करनैलगंज(गोंडा)। कोविड के टीकाकरण का चार गांवों में विरोध कर रहे लोगों को समझाने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। साथ ही गोंडा के भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह राजा भैया ने भी ग्रामीणों को टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया।
गुरुवार को करनैलगंज स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव गांव में 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों का रजिस्ट्रेशन व टीकाकरण कराने के लिए पहुंची तो ग्राम मसौलिया, बेलहरी, पचमढ़ी व कोनहटा में वैक्सीन लगाने का विरोध शुरू हो गया। टीम में आशा, आंगनबाड़ी, शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी थे। ग्रामीणों के विरोध को लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सीएचसी अधीक्षक को सूचना दी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा, खंड शिक्षा अधिकारी आरपी सिंह, बीसीपीएम सुरेंद्र यादव, वीपीएम संजय यादव स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांवों में पहुंचे। लोगों को टीकाकरण के बारे में बताया। साथ ही ग्राम मुसउदिया में गुड्डू सिंह के घर पर मौजूद गोंडा के भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने ग्राम मसूरिया के लोगों को गोविंद के टीके के प्रति जागरूक करते हुए लोगों को टीकाकरण कराने एवं सहयोग करने की अपील करते हुए टीका लगवाने के लिए कहा।
उन्होंने टीके के बारे में फैलाई जा रही भ्रांतियों एवं अफवाहों पर ध्यान न देकर विश्वास करने एवं अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। सांसद राजा भैया ने क्षेत्र के लोगों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया एवं घर घर जाकर लोगों को जागरूक किया। रजिस्ट्रेशन कराने एवं टीका लगवाने की लोगों से अपील की। डॉ. सुरेश चंद्रा ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर टीकाकरण भी कराया।