सिपाही भर्ती जनवरी 2018 का परिणाम जल्द जारी होगा। इसके लिए भर्ती बोर्ड की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह के अंत तक अंतिम चयन सूची जारी कर दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के चेयरमैन राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जनवरी 2018 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। महिला अभ्यर्थियों की वजह से थोड़ी देरी हो रही थी, लेकिन इनकी संख्या भी अब पूरी हो चुकी है। अंतिम चयन सूची क्षैतिज और लंबवत आरक्षण के आधार पर तैयार की जा रही है।
14 जनवरी 2018 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने सिपाही के 41,520 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। इसमें 23,520 पद नागरिक पुलिस और 18 हजार पद पीएसी के थे। इसके लिए 25 और 26 अक्तूबर को ऑफलाइन लिखित परीक्षा हुई थी। इसके बाद से लगातार दस्तावेजों का सत्यापन और शारीरिक परीक्षण व दौड़ आयोजित की गई। यह प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।