प्रदर्शन करते अर्कवंशी समाज के लोग।
मलिहाबाद। मलिहाबाद में शुक्रवार दोपहर अर्कवंशी समाज के लोगों ने मल्हिया पासी स्मृति द्वार लगाने पर दोपहर को प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने पूर्व मंत्री कौशल किशोर और विधायक जयदेवी के खिलाफ नारेबाजी की। एसीपी मलिहाबाद सुजीत कुमार दुबे ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
अखिल भारतीय अर्कवंशी क्षत्रिय महासंघ/ट्रस्ट की अगुवाई में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे से शुरू हुए प्रदर्शन में शामिल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी सिंह अर्कवंशी ने कहा कि मलिहाबाद के मोहान तिराहे पर विधायक और उनके पति पूर्व मंत्री कौशल किशोर ने मल्हिय पासी स्मृति नामक द्वार लगाया है। द्वार में इतिहास को तोड़ मरोड़ कर दिखाया गया है। क्योंकि महाराजा मल्हिय सिंह अर्कवंशी समाज से आते हैं। इस बात से लेकर पूरे समाज में आक्रोश है।
उन्होंने विवादित द्वार को हटाने, सही ऐतिहासिक पहचान के साथ नया स्मृति द्वार लगाने, दोषियों पर कार्रवाई और महापुरुषों के नाम छेड़छाड़ रोकने की मांग की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एसडीएम अंकित कुमार को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने मामले का जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम चार बजे प्रदर्शन खत्म हो गया।
वहीं, इसी मामले को लेकर शुक्रवार दोपहर लगभग दस बजे सुहेलदेव समाज पार्टी के हरदोई के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह अर्कवंशी के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने माल थाना और हरदोई के अतरौली थाना की सीमा पर लोहिया पुल के पास धरना प्रदर्शन किया। दोनों थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर धरना प्रदर्शन समाप्त कराया। इस दौरान लगभग ढाई घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। कार्यवाहक थानाध्यक्ष मोहम्मद रोशन ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेकर उपजिलाधिकारी को देने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन करते अर्कवंशी समाज के लोग।
प्रदर्शन करते अर्कवंशी समाज के लोग।