लखनऊ। मध्य कमान की ओर से छावनी में सैन्य नागरिक समन्वय बढ़ाने के लिए शनिवार को वित्तीय नियोजन कॉन्क्लेव ''समन्वय'' आयोजित किया गया। मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम रक्षा क्षेत्र के खर्च में सहयोग को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहा।
मुख्य वक्ता रक्षा सेवाओं के वित्तीय सलाहकार एसजी दस्तीदार, फाइनेंशियल प्लानिंग के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल उल्हास किरपेकर रहे, जिन्होंने सैन्य और नागरिक प्रतिष्ठानों के बीच तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया। मध्य कमान के सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने विभिन्न संस्थानों के बीच सहयोगात्मक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया। उद्घाटन मध्य कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मुकेश चड्ढा ने किया। पीआरओ ने बताया कि ''समन्वय'' एक वार्षिक पहल है, जिसका उद्देश्य वित्तीय मामलों में नागरिक और सैन्य अधिकारियों के बीच संबंधों को मजबूत करना है।