लखनऊ। परिवहन निगम में कई संविदा चालक और परिचालक लंबे समय से ड्यूटी से गायब हैं। ऐसे कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी है। कई संविदाकर्मी तो ऐसे हैं जो जिन्हें बार-बार नोटिस देकर बुलाया जा रहा है, इसके बावजूद वे दो-दो साल से नौकरी पर नहीं लौटे हैं।
एमडी पीएन सिंह ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को लापता चालकों और परिचालकों की लिस्ट तैयार करने और आखिरी नोटिसी भेजने का निर्देश दिया है। नोटिस का जवाब ने देने पर ऐसे कर्मचारियों को निकाला जाएगा। इससे लापरवाही या अन्य कारणों से नौकरी गंवाने वाले संविदा व आउटसोर्स कर्मियों की बड़ी संख्या में बहाली हो सकती है।
वहीं, ऑर्बिट्रेशन की समिति में बदलाव करने के बाद लंबित प्रकरणों को जल्द निपटाने के भी आदेश दिए गए हैं। खुद को निर्दोष साबित करने के लिए नौकरी गंवाने वाले कर्मियों ने ऑर्बिट्रेशन में अर्जी दी है लेकिन समिति में अफसरों की कमी से सुनवाई नहीं हो पा रही थी। अब इस समिति में सदस्यों की संख्या में बदलाव किया गया है। पहले समिति में पांच सदस्य होते थे लेकिन बदलाव के बाद इसमें तीन सदस्य ही होंगे।