उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना लॉकडाउन के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश के बॉर्डर पर आ रहे अन्य राज्यों को पैदल जाने वाले मजदूरों व कर्मकारों के लिए मानवीय आधार पर विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर देश मे 21 दिन के लॉक डाउन की घोषणा के बाद यूपी के बागपत जिले में मलकपुर और गांगनौली गांव में ग्रामीणों ने आपसी रजामंदी से पूरे गांवों को सील कर दिया है। अगले 19 दिन तक गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति को गांव में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ग्रामीण मुनादी के जरिए और फोन पर लोगों को कोरोन वायरस से लड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
आगरा के फव्वारा दवा बाजार में गोले में खड़े होने के बाद ही लोगों को मिल रही है दवा। सभी लोग सामाजिक दूरी का कर रहे हैं पालन।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार-बार देशवासियों से घरों में रहने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील कर रहे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेता ही उनकी अपील को नजरअंदाज कर रहे हैं। फिरोजाबाद के भाजपा सांसद डॉ. चंद्रसेन जादौन भी ऐसी ही गलती कर बैठे। गुरुवार को भाजपा सांसद डॉ. चंद्रसेन जादौन जब मास्क बांटने जसराना पहुंचे तो प्रधानमंत्री मोदी की सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील को भूल गए। उनकी गाड़ी के आसपास लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ के बीच सांसद काफी देर तक मास्क बांटते रहे। न तो लोगों ने सामाजिक दूरी का ध्यान रखा और न ही सांसद ने खुद दूरी बनाई।
अलीगढ़ में आज सुबह लोगों के फोन में एक मैसेज आया जिसमें लिखा था कि सरकार द्वारा दिए जाने वाले राशन और आर्थिक सहायता का लाभ लेने के लिए सभी को कुछ जरूरी दस्तावेज लेकर नगर निगम आना है। इसके बाद लॉकडाउन के बावजूद 600-700 महिला-पुरुष भीड़ बनाकर निगम के दफ्तर पहुंच गए।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में नवरात्र के प्रथम दिन मेहड़ापुरवां में एक कथित दुर्गा देवी के वहां लगी भीड़ को हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम से लोग उलझ गए। दुर्गा देवी बनी महिला ने तलवार से एसडीएम और सीओ पर प्रहार कर दिया। संयोग ही रहा कि किसी को चोट नहीं लगी। बाद में पहुंची फोर्स ने कथित दुर्गा देवी के साथ ही 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया।
सदर कोतवाली के मेहड़ापुरवां में परिषदीय शिक्षक शिव प्रसाद यादव की पत्नी सुभद्रा देवी वर्षों से अंधविश्वास का धंधा चलाती है। दूर-दूर से महिला और पुरुष यहां आते हैं। उनको यहां ठीक करने का दावा किया जाता है। कई महिलाओं और लड़कियों को एक ही कमरे में बंद कर दिया जाता है।
बुधवार की सुबह जिला प्रशासन को सूचना मिली कि यहां काफी भीड़ है। एसडीएम दिनेश मिश्र और सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय के नेतृत्व में टीम वहां पहुंची। करीब 100 की संख्या में मौजूद महिला-पुरुषों ने विरोध शुरू कर दिया। दुर्गा देवी का रूप धारण की सुभद्रा देवी तलवार से इन लोगों पर वार कर दी। संयोग ही रहा कि तलवार किसी को लगा नहीं। बाद में पहुंची फोर्स ने कड़ाई कर 12 लोगों को पकड़ लिया।
कानपुर सहित आसपास के 13 जिलों उन्नाव, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, महोबा, बांदा, हमीरपुर, उरई में लॉक डाउन के दूसरे दिन भी सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ रही। राशन की दुकानों सब्जी मंडी और पूजन सामग्री की दुकानों पर लोग खरीदारी करते हुए नजर आए। कुछ इलाकों में लॉक डाउन की धज्जियां उड़ती नजर आई।
देश में बढ़ रहा है कोरोना संक्रमण के बढ़ते मरीजों को देखते हुए रेलवे के यार्ड में खड़े कोचों को अस्थाई अस्पताल बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रेलवे के एसी फर्स्ट और एसी 2 कोचों का इस्तेमाल किया जा सकता है। क्योंकि कोचों में लोवर बर्थ के अलावा टॉयलेट की भी सुविधा है, और इन्हें कहीं भी लाना ले जाना आसान है।