मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या में मंदिर था, मंदिर है, और मंदिर रहेगा, इसमें कोई संदेह किसी को नहीं है। रामलला के दर्शन करने लोग आते हैं। मैं भी अयोध्या आता हूं तो भरसक प्रयास करता हूं कि रामलला के दर्शन कर लूं।
रामलला जहां विराजमान हैं वहां भव्य स्वरूप देने की लोगों की मांग है। उस मुख्य स्वरूप के बारे में सरकार भी अपने स्तर पर प्रयास कर रही है। इसका कोई न कोई सकारात्मक हल बहुत ही शीघ्र निकलेगा।
कहा कि तमाम प्रकार के विकल्प हमारे सामने खुले हैं। भारत की संवैधानिक व्यवस्था पर हम सबका विश्वास है। संवैधानिक दायरे में रहकर इस समस्या का समाधान होकर रहेगा। साधु-संतों की नाराजगी के सवाल पर कहा कि साधु-संत हमारे साथ हैं।
दीपोत्सव समारोह में अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सरयू तट स्थित राही यात्री निवास में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने अयोध्या के दीपोत्सव कार्यक्रम को देश व दुनिया के सामने सकारात्मक दृष्टि से प्रस्तुत करने के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया। कहा कि अयोध्या सात पावन नगरियों में एक है।
जो प्रत्येक सनातन हिंदू धर्मावलंबी के लिए परम आदर और श्रद्धा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु है। इसलिए हमारा प्रयास है कि अयोध्या की धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को एक सकारात्मक तरीके से देश व दुनिया के सामने रख सकें।
दीपोत्सव में कोरिया ने अपना प्राचीन आत्मीय संबंध अयोध्या से जोड़कर जो नया आयाम दिया है, वह अभिभूत करने वाला है। अयोध्या की सकारात्मक तस्वीर देश व दुनिया के सामने लगातार रहे इसके बारे में बहुत सारी योजनाएं बनाई हैं। उन योजनाओं को व्यवहारिक धरातल पर उतारने के लिए कई स्थलों का सर्वे किया जा चुका है, इस पर कई टीम कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अयोध्या के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ अयोध्या व देश की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है। हमारा प्रयास है कि अयोध्या दुनिया की एक बेहतरीन नगरी के रूप में प्रस्तुत हो। न केवल अयोध्या, बल्कि उसके आसपास के क्षेत्र, पंचकोसी, चौदहकोसी का विकास होगा।
सरयू की अविरलता, निर्मलता के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। राम की पैड़ी की जलधारा अविरल हो इसके लिए सरयू में डैम बनाकर हरिद्वार की तर्ज पर राम की पैड़ी विकसित की जाएगी। जिससे सरयू का पवित्र व निर्मल जल राम की पैड़ी में आ सके, इसके लिए आदेश दिया जा चुका है।
उन्होंने माता कौशल्या के नाम पर अयोध्या में निराश्रित, विधवा महिलाओं और अनाथ बच्चों के लिए एक सदन बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जितनी जल्दी भूमि की उपलब्धता होगी उतनी जल्दी हम इस पर कार्य प्रारंभ कराएंगे।
दशरथ के नाम पर मेडिकल कॉलेज व भगवान श्रीराम के नाम पर अयोध्या में एयरपोर्ट बनाने का भी एलान किया। इस दौरान महंत सुरेश दास, पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती, डॉ. राघवेश दास वेदांती, सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेद गुप्ता, विधायक बाबा गोरखनाथ, विधायक शोभा सिंह चौहान, अपर मुख्य सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी, डीएम डॉ.अनिल पाठक सहित अन्य मौजूद रहे।