काकोरी पहुंचा कांग्रेस विधि विभाग का प्रतिनिधिमंडल, की पीड़ित रामाल से मुलाकात।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कांग्रेस विधि विभाग का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार दोपहर अधिवक्ता आसिफ रिजवी रिंकू के नेतृत्व में काकोरी पहुंचा और रामपाल रावत से मुलाकात की। आसिफ रिजवी ने उनसे कहा किसी भी विधिक सहायता की जरूरत पड़े तो कांग्रेस विधिक प्रकोष्ठ एक फोन पर हाजिर रहेगा। उन्होंने कहा कि संविधान देश के हर नागरिक को बराबरी का अधिकार देता है उसे कोई नहीं छीन सकता। प्रतिनिधिमंडल में शामिल राजेश विद्यार्थी ने रामपाल के पैर छूकर कहा कि समाज पर हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत से लड़ेगी। वहीं सेंट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष अक्षय कटिहार ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार में दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं और कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
रामपाल रावत के पोते संतोष ने बताया कि कुछ दिन पहले पीड़ित के साथ मंदिर परिसर में अमानवीय व्यवहार किया गया था। आरोपी को पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती करवा रखा है।