उत्तर प्रदेश के बिजली मंत्री श्रीकांत शर्मा
- फोटो : ट्विटर
बिजलीकर्मियों को स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से लिखित फीडबैक लेना होगा। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद की मांग पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक को इसके निर्देश दिए हैं।
परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने शक्ति भवन में ऊर्जा मंत्री से मिलकर मांग की कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से फीडबैक लेते समय उनका लिखित मत दर्ज कराया जाए। साथ ही जन्माष्टमी पर बत्ती गुल होने, भार जंपिंग, मीटर तेज चलने जैसे मामलों जांच रिपोर्ट दबाकर दोषियों पर कार्रवाई न करने का मामला उठाया।
इस पर ऊर्जामंत्री ने प्रबंध निदेशक को फीडबैक लेने के दौरान उनसे समस्या से संबंधित फार्म भरवाने को कहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्मार्ट मीटर प्रकरण में कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। देश में पहली बार यूपी में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के घर जाकर उनसे फीडबैक लिए जाने का आदेश जारी किया गया है।