फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दरकते किलों को बचाने के लिए कांग्रेस ने झोंकी ताकत

Sun, 27 Apr 2014 08:54 AM IST
शोभित श्रीवास्तव/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
अवध क्षेत्र की 13 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है लेकिन इस बार पार्टी को अपने किले दरकते हुए नजर आ रहे हैं। लिहाजा शीर्ष नेतृत्व ने पूरी ताकत झोंक दी है। चौथे व पांचवें चरण की 29 लोकसभा सीटों में 13 सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं।
विज्ञापन


ऐसे में पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की पूरी फौज इसी गढ़ को बचाने के लिए उतार दी है। इनमें बॉलीवुड के सितारों से लेकर गढे़ हुए राजनीतिज्ञ तक शामिल हैं।

सूबे में चौथे व पांचवें चरण के लोकसभा चुनाव अवध में हो रहे हैं। इनमें कांग्रेस के पास करीब आधी सीटें हैं।

अवध के इस क्षेत्र में कांग्रेस वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में काफी मजबूती से आई थी।
Trending Videos

प्रचार में जुटे स्टार प्रचारक

अब कांग्रेस की रणनीति यही है कि अपने इस किले को हर कीमत पर बचाया जाए। इसके लिए उसने अपनी पूरी टीम यहां उतार दी है।

इसी रणनीति के तहत कांग्रेस ने सबसे पहले अपने केंद्रीय मंत्रियों को लखनऊ भेजा। पिछले पांच दिनों से पार्टी ने अपने मंत्रियों व प्रमुख नेताओं को राजधानी बुलाकर न सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस कराई बल्कि आस-पास के इलाकों में प्रचार भी करवाया।

केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह, गुलाम नबी आजाद व के रहमान खान व अभिषेक मनु सिंघवी जैसे नेताओं की कई सभाएं भी लगाई गई हैं।

राहुल गांधी ने अपनी युवा टीम के साथी ज्योतिरादित्य सिंधिया व सचिन पायलट को भी उत्तर प्रदेश के अवध क्षेत्र में प्रचार करने की जिम्मेदारी दी है। राहुल व सोनिया गांधी तो जगह-जगह  सभाएं कर ही रहे हैं।

इन सीटों को बचाने की चुनौती

सन 2009 में इन 13 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की हैं। अब इन्हें फिर से बचाने के लिए कांग्रेस ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है।

ये सीटें हैं- धौरहरा, उन्नाव, रायबरेली, कानपुर, झांसी, बाराबंकी, अमेठी, सुलतानपुर, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज, श्रावस्ती व गोंडा।

इन क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए राहुल गांधी ने अभी लखनऊ में रोड शो भी किया था। जिसमें उन्हें भारी जनसमर्थन मिला।

माना जा रहा है कि कांग्रेस के लिए इन 13 सीटों को बचाना भले ही मुश्किल हो लेकिन भाजपा के लिए भी यहां जीत दर्ज करना आसान नहीं है।

केंद्रीय मंत्री और अभिनेता भी प्रचार में

कांग्रेस के गढ़ को बचाने के लिए केंद्रीय मंत्रियों के अलावा अभिनेता भी प्रचार कर रहे हैं।

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, नगमा, अमीषा पटेल, राजबब्बर, आनंद शर्मा, दिग्विजय सिंह, गुलाम नबी आजाद हैं।

इसके अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, सलमान खुर्शीद, बेनी प्रसाद वर्मा, कपिल सिब्बल, राजीव शुक्ला व उमर अब्दुल्ला।
विज्ञापन

पार्टी ने पूरी ताकत झोंकी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता आरपी सिंह का कहना है कि पार्टी ने अपनी पूरी शक्ति अवध क्षेत्र में लगा दी है।

यहां पर केंद्रीय मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं के साथ ही स्टार प्रचारकों की पूरी फौज लगाई गई है। सचिन पायलट, ज्योतिरादित्य सिंधिया व उमर अब्दुला भी यूपी में आकर प्रचार करेंगे। शीघ्र ही इनके कार्यक्रम लगाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि देश भर में पार्टी के खिलाफ बने माहौल के कारण कांग्रेस यहां कोई मौका नहीं लेना चाहती है।

विश्लेषकों के अनुसार अभी तक तीन चरणों में हुए मतदान में कांग्रेस पिछड़ती हुई ही नजर आ रही है, जो पार्टी के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें