कृष्णानगर की विजयनगर पुलिस चौकी में शुक्रवार को एक सिपाही ने महिला से अभद्रता करते हुए गालीगलौज की। सिपाही की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद आरोपी सिपाही को निलंबित कर विभागीय जांच का आदेश दिया गया है।
सरोजनीनगर कोतवाली में तैनात सिपाही रंजन प्रताप सिंह और एक महिला के बीच मकान के बकाया किराये को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को दोनों पक्षों को विजयनगर चौकी बुलाया गया। चौकी के अंदर महिला ने सिपाही से अपना सामान लौटाने को कहा। इस पर पुलिसकर्मियों के सामने ही सिपाही रंजन ने महिला से अभद्रता व गालीगलौज शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने सिपाही को शांत करने का प्रयास किया पर वह नहीं माना। चौकी में हुई इस घटना का वीडियो देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। एडीसीपी साउथ शशांक सिंह ने बताया वीडियो के आधार पर गाली- गलौज कर रहे सिपाही रंजन प्रताप सिंह को डीसीपी साउथ ने निलंबित करते हुए विभागीय जांच का आदेश दिया है।
ये भी पढ़ें - राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा: लखनऊ के होटलों में 20 से 23 जनवरी तक नहीं होगी एडवांस बुकिंग, नहीं बढ़ेगा किराया
ये भी पढ़ें - यूपी: सवा साल में सातवीं बार माफिया मुख्तार अंसारी को सजा, 21 अलग-अलग मामलों में सुनवाई अभी जारी
विवाद की यह है वजह
सिपाही रंजन का कृष्णानगर के अलीनगर सुनहरा में मकान है। जहां आशियाना सेक्टर-एम निवासी महिला 23 मार्च 2023 में किराए पर रहती थी। छह हजार रुपये प्रतिमाह किराया तय हुआ था। मगर समय पर किराया नहीं मिला। तगादा करने पर महिला ने परेशानी का हवाला दिया। फिर मकान खाली करके चली गई। उसका कुछ सामान सिपाही ने अपने घर में रोक लिया था। सिपाही व उसकी पत्नी ने किराये के बकाया 86 हजार रुपये मिलने के बाद सामान देने की बात कही थी, लेकिन महिला ने रुपये नहीं दिए। 27 सितंबर को सिपाही की पत्नी लवली सिंह ने कृष्णानगर कोतवाली में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच में आरोप सही मिले थे और पुलिस ने केस में महिला के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी।