लखनऊ। एकेटीयू के 25 नवंबर को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विवि प्रशासन ने मेडल के लिए प्रस्तावित विद्यार्थियों के नाम जारी कर दिए हैं। इस पर विद्यार्थियों से आपत्तियां मांगी गई हैं। वहीं चांसलर गोल्ड मेडल की घोषणा बाद में की जाएगी। समारोह में 95 मेडल और 60 हजार डिग्री बांटी जाएंगी। मुख्य अतिथि के नाम पर मंथन चल रहा है। जल्द ही राजभवन को तीन नाम भेज जाएंगे।
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विवि में इस साल भी 16 ब्रांचों में मेरिट में सर्वाधिक नंबर पाने वाले तीन-तीन छात्रों को स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक दिए जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनुराग त्रिपाठी की ओर से वेबसाइट पर सत्र 2021-22 के फाइनल ईयर के विभिन्न पाठ्यक्रमों के ग्रुपवार शीर्ष 10 स्थान पाने वाले विद्यार्थियों की सूची जारी की गई है। उन्होंने बताया कि जारी मेरिट में समान वाईजीपीए प्राप्त करने वाले छात्रों में से नियमानुसार अंतिम वर्ष में ज्यादा वाईजीपीए प्राप्त करने वाले छात्रों को मेरिट सूची में ऊपर रखा गया है। उन्होंने बताया कि मेरिट को लेकर किसी को कोई आपत्ति है तो वह उनके कार्यालय को ई-मेल से चार नवंबर तक सूचित कर सकता है। इसके बाद अनंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। वहीं बीटेक में सर्वाधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी को चांसलर मेडल दिया जाएगा। इसकी घोषणा अनंतिम मेडल सूची के साथ जारी की जाएगी। समारोह में आईईटी, बीआईईटी, केएनआईटी, यूपीटीटीआई, आर्कीटेक्चर कॉलेज के तीन-तीन मेधावियों को भी मेडल दिए जाएंगे। जबकि सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज में पीजी में पांच ब्रांचों में बेस्ट थीसिस वाले पांच मेधावियों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा।
लविवि : चांसलर व चक्रवर्ती मेडल के आवेदन शुरू
लखनऊ। लविवि के 12 दिसंबर को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। दीक्षांत में दिए जाने वाले प्रमुख मेडल कुलाधिपति व चक्रवर्ती मेडल के लिए योग्य विद्यार्थियों की खोज शुरू हो गई है। विभागों व विद्यार्थियों से अलग-अलग आवेदन मांगा गया है। इनके इंटरव्यू के बाद फाइनल सूची जारी की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी की ओर से सभी डीन, प्रोवोस्ट, चीफ प्रोवोस्ट, प्रॉक्टर, एथलेटिक्स एसोसिएशन के चेयरमैन को पत्र भेजकर चांसलर गोल्ड मेडल के लिए रिकमंडेशन मांगी गई है। इसके लिए फर्स्ट डिवीजन पास, आखिरी परीक्षा में 50 फीसदी नंबर होने, अपने अन्य एकेडमिक रिकॉर्ड, फिटनेस प्रमाण पत्र आदि के साथ संस्तुति भेजनी होगी। इसकी सूचना नोटिस बोर्ड पर लगाकर 10 नवंबर तक भेजने को कहा है। वहीं डॉ. चक्रवर्ती गोल्ड मेडल के लिए कॉलेजों से भी संस्तुतियां मांगी गई हैं। यह गोल्ड मेडल विद्यार्थी की ओवरऑल परफार्मेंस के आधार पर दिया जाता है। इसके लिए सभी प्रोवोस्ट से भी संस्तुति देने को कहा गया है। विद्यार्थी अपने चीफ प्रोवोस्ट, डीन्स, प्रॉक्टर, चेयरमैन, निदेशक व प्राचार्यों के पास आवश्यक दस्तावेज के साथ आवेदन कर सकते हैं। इसकी संस्तुति भी 10 नवंबर तक देने को कहा गया है। बता दें कि डॉ. चक्रवर्ती गोल्ड मेडल के साथ ही विद्यार्थियों के एकेडमिक परफार्मेंस के आधार पर 10 ब्रोंज, दो सिल्वर मेडल भी दिए जाएंगे। इनकी सूचना बाद में जारी की जाने वाली मेडल सूची में जारी की जाएगी। बता दें कि पूर्व में बेस्ट एनसीसी कैडेट को दिए जाने वाले कुलपति गोल्ड मेडल के लिए आवेदन पहले ही मांगे जा चुके हैं।