लखनऊ। केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा निर्माण कार्य मरीजों के लिए मुसीबत बन गया है। धूल, गर्दा और लटकते बिजली के तारों से मरीजों को परेशानी हो रही है। मुख्य गेट बंद होने से मरीजों को रैंप के रास्ते कैजुअल्टी भेजा जा रहा है।
फॉल्स सीलिंग की मरम्मत के नाम पर मरीजों की सुरक्षा खतरे में है। छत से झूलते तारों से कभी भी हादसा हो सकता है। मरम्मत का काम भी धीमी गति से चल रहा है। ट्रॉमा सेंटर में 400 बेड हैं। यहां हर दिन करीब 200 से अधिक मरीज आते हैं। निर्माण के कारण लिफ्ट के सामने बरामदे में दर्जनों मरीज स्ट्रेचर पर पड़े हैं।
कैजुअल्टी में प्राथमिक इलाज के बाद मरीजों को वार्ड में समय पर भर्ती नहीं मिल रही है। लिहाजा, मरीजों को घंटों स्ट्रेचर पर ही इंतजार करना पड़ रहा है। तीमारदारों का कहना है कि खुले तारों से हादसा होने पर गंभीर मरीजों को सुरक्षित निकालना मुश्किल होगा। केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि निर्माण के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं।