रायबरेली में विधायक अदिति सिंह समेत कई जिला पंचायत सदस्यों पर हुए हमले की घटना के विरोध में कांग्रेसियों ने राज्यपाल को ज्ञापन दिया। उनसे अविश्वास प्रस्ताव की तिथि दुबारा तय करवाने और हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
राज्यपाल से मुलाकात के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजबब्बर ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई हारने पर भाजपा हिंसा पर आमादा हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्यपाल को 13 मई को ही पत्र भेजकर अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के दौरान हिंसा की आशंका जता दी थी।
कांग्रेस ने जिला प्रशासन पर प्रदेश सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए रायबरेली के डीएम और एसपी को तत्काल हटाने की मांग भी की है।
विज्ञापन
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजबब्बर ने कहा कि रायबरेली की घटना गंभीर है। इसके पीछे की वजह यह है कि जब भाजपा को लगता है कि वह राजनीतिक लड़ाई हार रहे हैं, तो वे हिंसा पर उतर आते हैं।
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए 14 मई की तारीख तय की थी। 52 में से 31 जिला पंचायत सदस्यों ने मांग की थी कि वे वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष पर भरोसा नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान करने से सदस्यों को रोकने के लिए यह हमला करवाया गया था। क्योंकि, सभी जानते हैं कि एक बार अविश्वास प्रस्ताव पर निर्णय न होने पर अगले एक साल तक इसे दुबारा नहीं लाया जा सकता है।
राजबब्बर ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह के भाई दिनेश सिंह रायबरेली से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी हैं। एमएलसी भी हैं। उन्होंने स्थानीय पुलिस व प्रशासन की मदद से सदस्यों को वोट करने से रोका। इसकी आशंका कांग्रेस ने पहले ही जता दी थी।
यह लोकतंत्र की हत्या है। हम लोकतंत्र को ऐसे हाथों में नहीं जाने देंगे, जो चुने हुए प्रतिनिधियों पर हमला करते हों। राजबब्बर ने कहा कि विधायक अदिति सिंह और जिला पंचायत सदस्यों पर हमला करने वालों को सजा दिलवाने के लिए कांग्रेस सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।
राजबब्बर ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि राज्यपाल मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेंगे। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा कि चुनी हुई विधायक के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। हम इसे बिल्कुल भी हल्के में नहीं ले रहे हैं। पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सांसद संजय सिंह भी मौजूद रहे।
सूचना के बावजूद डीएम-एसपी ने नहीं किए सुरक्षा के इंतजाम : अदिति
अदिति सिंह ने कहा कि हम लोग समूह में जिला पंचायत सदस्यों के साथ वोट देने जा रहे थे। हमें पहले ही हमले की आशंका थी, जिसके बारे में जिला प्रशासन को एक दिन पहले भी सूचना दी थी। लेकिन, हमारी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया गया।
उन्होंने डीएम और एसपी को तत्काल हटाने की मांग की। अदिति ने कहा कि टोल टैक्स बूथ पर हमेशा 100 नंबर गाड़ी खड़ी रहती है, जो हमले के वक्त नहीं थी। अदिति ने कहा, मेरे पिताजी का 30 साल का राजनीति करियर रहा, पर उन्होंने कभी भी इस तरह का व्यवहार नहीं किया।
एक जिला पंचायत अध्यक्ष को हटाने से रोकने के लिए सदस्यों को पर हमला किया जा रहा है। मामले की सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच होनी चाहिए। अदिति ने एमएलसी दिनेश सिंह समेत सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कहा, मुझे और सभी जिला पंचायत सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराई जाए।