आशियाना की भदरुख चावल मंडी में वर्चस्व की जंग में तीन हमलावरों ने गल्ला मंडी के ठेकेदार सचिन शुक्ला (27) को गोलियों से उड़ा दिया।
सपा से जुड़े सचिन की हत्या में बसपा नेता पप्पू द्विवेदी उसके समर्थको और भतीजों पर हत्या का आरोप लगाया है। इसके पहले भी पप्पू द्विवेदी के भतीजों पर कातिलाना हमले का मामला दर्ज हुआ था।
भदरुख निवासी ठेकेदार सचिन रविवार रात 8:45 बजे अपने दो दोस्तों के साथ बंगला बाजार पुल के पास पान की गुमटी के सामने खड़ा बीयर पी रहा था।
इस बीच सिल्वर कलर की एवेंजर बाइक से उतरे तीन हमलावरों ने पिस्टल से उस पर गोली बरसानी शुरू कर दी। तीन गोलियां लगते ही सचिन चीखते हुए गिर पड़ा। उसके दोनों दोस्त अपनी जान बचाकर भाग निकले।