अब लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में भी कोरोना की जांच हो सकेगी और 30 मिनट में रिपोर्ट भी मिल जाएगी। गुरुवार को ट्रूनेट मशीन लगा दी गई है। अफसरों का कहना है कि दो से तीन दिन के भीतर जांच शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अस्पताल को विशेष मशीन मुहैया कराई गई है।
मालूम हो कि वर्तमान में बलरामपुर अस्पताल से कोरोना के जो भी संदिग्ध मरीज आते हैं उनके सैंपल जांच के लिए केजीएमयू भेजे जाते हैं। केजीएमयू में अन्य जगहों से भी सैंपल आते हैं। इसके चलते कोरोना की जांच रिपोर्ट अगले दिन ही आ पाती है। इससे मरीजों के इलाज में दिक्कत आती है।
इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले ही अस्पतालों में ट्रूनेट मशीन लगाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत गुरुवार को बलरामपुर चिकित्सालय में एक मशीन आ गई। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि मशीन चलाने के लिए चिकित्सा कर्मियों को प्रशिक्षित कराया जाएगा।