जिन मरीजों की आरटीपीसीआर जांच निगेटिव आई है, लेकिन सीटी स्कैन, एक्सरे और खून की जांच में कोविड-19 की पुष्टि होती है उनका इलाज कोविड हॉस्पिटल में किया जाएगा। इसके लिए कोविड अस्पताल में अलग से वार्ड बनाया जाएगा। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने सभी सीएमओ और अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को निर्देश जारी किया है।
दरअसल, विभिन्न स्थानों पर ऐसे मरीज मिल रहे हैं जिनकी आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव है लेकिन उनमें कोविड-19 के सभी लक्षण पाए गए हैं। ऐसे मरीजों की एक्सरे, सीटी स्कैन और खून की जांच में भी कोरोना की पुष्टि हो रही है। इन मरीजों को भर्ती करने में कई तरह की समस्याएं हैं। क्योंकि आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट निगेटिव होने से इन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा रहा है।
दूसरी तरफ कोरोना के लक्षण होने से सामान्य अस्पताल भी भर्ती करने से मना कर रहे हैं। ऐसे में इन मरीजों का ऑक्सीजन लेवल लगातार गिरता रहता है। इलाज के अभाव में कई मरीज दम भी तोड़ देते हैं। इस समस्या के निराकरण के लिए शासन ने इनका इलाज कोविड अस्पताल में करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी अस्पतालों में अलग से वार्ड बनाया जाएगा। इससे इन मरीजों को भी इलाज मिल सकेगा।
एक्सरे, सीटी स्कैन और ब्लड जांच में कोविड-19 की पुष्टि होने वाले मरीजों के इलाज में समस्या आने की जानकारी मिली है। इस समस्या के निराकरण के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। जल्द ही चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से भी इलाज संबंधी गाइडलाइन जारी की जाएगी।
- डॉ. डीएस नेगी, डीजी हेल्थ