एक ही दिन में कोरोना के 197 नए मामले
नोएडा में कोरोना के नए उप स्वरूपों की दहशत के बीच छह महीने बाद एक बार फिर रिकॉर्ड टूटा है। एक दिन में कोरोना के 197 नए मामले सामने आए हैं। इसमें 20 बच्चे शामिल हैं। लगातार बढ़ती संक्रमितों की संख्या देखकर नई लहर से निपटने की पुख्ता तैयारियों का दावा कर रहे अफसरों की नींद उड़ गई है। शुक्रवार को जनपद में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 750 पहुंच गई। हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की तलाश तेज कर दी है।
अस्पताल में भर्ती संक्रमितों की संख्या 27 हो गई है। वहीं, बीते 24 घंटों में 151 रोगी स्वस्थ हुए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने लोग से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की टीम होम आइसोलेशन में भर्ती मरीजों की सेहत की टीम निगरानी कर रही है। सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में सात मरीज भर्ती हैं।