उन्नाव की रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग के लिए समर्थन जुटाने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान चलाने का फैसला किया है। इस प्रदेश व्यापी अभियान का शुभारंभ शनिवार को होगा, जो छह अगस्त तक चलेगा।
यह जानकारी देते हुए कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा उठाए गए कदम से पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद तो जगी है, लेकिन जिस तरह से सरकार आरोपी विधायक समेत अन्य आरोपियों को संरक्षण दे रही है, उससे तो यही लगता है कि जब तक विधायक को तिहाड़ जेल नहीं भेजा जाता, तब तक पीड़िता व उसके परिजनों की जान को गंभीर खतरा बना रहेगा।
पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस की महासचिव द्वारा शुरू किए गए संघर्ष के तहत प्रदेश कांग्रेस भी आम जनता का समर्थन जुटाएगी, जिसके लिए प्रदेश भर में तीन दिन तक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।
अजय कुमार ने बताया कि अभियान में आरोपी विधायक को तिहाड़ जेल में स्थानांतरित करने, घायल पीड़िता और वकील की उच्च स्तरीय इलाज की व्यवस्था करने, विधायक की सदस्यता निरस्त करने, पीड़िता के परिवार को एक करोड़ रुपये व वकील के परिवार को आर्थिक मदद देने और पीड़िता के चाचा को एक महीने के लिए पैरोल पर रिहा करने की मांग से लोगों को अवगत कराया जाएगा।