने पहुंचेंगे। उनके पहुंचने से पहले ही गाजियाबाद स्थित संतोष मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में एसएसपी कलानिधि नैथानी और डीएम अजय शंकर पांडे व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे।
मुख्यमंत्री योगी के दौरे से पहले संतोष हॉस्पिटल ने अस्थाई स्टाफ नर्सेज को बाहर कर दिया गया है। इनमें 70 स्टाफ नर्स शामिल हैं जिन्हें कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर हायर किया गया था
गाजीपुर के तीन और आजमगढ़ के एक कोरोना संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद छुट्टी दे दी गई। उधर, जौनपुर और चंदौली के एक-एक संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस तरह यहां भर्ती सभी 14 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। आजमगढ़ में भर्ती एक संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट भी निगेटिव आई। यहां अब तक सभी 14 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
बरेली में पांच नए मामले
नोएडा से वापस आए बरेली के सुभाष नगर के युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद अब उसके पांचों परिजनों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। मंगलवार सुबह करीब 6:00 बजे आई रिपोर्ट के मुताबिक युवक की माता, पिता, भाई, पत्नी और बहन के सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।
सैनिटाइजर बनाने के लिए तत्काल सहमति पत्र देगा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
अल्कोहल आधारित सैनिटाइजर का उत्पादन करने वाली औद्योगिक इकाइयों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आवेदन के साथ तत्काल सहमति पत्र जारी करेगा। बोर्ड के चेयरमैन जेपीएस राठौर ने बताया कि कोरोना के चलते सैनिटाइजर की मांग बहुत बढ़ गई है। इसकी आपूर्ति के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। इसी के तहत नियंत्रण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने फैसला किया है कि मौजूदा डिस्टिलरी और औद्योगिक इकाइयां अल्कोहल आधारित सैनिटाइजर बनाने के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। उन्हें तत्काल बोर्ड की ओर से सहमति पत्र जारी कर दिया जाएगा। यह आदेश 31 मई तक लागू रहेगा।