शिवपाल यादव अपने बयानों को लेकर हमेशा से ही चर्चाओं में रहे हैं। अभी ताजा मामला साध्वियों के बच्चा पैदा करने से जुड़ा है। कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने हिंदुओं को ज्यादा बच्चे पैदा करने की सलाह पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल ने कहा, भाजपा से जुड़े नेता चार-चार बच्चे पैदा करने की बात तो कहते घूम रहे हैं, लेकिन क्या साध्वी भी ऐसा करेंगी? इस बयान के आते ही राजनीतिक हलको में बंवडर मच गया।
उन्होंने कहा, साध्वी प्राची हो या साक्षी महाराज या कोई और, किसी को भी इस तरह के बयान नहीं देना चाहिए। हिंदुओं से चार बच्चे पैदा करने के आह्वान करने की बातों की उन्होंने कड़ी निंदा की। शिवपाल सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने सात माह में कुछ नहीं किया। न काला धन वापस आया, न बेरोजगार युवकों को नौकरियां मिली और न ही चीन के कब्जे से जमीन छुड़ाई जा सकी।
मेहतनी अधिकारी रिश्वत ले सकते हैं
अभी कुछ दिनों पहले ही शिवपाल सिंह यादव रिश्वत से जुड़े अपने बयान की वजहों से चर्चाओं में आ गए थे। अपने विभाग के अधिकारियों को उत्साहित करने के लिए मंत्री शिवपाल सिंह यादव कह बैठे थे कि जो अधिकारी मेहनत के साथ काम करते हैं वह थोड़ा बहुत रिश्वत भी ले सकते हैं।
शिवपाल यादव ने कथित तौर पर अधिकारियों से कहा था कि अगर आप मेहनत करोगे तो थोड़ी बहुत चोरी कर सकते हैं। बुद्धि लगाओगे, अगर इन्हें मीठा पानी दोगे तो चोरी कर सकते हो।' उनके इस बयान की चौतरफा आलोचना हुई थी।
बाद में शिवपाल इस बात से मुकर गए। उन्होंने अपने इस पूरे बयान का दोष मीडिया पर डालते हुए कहा कि मीडिया ने इस पूरे मामले को तोड़ मरोड़ कर पेश किया है। साथ ही उन्होंने खुद को लेकर की जा रही राजनीतिक साजिश की तरफ भी इशारा किया था।
शादी कराएंगे बीजेपी नेता
धर्मांतरण मसले पर भी शिवपाल सिंह का एक बयान अतिचर्चित रहा है। उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने धर्मांतरण को लेकर देवरिया में विवादित दिया था। देवरिया के सलेमपुर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए धर्मान्तरण को लेकर शुरू हुए विवाद के लिए भाजपा को दोषी बताया तथा कहा मैं भाजपा नेताओं से पूछना चाहता हूँ कि वे जिन लोगों का धर्मान्तरण करा रहे हैं क्या उनसे बेटियों की शादी भी करेंगे।
समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो मुलायम सिंह के अनुज तथा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव इतने पर ही नहीं रूके। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के नेता धर्मांतरण करने वाले लोगों से अपनी बेटियों की शादी नहीं कर पाते हैं तो धर्मांतरण को लेकर उनका दावा ढकोसला है।
गाय को बचाएं, नीलगाय खा जाएं
शिवपाल सिंह यादव सिर्फ राजनीतिक विषयों पर ही बयानबाजी नहीं करते। एक सभा में उन्होंने गाय और नीलगायों पर भी ऐसी बात की जो बाद में विवादित हो गई।
शिवपाल सिंह यादव ने मैनपुरी में अपने भाषण के दौरान कहा कि वो गाय को बचाएं और इसके बदले नीलगायों को मारें व उनका कवाब खाएं।
शिवपाल ने कहा कि गायों की हत्या न करें, वो नीलगाय से कम हैं... नीलगाय को कोई भी मार सकता है। कबाब के रूप मे उनका स्वाद अच्छा होता है’ पशु प्रेमी यूपी के इस कद्दावर मंत्री के बयान से खासे गुस्से में हैं।
मालूम हो कि नियम के मुताबिक नीलगाय को डीएम के आदेश के बगैर नहीं मारा जा सकता है। शिवपाल के इस बयान की भी खूब आलोचना हुई।