लखनऊ। गोसाईंगंज के कासिमपुर बिरुहा स्थित सफायर रॉयल रेजीडेंसी निवासी आशीष राज सिंह को जालसाजों ने होटल के कमरे में बंधक बना लिया। पुलिस के मुताबिक इसके बाद उनके खाते से करीब 60 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने रोहित, जीशान व अन्य अज्ञात के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर कराई है।
इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक रेलवे में ठेकेदार आशीष ने बताया कि वह राजपूताना शक्ति इंटरनेशनल एलएलपी के गोरखपुर स्थित आईसीआईसीआई बैंक खाते में लेनदेन के लिए अधिकृत हैं। 23 अक्तूबर 2025 को उन्हें ईमेल मिला। मेल भेजने वाले ने अपना नाम जीशान बताते हुए कहा कि वह ट्रेडिंग कंपनी चलाता है। उसने आशीष से कहा कि वह अपनी कंपनी से उनके खाते में निवेश कर रकम जमा करेंगे और फिर निकालेंगे। खाते के जरिये निवेश पर उन्हें 12 प्रतिशत लाभ मिलेगा।
अगले दिन रोहित नामक व्यक्ति ने खुद को जीशान की कंपनी का वरिष्ठ कार्यकर्ता बताकर फोन पर भरोसा दिलाया। तीन नवंबर को मुलाकात के दौरान आरोपी ने बैंक कर्मचारी के रूप में पहचान पत्र और दस्तावेज दिखाए।
आरोप है कि पांच को रोहित ने आशीष को खुर्दही बाजार स्थित होटल क्राउन प्लाजा बुलाया। वहां कमरा संख्या 1007 में ले जाकर मोबाइल फोन बंद रखने और किसी से संपर्क न करने के लिए कहा गया। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित से आईसीआईसीआई में कारपोरेट खाते के डेबिट कार्ड, एटीएम कार्ड, चेकबुक, ईमेल आईडी की जानकारी और सिम कार्ड ले लिया। खाते से संबंधित जानकारी भी ले ली।
पीड़ित का आरोप है कि बंधकर बनाए रखने के दौरान उनके खाते से संदिग्ध ट्रांजेक्शन किए गए। आरोपियों ने बीच-बीच में उनका वीडियो बनाकर किसी को भेजा और जान से मारने की धमकी भी दी। छह नवंबर को जब आरोपियों ने छोड़ा तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से लाखों के लेनदेन हुए। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।