चारबाग रनिंग रूम में ठेकेदार के गुर्गों ने रेलकर्मियों को पीटा
लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री पर बने रनिंग रूम में बृहस्पतिवार को रेलकर्मियों को रनिंग रूम के ठेकेदार के कर्मचारियों ने लाठी-डंडों से दौड़ाकर पीटा। रनिंग रूम में रुके मुरादाबाद के रेलकर्मी अपना राशन देकर कर्मचारियों से पसंद का खाना बनाने की मांग कर रहे थे, जिस पर झगड़ा हुआ। घटना में कई रेलकर्मी घायल हुए हैं। नाराज रेलकर्मियों ने प्रदर्शन भी किया। मामले का वीडियो वायरल हुआ है।
घटना की जानकारी पर उत्तर रेलवे के आला अफसर व नाॅर्दर्न रेलवे मेन्स यूनियन के शाखा मंत्री अवधेश पांडेय भी पहुंचे। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरपीएफ की तैनाती की भी मांग की है। उनका दावा है कि ठेकेदार विजय सिंह ने माफी मांगी है। इसके अतिरिक्त सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि सीनियर डीईई आरएसओ संजीत कुमार सिंह और एडीआरएम सचिन वर्मा मौके पर गए थे। जिन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा जांच के आदेश दिए।