लखनऊ। बिजली विभाग में तैनात सिपाही अभिषेक सिंह को बिटक्वाइन में निवेश कराने के नाम पर साइबर जालसाजों ने 13.33 लाख रुपये ठग लिए हैं।
देवरिया के देवसिया बांगर निवासी अभिषेक सिंह इंदिरानगर के शक्तिनगर में रहते हैं। उनके मुताबिक 13 जनवरी को एलेना बख्शी नाम की महिला ने व्हाट्सएप पर संपर्क किया। उसने फ्लिपकार्ट में बिटक्वाइन से निवेश करने पर मुनाफा दिलाने की बात कहकर लिंक भेजा।
लिंक में अनाहिता ग्रेस नाम की महिला की आईडी खुली। एक हजार निवेश पर 1,300 रुपये मिले। दोबारा 6,500 निवेश करने पर 7,150 रुपये मिले। इसके बाद अर्जुन सिंह ने V.I.P PREMIUM GROUP से जोड़ दिया। इसके बाद 14 अलग-अलग खातों में 13.33 लाख रुपये निवेश कराए।
रुपये निकालने पर नहीं निकले। जालसाजों से संपर्क किया तो आरोपियों ने 6.65 लाख रुपये मांगे। ठगी का अहसास होने पर अभिषेक ने 21 जनवरी को साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।