लखनऊ। दिन का कोरोना कर्फ्यू खत्म होते ही भवन निर्माण का काम शुरू हो गया है। इससे मांग बढ़ने के कारण मौरंग, बालू, गिट्टी, सीमेंट के दाम बढ़ने लगे हैं, जबकि सरिया पहले से ही महंगा था। मौरंग में 20 रुपये फुट तो बालू में 5 रुपये फुट की बढ़ोतरी हो चुकी है। सरोजनी नगर के कारोबारी अभिषेक पांडेय बताते हैं कि कोरोना कर्फ्यू में भवन निर्माण के मिस्त्री और कामगार गांव चले गए थे। इससे छोटे-बड़े निर्माण कार्य बंद होने से मौरंग, बालू, सीमेंट व गिट्टी की खपत घटने से इनके दाम भी घट गए थे।
धीरे-धीरे बढ़ेंगे दाम
उत्तर प्रदेश सीमेंट व्यापार संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम मूर्ति गुप्ता ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू खत्म होते ही आशियाना बनाना महंगा हो गया है। निर्माण सामग्री के दाम अब धीरे-धीरे फिर से बढ़ेंगे।
इसलिए बढ़े लोहे के दाम
लखनऊ लोहा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विशाल अग्रवाल ने कहा कि कर्फ्यू काल में कंपनियों को ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित होेने से औद्योगिक इकाइयों में लोहे के आइटम सरिया, पाइप, पटिया, एंगल, प्रोफाइल चादर, कूलर चादर आदि का प्रोडक्शन प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही प्रोडक्शन कॉस्ट भी बढ़ी है। इसलिए उद्यमियों ने लोहे के आइटम के दाम बढ़ा दिए हैं।
कोरोना कर्फ्यू से पहले व अब कीमत
सरिया 58-60 62-65
पाइप 82-85 90-95
एंगिल 58-60 62-65
चादर 110-112 120-122
कूलर चादर 95-100 105-110
पटिया 58-60 62-65
(कीमत रुपये प्रति किलो में)
---------------------------
आइटम कर्फ्यू में अब
सीमेंट लोकल 360 365
सीमेंट ब्रांडेड 390 395
बालू प्रति फुट 15 20
मौरंग प्रति फुट 40 60
गिट्टी प्रति फुट 50 60