कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजब्बर
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कांग्रेस को जल्द ही नया अध्यक्ष मिलेगा। इसके लिए अंदरखाने उपयुक्त नेता की तलाश शुरू हो चुकी है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी हाईकमान ने किसी ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाने का मन बना लिया है। सूत्रों की मानें तो महीने भर के भीतर इस रणनीति को अमली जामा पहना दिया जाएगा।
पार्टी सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने और अधिक समय तक इस पद पर बने रहने को लेकर अपनी अनिच्छा जाहिर कर दी है। वे पार्टी में स्टार प्रचारक की राष्ट्रीय भूमिका में रहना चाहते हैं, जिस पर हाईकमान ने सहमति भी जता दी है।
माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें विभिन्न राज्यों में जनसभाओं की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इस तरह एक अच्छे अभिनेता के रूप में उनकी पहचान के चलते सभाओं में भीड़ जुटाना भी आसान होगा।
पार्टी हाईकमान ने यह तो तय कर लिया है कि यूपी में राज बब्बर के स्थान पर किसी ब्राह्मण चेहरे को बैठाया जाएगा, पर इस चेहरे की तलाश अभी पूरी नहीं हुई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का नाम आगे चल रहा है, पर पार्टी सूत्रों का कहना है कि वाराणसी से लोकसभा सांसद रहे राजेश मिश्रा के नाम पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
राजेश अभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। वहीं राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी भी इस पद की दौड़ में शामिल बताए जाते हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने के अनुरोध के साथ बताया कि चैत्र नवरात्र में नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा होने की उम्मीद है। अगर किसी कारण से ऐसा नहीं हो सका तो अधिकतम एक माह के भीतर नए अध्यक्ष की घोषणा हर हाल में हो जाएगी।